कोरोना से बचाव के लिए लोगों ने बांटे पंपलेट
शहर के नागरिकों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने के लिए गुरूवार को नपा अमले ने मुख्य बाजार में पहुंच कर पंपलेट का वितरण किया।
कोरोना वायरस को लेकर देश भर में चल रहे जागरूकता अभियान के सिलसिले में गुरूवार को सिरोंज नपा प्रबंधन भी सक्रिय होता दिखाई दिया। शाम को नपा स्वास्थ्य अधिकारी रामप्रकाश साहू नपा स्वास्थ्य अमले के साथ नगर के मुख्य बाजार में पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक दुकान पर पहुंच कर दुकानदारों और आम नागरिकों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता का प्रसार करते पंपलेट का वितरण किया। दुकानों पर पहुंचे नपा अमले ने लोगों को हाथ मिलाने के बजाय नमस्कार का अभिवादन करने की बात
कहते हुए बताया कि जागरूकता ही कोरोना से बचाव का उपाय है। नपा का अमला मुख्य बाजार से होते हुए बामौरा रोड, लिंक रोड और हाजीपुर होते हुए वापस नपा कार्यालय में पहुंचा।