- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News Vijayvargiya And Rakesh Kept On Brainwashing Bjp Mlas For Two Hours
दो घंटे तक भाजपा के विधायकों का मन टटोलते रहे विजयवर्गीय व राकेश
2. गुरुग्राम से
आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में मंगलवार रात से ठहरे भाजपा के कुछ विधायक परेशान होने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के विधायकों की तोड़-फोड़ से भाजपा के कुछ विधायक अपनी पार्टी से ही नाराज चल रहे हैं। आईटीसी ग्रैंड होटल में उन्हें रखा गया है। पूरे दिन उन्हें न तो किसी से संपर्क करने दिया गया और न ही उन्हें बाहर निकलने दिया गया। वे होटल के जिस हिस्से में ठहरे हुए हैं, उस हिस्से में जैमर लगे हुए हैं। उनकी नाराजगी को देखते हुए गुरुवार शाम 6:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सांसद राकेश सिंह आईटीसी होटल पहुंचे। होटल में प्रवेश करने से पहले मीडिया प्रतिनिधियों ने उन्हें रोका, वह कुछ पल के लिए रुके, मगर मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना ही होटल के अंदर चले गए। विजयवर्गीय मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करने के मूड में बिल्कुल दिखाई नहीं दे रहे थे। वे मीडिया को नजरअंदाज करके होटल में चले गए।
विजयवर्गीय बुधवार की देर रात होटल से दिल्ली लौट आए थे। उन्होंने गुरुवार को पूरे दिन दिल्ली में पार्टी हाईकमान से चर्चा की। इसके बाद शाम 6:30 बजे राकेश सिंह के साथ आईटीसी ग्रैंड होटल में पहुंचे। उन्होंने होटल में ठहरे पार्टी के 106 विधायकों के साथ मिलकर दिनभर की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने हाईकमान द्वारा जारी दिशा-निर्देश के संबंध में विधायकों को बताया। विधायकों ने जल्द घर लौटने की बात की, जिस पर विजयवर्गीय ने उन्हें अगले आदेश तक होटल में ही जमे रहने के लिए कहा। सूत्रों के अनुसार यहां रुके कुछ भाजपा विधायकों ने बनने वाली नई सरकार में अपनी भूमिका और अपने लिए पोर्टफोलियो की जानकारी वरिष्ठ नेताओं से मांगी है। इधर, कांग्रेस के नेता भी यहां पार्टी विधायकों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि कड़ी सुरक्षा के चलते उनको भाजपा विधायकों से संपर्क में सफलता नहीं मिल सकी है। पार्टी की तरफ से होटल के कमरे व मीटिंग हॉल की बुकिंग शुक्रवार के लिए भी बढ़ा दी गई।
उमाशंकर