- Hindi News
- National
- Vidisha News Mp News 275 Kw Electricity Collectorate And Hospital Buildings Being Constructed From Solar Plant Are Also Being Illuminated
सोलर प्लांट से बन रही 275 किलोवाट बिजली कलेक्टोरेट और अस्पताल भवन भी हो रहे रोशन
जिले में अब सोलर एनर्जी भी बिजली का मजबूत विकल्प बनने लगी है। विदिशा जिले में इस समय सोलर प्लांट से 275 किलोवाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। 1 किलोवाट सोलर एनर्जी से 100 यूनिट तक बिजली जलाई जा सकती है। इससे विदिशा शहर में नए कंपोजिट भवन और जिला अस्पताल सहित कई प्रमुख संस्थान भी रोशन हो रहे हैं। न्यू कलेक्टोरेट यानी कंपोजिट भवन में माधव इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड बड़ोदरा ने सोलर पावर पैक ग्रिड कनेक्टेड बैटरी बैंक सहित सबसे ज्यादा 90 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया है। इससे पूरा कंपोजिट भवन रोशन हो रहा है। इसके अलावा इसी कंपनी ने बीएसएनएल कार्यालय में भी 25 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया है। इससे पहले जिला अस्पताल भवन में भी 25 किलोवाट का सोलर प्लांट चल रहा है। विदिशा जिले के कुल 23 स्थानों में कुल 275 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट चल रहे हैं। इसके अलावा 562 गांवों में सिंचाई के लिए सोलर पंप भी चल रहे हैं। जल्द ही 700 और गांवों में भी सोलर पंप लगाने की तैयारी चल रही है।
पीएचसी में भी चल रहे हैं सोलर पावर प्लांट
इस संबंध में जिला अक्षय ऊर्जा विभाग के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रमोद राव ने बताया कि विदिशा में कंपोजिट भवन, बीएसएनएल कार्यालय के अलावा नटेरन, सिरोंज, कुरवाई, लटेरी, ग्यारसपुर, गंजबासौदा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सोलर प्लांट लगाए गए हैं।
इसी प्रकार विदिशा में कृषि उपज मंडी कार्यालय में भी 20 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया गया है। इसके अलावा गंजबासौदा के पास गमाखर गांव में भी 15 मेगावाट का सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट लगाया है। इससे गंजबासौदा शहर में बिजली सप्लाई की जा रही है। आने वाले इस प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 30 मेगावाट तक करने की योजना है लेकिन अभी उस पर काम चालू नहीं हुआ है।
अब सोलर ऊर्जा से कालेज और आईटीआई भवन भी होंगे रोशन
मप्र ऊर्जा विकास निगम ने अक्षय ऊर्जा विभाग के माध्यम से एक कार्ययोजना बनाई है। इस संबंध में जिला अक्षय ऊर्जा विभाग के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रमोद राव ने बताया कि इसमें केंद्र सरकार की एजेंसी रेस्को माडल के माध्यम से जिले में प्रमुख शासकीय कालेजों और आईटीआई भवनों में भी सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का समझौता हुआ है। इससे अब जल्द ही शासकीय गर्ल्स कालेज विदिशा के अलावा कुरवाई, लटेरी, सिरोंज, गंजबासौदा के कुल 8 शासकीय कालेज में सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसके अलावा आईटीआई भवनों और न्यू पुलिस कंट्रोल रूम को भी सोलर लाइट से रोशन करने की तैयारी चल रही है।