उज्जैन मंडी में गेहूं के भाव 20 रुपए तेज
होली के अवसर पर मिल क्वालिटी गेहूं 20 रुपए तेज भावों पर बिका। उज्जैन के आसपास की मंडियां बंद रहीं। उज्जैन मंडी में 9000 बोरी गेहूं बिकने आया। खरीदारों के पास सौदे होने से एकतरफा ऊंचे भाव की बोली लगी। व्यापारी बाबूलाल सिंहल ने बताया रंगपंचमी बाद इस व्यापार का रंग जमेगा। इस समय तेजी-मंदी की स्थिति पता नहीं चल रही है। आगे गेहूं के भाव बढ़ते नहीं दिख रहे। बेस्ट सुपर गेहूं कम आने से इसकी क्वालिटी स्पष्ट नहीं हो रही है। लोकवन गेहूं ऊंचे में 2156 रुपए बिका। पोषक मालवराज ही भरपूर आवक में देर होने से इस प्रकार का गेहूं कम ही बिकने आ रहा है। आटा मिलों को मालवा का गेहूं पसंद आने से यहां की गाड़ियां ज्यादा बिक रही हैं। फायदा 20-30 रुपए बोरी का ही मिल रहा है। धन का रोटेशन चलाने के लिए ही इस समय का व्यापार किया जा रहा है। अप्रैल में भारी आवक में घरेलू खरीद वाले आने लगेंगे। लेट बोवनी होने से खेतों से गेहूं 20 फीसदी भी नहीं निकला है। धूप भी तेज नहीं होने से इसे पकने में समय ज्यादा लगा रहा है।
सोयाबीन में बड़ी मंदी: सोयाबीन में बड़ी मंदी का सर्किट लग गया। नए भाव 3200 रुपए के भी बताए जाने से स्टॉक वालों को बड़ा नुकसान लग रहा है। व्यापार आगे का कैसे करें यह समझ नहीं आ रहा है। पूंजी आधी हो गई। ब्याज तो पूरे का देना पड़ रहा है।
गुड़ी पड़वा से आ सकता है व्यापार में सुधार
नव संवत्सर गुड़ी पड़वा से व्यापार की स्थिति 50 फीसदी सुधरने की संभावना बताई जा रही है। व्यापारी वर्ग नव संवत्सर और दीपावली को बड़े उल्लास से मनाते आए हैं। गेहूं में पहली बार कीमतों को लेकर गिरावट वाली पोजीशन बताई जा रही है। गेहूं मंडी से खरीदो और तौल बाहर फैक्ट्री में करवाओ तो प्रति बोरी 20-30 रुपए का फायदा हो जाता है। नियम में मंडी प्रांगण में ही तौल करवाना जरूरी है। मंडी प्रशासन को इस प्रकार की शिकायतें मिलने की खबर है। गेहूं में 20 से 30 रुपए बोरी का फायदा और 15-20 रुपए यूआरडी से भी फायदा मिल जाता है।