बायपास पड़ने लगा छोटा, हर 15 मिनट में लगता है जाम
पचमा बायपास मार्ग पर यातायात के दबाव को देखते हुए उसे चौड़ा करने की मांग की जा रही है। सड़क पर दिन में हर 10-15 मिनट में जाम की स्थिति बन जाती है। पचमा बायपास त्योंदा मार्ग पर वार्ड क्रमांक 9 से होकर निकलता है। इसकी चौड़ाई पारासरी पुल तक 20 फीट है। दोनों ओर मकान और दुकानें हैं। सड़क किनारे लगे चार बिजली के खंभों के कारण ट्रक, और ट्रैक्टर-ट्राली या चार पहिया वाहन क्रासिंग के समय फंस जाते हैं। जैसे ही वाहन फंसते हैं दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। जो जाम में फंसा उसे 200 फीट का रास्ता पार करने में 20 से 30 मिनट लग जाते हैं।
जय स्तंभ की तरह यह भी चौराहा है। जाम के लिए चिन्हित है लेकिन इस पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी नहीं रहती है। इससे क्रासिंग के दौरान जाम हटाने में समस्या आती है। इस सड़क पर इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का शोरूम चलाने वाले मनोज वासवानी का कहना है। जाम का कारण बिजली के खंभे हैं। यह सड़क की पांच फीट चौड़ाई कम कर रहे हैं।
इधर सामाजिक कार्यकर्ता रामबाबू आनंदपुर का कहना है कि नगर में बायपास सड़कों की कमी है। इससे प्रशासन को बायपास सड़क को व्यवस्थित करने ध्यान देना चाहिए।
इधर नपा ने बायपास का दबाव कम करने वैकल्पिक सड़क गिरिराज रघुवंशी के मकान से बनाने की योजना बनाई थी लेकिन एक साल बाद भी इस योजना को धरातल पर उतारने की कोशिश नहीं की गई। इधर नपा सीएमओ सुधीर उपाध्याय का कहना है कि जब तक नपा को अतिरिक्त फंड या सहायता नहीं मिलती। ऐसी योजनाओं में समस्या आएगी।
पचमा बायपास मार्ग चौड़ीकरण की मांग।