- Hindi News
- National
- Lateri News Mp News Now Kheda Team Won The Title Of Kabaddi With Super Tackle
सुपर टैकल से जीता नाऊ खेड़ा टीम ने कबड्डी का खिताबी मुकाबला
आदर्श युवा उत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में 5 फरवरी से चल रही कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। फाइनल मैच में बीरपुर और नाऊखेड़ा बी की टीम के बीच खेला गया। खिताबी मुकाबले को अपने नाम करने के लिए बहुत ही कशमकश भरा खेल देखने को मिला। मैच में पहले हाफ में नाऊखेड़ा बी 16-19 से पिछड़ने के बाद भी अपने हौसले को कायम रखते हुए शानदार बैकअप कर खेल दिखाया और अंतत: लास्ट हाफ में खेल को 28-28 के स्कोर पर लाकर खड़ा कर दिया और सुपर टैकल कर एक पाइंट से कबड्डी प्रतियोगिता पर अपना कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को आदर्श युवा उत्सव सेवा समिति की ओर से पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर द्वारा नाऊखेड़ा बी टीम को विजेता ट्राफी और 11 हजार रुपए का नकद इनाम दिया गया। साथ ही उपविजेता टीम वीरपुर को 6 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समिति सदस्यों को उपहार स्वरूप 1-1 विशेष पुरस्कार दिया गया।
दोपहर बाद हुए दोनों सेमीफाइनल के मुकाबले
दोपहर बाद हुए दोनों सेमीफाइनल के मैच बहुत ही रोचक रहे। पहले सेमीफाइनल में नाऊखेड़ा बी ने 22-17 से लटेरी को हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में अपना स्थान बनाया। तो वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बीरपुर और नाऊखेड़ा बी का खेल काफी रोचक रहा और बीरपुर ने 27-17 से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर ने कहा कि यह कबड्डी प्रतियोगिता बहुत शानदार रही है और सभी खिलाड़ियों ने जो खेल भावना के साथ ही उत्साह दिखाया है वह काबिले तारीफ है। ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है। इसके अलावा शैलेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि वास्तव में छोटे गांवों में भी प्रतिभाएं छुपी होती हैं। बस उन्हें वक्त के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश पालीवाल, लल्ली राम जाटव ने कहा कि सभी ने धैर्य के साथ शानदार खेल का नजारा पेश किया है। इस अवसर पर आदर्श युवा उत्सव सेवा समिति के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार माना कि उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर मोहन शर्मा, विवेक कुशवाह, धर्म सिंह बघेल, शकील खान, लखन शर्मा, धमाल, यशपाल बघेल, जितेंद्र सोनी सहित सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
बीरपुर और नाऊखेड़ा बी की टीम के बीच खेला गया फाइनल मैच