अशोक वाटिका में आ रहा नाले का पानी
गंजबासौदा| महाराणा प्रताप बस स्टैंड परिसर स्थित अशोक वाटिका उद्यान में फैली गंदगी से नागरिकों में रोष है। उद्यान में नाले का गंदा पानी भर रहा है। इससे पूरे परिसर में गंदगी व बदबू के कारण मच्छर पनप रहे हैं। नागरिकों को साफ स्वच्छ उद्यान उपलब्ध कराए जाने के लिए अशोक वाटिका बनाई थी जहां सुबह व शाम के समय रहवासी अपने परिवार व छोटे बच्चों के साथ घूम सकें। उद्यान में रंग बिरंगे फूलों के पौधे लगाए गए। हरी घास के साथ कई पौधे भी हैं लेकिन नियमित सफाई नहीं होने व देखरेख के अभाव में उद्यान गंदगी का ढेर बनने लगा है। राकेश कुशवाह, मनोज दुबे का कहना है कि गर्मी में सैकड़ों नागरिक सुबह व शाम पार्क में घूमने आते हैं।