आंगनबाड़ियों में शुरू हुअा पोषण पखवाड़ा, कोरोना से बचाव के उपाय भी बताए
कुरवाई| महिला एवं बाल विकास परियोजना के ब्लाॅक स्तरीय पोषण पखवाड़े का आरम्भ ग्राम वरवाई आंगनबाड़ी केन्द्र से हुआ। इस मौके पर बच्चों को कुपोषण से बचाने हेतु पौष्टिक आहार की जानकारी देने के साथ ही उन्हें कोरोना वायरस से बचाव के उपाय भी बताए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर ग्रामीण महिलाओं के बीच संगोष्ठी के माध्यम से जागरूक किया। यह जानकारी यहां परियोजना अधिकारी फिरदौस अख्तर के द्वारा दी गई। कार्यक्रम का आयोजन परियोजना की पर्यवेक्षक सुश्री मंजुला चरण के द्वारा किया गया।
अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच कमलाबाई ने की। इस मौके पर महिला सशक्तिकरण की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर 8 मार्च से 22 मार्च तक चलने वाले पोषण पखवाड़े का शुभारंभ हुआ, साथ ही विगत एक सप्ताह से चल रहे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव इकबाल हुसैन ने किया। आशा सहयोगी शायरा बी ने बताया कि स्वच्छता रखने तथा सक्रंमित खानपान से दूरी बनाकर हम बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।