गुजरात के खेड़ा जिले में मुस्लिमों की भीड़ ने सोमवार रात एक मंदिर में गरबा कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 7 लोग घायल हो गए। मंगलवार को पुलिस 10 आरोपियों को गांव में लेकर आई और एक-एक कर बिजली के खंभे से बांधकर ग्रामीणों के सामने डंडों से पीटा। उन्हें उसी गरबास्थल पर मारा गया, जहां उन्होंने पथराव किया था। इस दौरान गांव वाले भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते रहे।
150 मुस्लिमों ने किया था पथराव
मातर पुलिस ने बताया कि सोमवार रात उंढेला गांव के मंदिर परिसर में गरबा कर रहे लोगों पर करीब 150 मुस्लिमों ने पथराव किया था। इनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। इनमें से 43 लोगों की पहचान भी कर ली गई है। हमला करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं।
आरोपियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी
घटना के बाद से गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पिटाई के दौरान आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ा रहे थे। पुलिस ने उन्हें जनता से माफी मांगने को कहा। इस पर आरोपियों ने वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी।
वडोदरा में झगड़ा, 40 लोग गिरफ्तार
3 अक्टूबर को ही वडोदरा में सावली कस्बे की सब्जी मंडी में दो समुदायों के बीच झगड़ा हुआ। इसमें 43 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। झगड़ा धार्मिक ध्वज लगाने को लेकर हुआ था। इसके बाद पत्थरबाजी की गई।
गुजरात में सांप्रदायिक हिंसा से जुड़ी यह खबर भी आप पढ़ सकते हैं...
अहमदाबाद के गरबा में मुस्लिम लड़कों की पिटाई, विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा
अहमदाबाद शहर के एक गरबा मैदान में पिछले मंगलवार की रात उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए थे, जब हिंदू संगठनों ने दो मुस्लिम युवकों को पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई की गई और मैदान से बाहर कर दिया। घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले को लेकर पुलिस में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.