- Hindi News
- National
- Ganjbasoda News Mp News Principal Harassing Guest Teachers If They Do Not Solve The Problem They Will Protest
अतिथि शिक्षकों को प्राचार्य कर रहे प्रताड़ित, समस्या का समाधान नहीं किया तो करेंगे धरना-प्रदर्शन
प्राचार्य की मानसिक प्रताड़ना के विरोध में अतिथि शिक्षकों ने दिया ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर के अतिथि शिक्षकों ने प्राचार्य द्वारा दी जा रही मानसिक प्रताड़ना और जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशों के खिलाफ कार्य करने पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। शुक्रवार को अतिथि शिक्षक संघ की अगुवाई में विकासखंड शिक्षा को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि स्कूल के प्रभारी प्राचार्य श्रीराम पंथी द्वारा आयुक्त द्वारा शिक्षण कार्यकाल बढ़ाए जाने के आदेश को ताक में रखकर सभी अतिथि शिक्षकों को कार्यमुक्त किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रभारी प्राचार्य को निर्देशित किया था कि अतिथि शिक्षकों को शाला में पुन: रखा जाए लेकिन उस आदेश के स्थान पर प्रभारी ने नया आदेश शिक्षकों के सामने रख दिया। इसमें निर्देशित किया गया है कि शिक्षक बच्चों के घर-घर जाकर उनके नोट्स तैयार कराएं। एटीईई मैथमेटिक्स की परीक्षा की तैयारी कराएं। प्रभारी द्वारा इस प्रकार से अतिथि शिक्षकों का न सिर्फ शोषण किया जा रहा है वरन रोज कोई न कोई नया आदेश निकालकर परेशान किया जा रहा है। साथ ही ब्लैकमेल कर रहे हैं। आयुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कोई आदेश निकाला जाता है तो उस आदेश का संपूर्ण जिले में पालन किया जाता है लेकिन इस संस्था द्वारा आदेश की अवहेलना की जा रही है। प्रभारी द्वारा वेतन में भी विसंगतियां पूर्ण दिया जा रहा है। शिक्षक की रेमिडल कक्षा पढ़ाते हैं लेकिन उनको रेमिडल कक्षाओं का वेतन नहीं दिया जा रहा। यदि समस्या का निराकरण तीन दिन में नहीं किया गया तो संगठन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।
अतिथि शिक्षको ने सौंपा ज्ञापन।