पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भारतीय शास्त्रीय संगीत को पूरी दुनिया में लोकप्रियता के नए आयाम देने वाले सितार वादक पंडित रविशंकर का जन्म 1920 में आज ही के दिन बनारस में हुआ था। 7 भाइयों में सबसे छोटे रविशंकर की बचपन से ही संगीत में रुचि थी। रविशंकर भारत के उन गिने-चुने म्यूजिशियन में से एक हैं, जो पश्चिम में भी खासे लोकप्रिय रहे। पंडित जी 10 साल की उम्र से ही अपने भाई के डांस ग्रुप का हिस्सा थे। शुरुआत में उनका झुकाव डांस पर था। पर 18 साल की उम्र में उन्होंने सितार सीखना शुरू किया और इसके लिए मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खान से दीक्षा ली।
पंडित रविशंकर का अपने सितार से गहरा जुड़ाव था। वे दुनिया में कहीं भी शो करने जाते तो प्लेन में उनके लिए दो सीटें बुक की जाती थीं। एक सीट पंडित रविशंकर के लिए, दूसरी सुरशंकर के लिए। सुरशंकर उनके सितार का नाम था।
विवादों भरा वैवाहिक जीवन
पंडित रविशंकर का वैवाहिक जीवन विवादों से घिरा रहा। उनकी पहली शादी 1941 में गुरु अलाउद्दीन खान की बेटी अन्नपूर्णा से हुई। एक बेटे के जन्म के बाद वे अन्नपूर्णा से अलग हो गए। फिर वे नृत्यांगना कमला देवी के संपर्क में आए। कमला देवी से संबंध तोड़ने के बाद वे सुकन्या राजन के संपर्क में आए जिनसे उन्हें एक पुत्री अनुष्का शंकर का जन्म हुआ। 1980 के दशक के अंत में उनका संबंध सु जोन्स से रहा, जिनसे 1989 में बेटी नोराह जोन्स का जन्म हुआ, जो अमेरिका में आज एक प्रसिद्ध गायिका हैं।
विदेशी संगीत और सितार का फ्यूजन
पंडित रविशंकर की पहचान भारतीय संगीत को पश्चिमी देशों में लोकप्रिय बनाने को लेकर है। 1966 में उनकी मुलाकात बीटल्स के जॉर्ज हैरिसन से हुई थी। उस समय युवाओं में रॉक और जैज म्यूजिक का अपना जुनून था। रविशंकर ने युवाओं के बीच जाकर उनका ध्यान खींचा। उन्होंने जॉर्ज हैरिसन, गिटारिस्ट जिमी हैंड्रिक्स और वायलिन वादक येहुदी मेनुहिन जैसे नामचीन विदेशी म्यूजिशियंस के साथ 'फ्यूजन' म्यूजिक बनाया।
स्टेज पर आखिरी परफॉर्मेंस
पंडित रविशंकर को संगीत से इतना प्रेम था कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद खुद को स्टेज पर आने से रोक नहीं सके। 4 नवंबर 2012 को कैलिफोर्निया में उन्होंने अपनी बेटी अनुष्का के साथ आखिरी बार परफॉर्म किया। प्रस्तुति से पहले उनकी तबियत इतनी खराब थी कि ऑक्सीजन मास्क पहनना पड़ा था। उनके खराब स्वास्थ्य की वजह से ये कार्यक्रम पहले 3 बार टाला जा चुका था। देश-विदेश के तमाम पुरस्कारों के अलावा उन्हें तीन बार ग्रैमी पुरस्कार भी मिले। भारत में उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी नवाजा गया है। 1986 से 1992 तक वे राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी रहे। 12 दिसंबर 2012 को अमेरिका के सैन डिएगो के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना
7 अप्रैल 1948 को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना भी हुई थी। पूरी दुनिया इस दिन को वर्ल्ड हेल्थ डे के तौर पर मनाती है। WHO का मुख्य काम दुनियाभर में स्वास्थ्य समस्याओं पर नजर रखना और उन्हें सुलझाने में सदस्य देशों की मदद करना है। हर साल वर्ल्ड हेल्थ डे अलग-अलग थीम के साथ मनाया जाता है। इस बार की थीम है - Building a fairer, healthier world यानी एक उचित और स्वस्थ दुनिया का निर्माण।
7 अप्रैल को देश-दुनिया में हुई अन्य महत्वपूर्ण घटनाएं इस प्रकार हैं-
पॉजिटिव - आपका संतुलित तथा सकारात्मक व्यवहार आपको किसी भी शुभ-अशुभ स्थिति में उचित सामंजस्य बनाकर रखने में मदद करेगा। स्थान परिवर्तन संबंधी योजनाओं को मूर्तरूप देने के लिए समय अनुकूल है। नेगेटिव - इस...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.