- Hindi News
- National
- Vidisha News Mp News The Police Opened Fire When Miscreants Threw Stones
उपद्रवियों ने किया पथराव तो पुलिस ने चलाई गोली
विदिशा| बड़ी संख्या में मौजूद बलवाइयों ने पुलिस पार्टी पर पथराव किया तो पुलिस ने भी बचाव में हवा में पहले गोली चलाई, इसके बाद भी जब बलवाई हंगामा मचाते रहे तो अश्रु गैस के गोले भी छोड़े।
इससे बलवाई तितर-बितर हो गए। यह कोई वास्तविक घटनाक्रम नहीं बल्कि पुलिस के माक ड्रिल का हिस्सा था। आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने रविवार शाम करीब 4.30 बजे 5 बजे तक इस माक ड्रिल का आयोजन किया था। इसमें इसमें बलवाई और पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों के 250 से अधिक जवान मौजूद थे। इस बलवा ड्रिल में बलवाइयों में कुछ पुलिस जवानों को सिविल ड्रेस में भी रखा गया था। बचाव पक्ष के पुलिस जवान सिर में हेलमेट तथा चेस्ट में सेफ्टी जैकेट पहने हुए थे। वहीं दूसरी ओर बलवा करने वाले जवान अपने हाथों में पत्थर लिए हुए थे। पुलिस प्रशासन के मना करने के बाद भी वे पुलिस पार्टी पर पथराव कर रहे थे। इस कारण पुलिस ने बलवाइयों पर पहले तो 5 राउंड गोली चलाई और फिर आंसू गैस के 4 गोले भी दागे। इससे पुलिस ग्राउंड में धुआं फैल गया और बलवा करने वाले तितर-बितर हो गए थे।
घायलों को एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल: बलवा माक ड्रिल के दौरान घायल होने वाले 2 जवानों को तुरंत स्ट्रेचर में डालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। माक ड्रिल के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के भी पूरे इंतजाम किए थे। इसके लिए बाकायदा एंबुलेंस बुलाई गई थी। फायर ब्रिगेड वाहन भी पुलिस परेड ग्राउंड में पहुंच गया था। पूरा कार्यक्रम सीएसपी विवेक पांडे, सिविल लाइंस टीआई आरएन शर्मा, कोतवाली टीआई जयपाल इनवाती, डीआरपी लाइन की आरआई मिलन जैन आिद मौजूद थे।