- Hindi News
- National
- Vidisha News Mp News Bank Management Gave Tokens But Did Not Pay More Than 50 Thousand
बैंक प्रबंधन ने टोकन दिए, लेकिन 50 हजार से अधिक का नहीं किया भुगतान
यस बैंक के 4500 से अधिक हैं खातेदार
यस बैंक के ग्राहकों का पैसा डूबने की खबरों के चलते देश भर में जहां उसके खातेदारों में हड़कंप मचा हुआ है वहीं विदिशा में भी यस बैंक के खातेदार बड़ी संख्या में अपना जमा धन निकालने के लिए पहुंच रहे हैं। विदिशा जिले में यस बैंक की एकमात्र ब्रांच अरिहंत विहार कालोनी में स्थित है। यस बैंक के जिले भर में 4500 से अधिक खातेदार हैं।
यहां ब्रांच मैनेजर समेत 5 कर्मचारियों का स्टाफ काम करता है। सोमवार को बड़ी संख्या में बैंक के खातेदार अपना जमा पैसा निकालने बैंक शाखा में पहुंचे थे। इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने बताया कि सोमवार को सुबह 8 बजे से ही ग्राहक बैंक के चक्कर लगाने लगे थे। ऐसे में भी ज्यादा भीड़ ना हो, इस कारण यहां आने वाले सभी ग्राहकों को टोकन नंबर बांटकर भुगतान करने के लिए एक निश्चित समय दिया गया था। सोमवार को करीब 250 ग्राहकों को 60 लाख रुपए से अधिक राशि का भुगतान किया गया है। आगामी आदेश मिलने तक फिलहाल खातेदारों को 3 अप्रैल तक अधिकतम 50 हजार रुपए तक की राशि का ही भुगतान किया जाएगा। इसके बाद रीजनल आफिस से जैसे आदेश मिलेंगे, वैसा व्यवहार किया जाएगा।
खातेदारों के लिए ये कंडीशन... शादी या बीमारी के इलाज के लिए 5 लाख रुपए तक भुगतान
शाखा प्रबंधक ने बताया कि वैसे सभी सामान्य ग्राहकों को फिलहाल अधिकतम 50 हजार रुपए तक की राशि का भुगतान किया जा रहा है लेकिन यदि किसी ग्राहक के परिवार में शादी है। या फिर कोई ग्राहक गंभीर बीमारी का शिकार है और उसे इलाज के लिए अधिक राशि की जरूरत है तो मेडिकल सर्टिफिकेट या अन्य जरूरी दस्तावेज देखकर 5 लाख रुपए तक का भुगतान भी किया जा रहा है। इसके लिए ग्राहकों को समुचित कारण बताना होगा। इसके बाद ही 5 लाख तक का भुगतान किया जाएगा।