पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Vidisha News Mp News Silent Procession Of Jain Society On 16 To Protest Against Selling Eggs Meat And Fish From Ration Shops

राशन दुकानों से अंडे, मांस और मछली बेचने के विरोध में जैन समाज का मौन जुलूस 16 को

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शासकीय राशन की दुकान पर सस्ती दरों पर अंडे- मांस और मछली बेचने का प्रस्ताव नीति आयोग भारत सरकार ने आगामी 15 वर्षों के लिए दिया है। इस प्रस्ताव के खिलाफ विदिशा नगर के समस्त सभी धर्म, समाज के लोगों, शाकाहार तथा जीवदया प्रेमियों द्वारा आगामी 16 मार्च सोमवार को एक विशाल आंदोलन करने की शुरुआत की जाएगी। इस संबंध में जैन समाज के प्रवक्ता अविनाश जैन ने बताया कि इस संबंध में विदिशा नगर के सभी हिन्दू, सर्वधर्म सभा के प्रतिनिधियों की एक बैठक अग्रवाल धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न धर्म और क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने सर्व सम्मति से भारत सरकार के उक्त प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। सभी लोगों ने तय किया गया सभी संस्थाएं एवं व्यक्तिगत नीति आयोग के उक्त प्रस्ताव का विरोध कर ज्ञापन सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय, एवं राष्ट्रपति को देकर उक्त प्रस्ताव के प्रति अपना विरोध प्रकट करेंगे। सभा में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति के विरुद्ध शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से अंडा, मछलियां एवं मांस का वितरण करने का निर्णय न केवल अव्यवहारिक है, बल्कि यह हिंदू समाज एवं हिन्दू धर्म और संस्कृति के विपरीत है। इस प्रकार के प्रस्ताव को लाकर नीति आयोग ने अनीति पूर्ण निर्णय लिया हैं, जिसे नागरिक किसी भी सीमा पर स्वीकार नहीं करेंगे।

आंदोलन से अहिंसा प्रेमियों को जोड़ा

श्री सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष डा. राजीव चौधरी ने कहा कि उपरोक्त समिति में विदिशा नगर के सभी अहिंसा प्रेमियों को एवं सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने वालों को जोड़ा गया है। आंदोलन संबंधी सभी निर्णय को लेकर नीति आयोग भारत सरकार द्वारा विजन 2020- 2035 के अनुसार आगामी 15 वर्ष के लिये जो प्रस्ताव कुपोषण को रोकने के लिये दिया गया है,उसका एक मत से विरोध किया जाएगा। जैन समाज के प्रवक्ता अविनाश जैन ने कहा कि नीति आयोग भारत सरकार ने राशन की दुकानों से अंडा, मछली और मीट आदि का विक्रय सस्ते मूल्य पर करने का प्रस्ताव दिया है जैसे कि वर्तमान में गेहूं, चावल और मोटे अनाज एवं विभिन्न दालों को बेचा जाता है। उपरोक्त मांसाहारी वस्तुओं को भी शामिल कर फूड सब्सिडी प्रोग्राम के तहत इसका विक्रय करने का प्रस्ताव रखा है।

भारतीय संस्कृति को नष्ट कर रहे हैं अधिकारी

नीति आयोग के इस प्रस्ताव पर सभी उपस्थित सदस्यों ने कहा कि सरकार में बैठे हुए अधिकारी मांसाहार के समर्थक हैं एवं भारतीय संस्कृति को नष्ट करने में लगे हुए हैं। विदिशा नगर की शाकाहारी धर्म श्रद्धालु जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।सर्व सहमति से विदिशा नगर से इस आंदोलन की शुरुआत करते हुये 16 मार्च सोमवार को 10 बजे माधवगंज चौक शिवमंदिर एवं जैन मंदिर से मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसमें सभी समाज का प्रतिनिधित्व होगा। आंदोलन को गति बनाए रखने के लिये एक आंदोलन समिति धर्माधिकारी गिरधर शास्त्री की अध्यक्षता में बनाई गयी है।

अनीति पूर्ण निर्णय को किसी भी सीमा पर स्वीकार नहीं किया जाएगा

अहिंसक समाज सड़क पर उतर कर करेगा आंदोलन

बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि यदि उक्त प्रस्ताव को वापस नहीं लिया गया तो सड़क पर आकर आंदोलन भी करेंगे। धरना, बंद आदि जैसे निर्णय भी लेना पड़े तो अहिंसक समाज आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। इस अवसर पर कायस्थ समाज के सुधीर श्रीवास्तव, समाजसेवी अतुलशाह, अग्रवाल समाज के कैलाश अग्रवाल, सीएल गोयल, माहेश्वरी समाज से राधेश्याम माहेश्वरी, ब्राह्मण समाज से सुजीत देवलिया श्वेतांबर जैन समाज से राजेश जालोरी, शांतिलाल पीतलिया, सनातन हिंदू समाज से राजेश तिवारी, एडवोकेट केजी माहेश्वरी, ओमप्रकाश जैन आदि ने भी अपने संबोधन उक्त आंदोलन का समर्थन किया। इस अवसर पर डा. कपिल चतुर्वेदी, शैलेंद्र चौधरी संजीव चंदौरिया, एके जैन सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं...