- Hindi News
- National
- Vidisha News Mp News As Soon As The Order Was Done Collector Also Joined Relive Gwalior
आदेश होते ही कलेक्टर रिलीव, ग्वालियर में ज्वाइन भी किया
एक साल पहले तक जिला पंचायत सीईओ के पद पर पदस्थ रहे डॉ. पंकज जैन को विदिशा कलेक्टर की जिम्मेदारी शासन ने दी है। प्रदेश में चल रही राजनैतिक उठा-पटक के बीच विदिशा कलेक्टर कौशलेंद्रविक्रम सिंह को ग्वालियर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। खासबात ये है कि 11 मार्च को ही उनके ट्रांसफर के आदेश आए और इसी दिन वे रिलीव हो गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि राजनैतिक उठा-पटक के बीच उन्हें ग्वालियर की जिम्मेदारी दी गई है।
वे 21 जून 2018 को विदिशा कलेक्टर के रूप में पदस्थ हुए थे। वे विदिशा में करीब एक साल 9 महीने तक रहे। जब वे विदिशा आए थे तब उन्हें तत्कालीन सीएम शिवराजसिंह चौहान ने अपनी पसंद से विदिशा की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि उनका नीमच से ट्रांसफर चुनाव आयोग के निर्देश पर हुआ था। उस वक्त विदिशा जिला नीति आयोग की रिपोर्ट में बहुत पिछड़ा था।
वहीं नीमच में कौशलेंद्रविक्रम सिंह ने अच्छा काम किया था। अब बताया जा रहा है कि उन्हें पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह के इशारे पर ग्वालियर भेजा है ताकि वे वहां जाकर प्रशासन की जिम्मेदारी संभाल सकें। ग्वालियर कलेक्टर अनुराग चौधरी को सिंधिया का खास माना जाता है इसलिए आनन-फानन में यह तबादला किया गया है।
21 जून 2018 को विदिशा कलेक्टर के रूप में आए थे कौशलेंद्रविक्रम सिंह, पूर्व सीएम शिवराज की पसंद से बने थे
साढ़े नौ महीने तक विदिशा जिला पंचायत सीईओ के रूप में काम कर चुके हैं डॉ. पंकज जैन
डॉ. पंकज जैन विदिशा जिला पंचायत में 16 मई 2018 से 5 मार्च 2019 तक सीईओ के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। इसके बाद वे कटनी कलेक्टर बनकर यहां से गए थे। वहां उन्होंने अपनी बेटी को आंगनबाड़ी में भर्ती कराया था जिसके बाद पूरे प्रदेश में उनकी चर्चा हुई थी। इसके बाद वे नगरीय प्रशासन विभाग में रहे और अभी वे मप्र लघु उद्योग निगम में संचालक के पद पर थे।
विदिशा से रिलीव होने के बाद ग्वालियर में संभागायुक्त एमबी ओझा के सामने ज्वाइिनंग लेते कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह।
विदिशा में पदस्थ होने के बाद कलेक्टर कौशलेंद्रविक्रम ने कड़ी कार्रवाई वाले अफसर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने टीएल की बैठक में नवाचार शुरू किया था जिसके तहत शिकायत करने वाले व्यक्ति और संबंधित अधिकारी को आमने-सामने बैठाते थे। इसके बाद कई अफसरों पर कार्रवाई हुई। वहीं पिछले साल बारिश के पहले उन्होंने खुद नाले में उतरकर सफाई शुरू करवाई थी, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी।
कड़ी कार्रवाई करने वाले अफसर के रूप में सिंह ने बनाई थी पहचान
चर्चा: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के इशारे पर तबादला, डॉ. पंकज जैन होंगे नए कलेक्टर