समाज ने आरती उतारकर की 5 मुनियों की अगवानी
जैन मुनि प्रसाद सागर सहित पांच मुनिया के संघ की रविवार को नगर के जैन समाज ने भव्य अगवानी की। कुरवाई मार्ग से सिरोंज नगर में प्रवेश करने के बाद जैन मुनियों के स्वागत के लिए समाज ने नगर में भव्य जुलूस निकाला। जगह-जगह पर श्रद्धालुओं ने आरती उतार कर मुनियों का स्वागत भी किया।
जैन मुनि प्रसाद सागर के साथ ही मुनि उत्तम सागर, मुनि शैल सागर, मुनि पुराण सागर और मुनि निकलंक सागर ने दो दिन पहले कुरवाई से सिरोंज नगर की ओर विहार किया था। इसके बाद से ही नगर में जैन समाज उनकी अगवानी की तैयारी में जुटा हुआ था। मुनियों ने शनिवार को क्षेत्र के भौरिया गांव में रात्रि विश्राम किया था। रविवार सुबह बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु उन्हें लिवाने के लिए भौरिया ही पहुंच गए। वे भी मुनियों के साथ पैदल सिरोंज नगर की ओर बढते गए। जैन श्रद्धालुओं ने अहिंसा परमोधर्म के जयकारों के साथ उनकी अगवानी की। छतरी चौराहे से मुनियों का भव्य अगवानी जुलूस शुरू हुआ। जुलूस की अगवानी सबसे आगे घोड़ों पर सवार होकर ध्वज लेकर चल रहे समाज के ही बच्चे, बुजुर्ग और युवा कर रहे थे। इसके बाद समाज के ही बच्चों और युवाओं का बैंड दल घोष वादन करते हुए चल रहा था। इसके उपरांत मुनि प्रसाद सागर के नेतृत्व में मुनि संघ चल रहा था।