महाराष्ट्र ATS (Anti Terrorism Squad) ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो मई में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस हेडक्वॉटर्स में रॉकेट हमला करने में शामिल था। आरोपी पंजाब का रहने वाला है लेकिन इस अटैक के बाद से फरार था। पंजाब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी की पहचान चरत सिंह उर्फ इंद्रजीत सिंह उर्फ कारज सिंह के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ आठ गंभीर अपराध दर्ज हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
बगदाद के ग्रीन जोन में कई रॉकेट गिरे, देश के नए राष्ट्रपति को चुनने हो रहा संसद सत्र
इराक की राजधानी बगदाद के ग्रीन जोन में गुरुवार को करीब 8 रॉकेट गिरे। यहां नया राष्ट्रपति चुनने के लिए संसद का सत्र चल रहा है। बगदाद के ग्रीन जोन में कई सरकारी इमारतें और विदेशी दूतावास हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संसद के सत्र के लिए कोरम पूरा नहीं था। 329 में कम से कम 269 सांसदों की उपस्थिति जरूरी थी। दोपहर के बाद कोरम पूरा हो गया। जब रॉकेट गिर तब संसद के अंदर राष्ट्रपति चुनने के लिए वोटिंग हो रही है।
गुजरात AAP संयोजक गोपाल इटालिया दिल्ली में हिरासत में लिए गए, PM मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक गोपाल इटालिया को दिल्ली में हिरासत में ले लिया गया है। इटालिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए गोपाल इटालिया को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। यहीं से दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें सरिता विहार थाने लेकर गई है।इधर, दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW ) की अध्यक्ष रेखा शर्मा के ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
यूपी में फोर व्हीलर इलेक्ट्रिक वाहनों पर एक लाख की छूट मिलेगी, 10 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को यूपी कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें नई इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण और गतिशीलता नीति-2022 को मंजूरी मिल गई। इसके तहत इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर सब्सिडी दी जाएगी। सरकार ने इसके तहत प्रदेश में 30 हजार करोड़ रुपए के निवेश का टारगेट रखा है। इससे करीब 10 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
इसके साथ ही प्रदेश में खरीदे गए इलेक्ट्रिक वाहनों के फैक्ट्री मूल्य पर 15% की सब्सिडी दी जाने की घोषणा की गई। इसमें पहले 2 लाख दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों पर 5 हजार रुपए प्रति वाहन, पहले 50 हजार थ्री व्हीलर इलेक्ट्रिक वाहनों पर अधिकतम 12 हजार, पहले 25 हजार चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए प्रति वाहन पर 1 लाख रुपए तक की सब्सिडी दिए जाने का ऐलान किया गया। पढ़ें पूरी खबर....
बेतिया में ताबड़तोड़ फायरिंग; 5 को लगी गोली 2 की हालत गंभीर
बेतिया के दियारा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। 5 लोगों को गोली लगी है। दो की हालत गंभीर है। घटना योगापट्टी थाना क्षेत्र के गोलाघाट डुमरी के अहिरौली गांव की है। गुरुवार सुबह तीन बदमाशों ने राजा बाबू पटेल के घर में घुसकर जमकर फायरिंग की। गोलीबारी के बाद भाग रहे एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...
विरोध के बाद एक साल से रह रहे बाहरी लोगों को वोटर बनाने का फैसला वापस
जम्मू में एक साल से रह रहे लोगों को मतदाता बनाने वाला फैसला वापस ले लिया गया है। हालांकि, इसका औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। बुधवार को जम्मू की डिप्टी कमिश्नर ने उस नोटिफिकेशन को वापस ले लिया, जिसमें सभी तहसीलदारों को जम्मू में एक साल से ज्यादा रहने वाले लोगों को आवास प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारी विरोध के बाद यह फैसला वापस लिया गया है। केंद्रीय प्रशासित प्रदेश की ज्यादातर राजनीतिक पार्टियां इसका विरोध कर रही थीं।
असम में पकड़ी गई 9600 याबा टैबलेट, 2 तस्कर गिरफ्तार
असम के करीमगंज में पुलिस ने मंगलवार को करीब 1.85 किलो की 9600 याबा टैबलेट जब्त की। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने अभियान चलाया। इसके बाद मोकोई भंगा इलाके में नाका चेकिंग के दौरान ड्रग्स की जब्ती की।
मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हुसैन अहमद और इस्लामुद्दीन के रूप में हुई है। वहीं पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
PM मोदी आज पहुंचेंगे हिमाचल, 9 दिनों के अंदर यह दूसरा दौरा; देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को हिमाचल में देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के लिए चलाई जाएगी। इसके अलावा PM मोदी विकास की कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
इस महीने में हिमाचल में PM का यह दूसरा दौरा है। चंबा जिले में जनसभा को संबोधित करेंगे। PMO की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पहले PM मोदी का चंबा जाने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वह पहले ऊना आएंगे।
उत्तराखंड में खनन माफिया और UP पुलिस के बीच फायरिंग; SHO समेत 5 को गोली लगी, महिला की मौत
उत्तराखंड में खनन माफिया और यूपी पुलिस के बीच हुई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई। घटना में SHO समेत 5 लोगों को गोली लगी है। SSP हेमंत कुटियाल ने बताया कि यह घटना तब हुई जब बुधवार को UP की मुरादाबाद पुलिस उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के कुंडा थाना क्षेत्र में 50 हजार के इनामी बदमाश और खनन माफिया जफर को पकड़ने गई थी।
इस दौरान जफर और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से जवाबी गोलीबारी में ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर की पत्नी गुरप्रीत कौर को भी गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद अक्रोशित ग्रामीण ने पुलिसवालों को बंधक बना लिया। पुलिसवालों को बंधक बनाए जाने की सूचना पर मुरादाबाद रेंज के DIG शलभ माथुर, SSP हेमंत कुटियाल, SPRA संदीप मीणा मौके पर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.