- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News The Swimming Pool Was To Be Renovated In July If Sports Organizations Raised The Demand Now The Corporation Woke Up
जुलाई में शुरू करना था स्वीमिंग पूल का जीर्णोद्धार खेल संगठनों ने मांग उठाई तो अब जागा निगम
कोठी रोड़ स्थित नगर निगम के स्वीमिंग पूल का जीर्णोद्धार 8 महीने में भी नहीं किया जा सका। अब जब गर्मी का सीजन आया और खेल संगठनों मांग उठी तो नगर निगम फिर से इसके जीर्णोद्धार की बात कर रहा है। बताया जाता है कि 2 करोड़ रुपए खर्च कर स्वीमिंग पूल के नव निर्माण कराया जाएगा।
मई-जून 2018 में नगर निगम के तरणताल के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव नगर निगम की बैठक में आया था। पूर्व में इसमें हुए हादसों को देखते हुए इसकी गहराई कम करने पर विचार किया गया। दिसंबर 2018 में निगम इसके नव निर्माण का कार्य शुरू करने वाला था लेकिन गर्मी के सीजन को देखते हुए ठहराव हो गया। तय हुआ कि गर्मी बीतने के बाद मई-जून में जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। काम शुरू करने के लिए नगर निगम ने गर्मी खत्म होने से एक माह पहले ही स्वीमिंग पूल बंद कर दिया था। बावजूद इसके नगर निगम अब तक इसके विकास कार्य को शुरू नहीं कर पाया है। जिला ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण वशिष्ठ एवं सचिव स्वामी मुस्कुराके ने बताया कोठी रोड़ स्थित स्वीमिंग पूल फ्रीगंज सहित ऋषिनगर नगर, महाशक्ति नगर, व्यास नगर, दशहरा मैदान और देवास रोड़ की कॉलोनियों के रहवासियों के लिए सुविधाजनक होता है। मार्च के दूसरा सप्ताह तक कुछ बच्चों की परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। अप्रैल तक अधिकांश बच्चों की परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। ये बच्चे गर्मी के सीजन में तैराकी का प्रशिक्षण लेते हैं इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग तैराकी करने पहुंचते हैं। गर्मी के सीजन में ही तैराकी के नए खिलाड़ी तैयार होते हैं। नगर निगम पूरे साल तो स्वीमिंग पूल चालू नहीं रखता गर्मी के सीजन में भी हर साल खेल संगठनों को मांग करना पड़ती है। इस बार अधिकारियों का रूख इसे चालू करने का नहीं दिख रहा है। हालांकि ओलिंपिक एसोसिएशन ने मांग की है कि गर्मी के सीजन में स्वीमिंग पूल चालू कर दिया जाए व इसका निर्माण कार्य जून-जुलाई में शुरू करें।
अप्रैल-मई में संभाग व राज्य स्तरीय स्पर्धाएं, पूल चालू किया जाए- तिवारी
तैराकी एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष राकेश तिवारी का कहना है कि अप्रैल-मई में तैराकी की संभाग व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके लिए नगर निगम का कोठी रोड स्थित स्वीमिंग पूल भी चालू होना चाहिए क्योंकि फ्रीगंज क्षेत्र के लिए यह ज्यादा सुविधाजनक है। निगम अध्यक्ष सोनू गेहलोत का कहना है कि स्वीमिंग पूल निर्माण की प्रक्रिया दिसंबर-जनवरी में शुरू होने वाली थी, लेकिन खेल संगठनों की मांग को देखते हुए ठहराव किया गया। तय हुआ कि मई 2019 में जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा, लेकिन निगम डीपीआर में उलझ गया जिसमें स्वीमिंग पूल स्थल को बढ़ाने का प्रस्ताव आया। इसे लेकर कुछ आपत्तियां भी आई इसके कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।