- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News With The Help Of Rbi Customers Got Relief Yes Bank Got Withdrawals Of Up To 5 Crores 50 Thousand Rupees
आरबीआई से मिली मदद से ग्राहकों को राहतयस बैंक को मिले 5 करोड़, 50 हजार रुपए तक की होने लगी निकासी
यस बैंक की उज्जैन ब्रांच को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से मदद मिलने के बाद आखिरकार ग्राहकों को भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यस बैंक को लेकर आरबीआई के निर्देश जारी होने के बाद यस बैंक की शंकु मार्ग, फ्रीगंज स्थित ब्रांच में 6 मार्च को ग्राहकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। जिसके कारण डेढ़ घंटे में ही 25 लाख रुपए की राशि का भुगतान कर दिया गया आैर उसके बाद कैश खत्म होने के कारण चेक व चालान प्रस्तुत करने वाले खातेदारों को टोकन संख्या दी गई थी। 7 मार्च को ब्रांच प्रबंधन ने आरबीआई को 5 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा था। आरबीआई ने 5 करोड़ रुपए से अधिक राशि का आवंटन ब्रांच को जारी कर दिया है। ब्रांच के ऑपरेशन इंचार्ज रोहित स्वर्णकार ने बताया कैश की अब कोई कमी नहीं है। ग्राहकों को आसानी से अब कैश उपलब्ध करवाया जा रहा है। एटीएम भी फुल कर दिया गया है ताकि ग्राहक एटीएम से भी रुपए निकाल सके। हालांकि आरबीआई द्वारा निर्देशानुसार किसी भी खातेदार को एक माह के भीतर 50 हजार रुपए से अधिक की राशि का भुगतान नहीं किया जा सकता। यस बैंक को लेकर चल रही उठापटक के बीच ग्राहकों को अपनी राशि निकालने के लिए चार दिन का इंतजार जरूर करना पड़ा। इसके कारण फायनेंस सुविधाएं खासतौर पर प्रभावित हुई। जिन ग्राहकों ने किसी संपत्ति वाहन आदि की खरीदी पर लोन ले रखा था, उनकी किस्तों का भुगतान भी समय पर नहीं हो सका। हालांकि ब्रांच प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल कैश की अब कोई कमी नहीं है। जो चेक और चालान प्रस्तुत हो रहे हैं, उनका तत्काल ही भुगतान किया जा रहा है।