पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी शनिवार को न्यायपालिका पर जमकर बरसे। अभिषेक ने कहा कि न्यायपालिका में कुछ गिने चुने लोग हैं जो हर मामले में CBI जांच का आदेश दे देते हैं।
ममता बनर्जी के सांसद भतीजे ने कहा कि मुझे यह कहते हुए शर्म आती है कि न्यायपालिका में एक-दो ऐसे लोग हैं, जिनकी सरकार से मिलीभगत है। कुछ चुनिंदा लोग हैं जो हर मामले में CBI जांच के आदेश दे रहे हैं। यह न्यायपालिका का सिर्फ एक प्रतिशत है।
इस बात पर भड़के अभिषेक
कोलकाता हाई कोर्ट ने पिछले कुछ महीनों में स्कूल सेवा आयोग (SSC) द्वारा भर्ती प्रक्रिया समेत कई मामलों में CBI जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले बंगाल में चुनावी हिंसा, कोयला घोटाला और आय से अधिक संपत्ति मामले में भी केंद्रीय जांच एजेंसियों CBI और ED अभिषेक और TMC से जुड़े कई नेताओं के खिलाफ जांच कर रही है। अभिषेक इसी बात से नाराज हैं।
केंद्रीय एजेंसियों के उत्पीड़न का लिया बदला
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि उन्होंने TMC में भाजपा के 2 सांसदों (बाबुल सुप्रियो और अर्जुन सिंह) को शामिल कर केंद्रीय एजेंसियों के उत्पीड़न का बदला ले लिया है। अभिषेक ने कहा कि अगर आप (केंद्र सरकार) सोचते हैं कि सच बोलने पर मेरे खिलाफ कार्रवाई करेंगे तो मैं हजार बार सच बोलूंगा।
तो भाजपा का वजूद खत्म हो जाएगा
अभिषेक यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि हमें धमकाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। बंगाल का अपमान करने के लिए उन्होंने राज्य से जुड़े मामलों में दो बार दिल्ली बुलाया। वे मुझे परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने भाजपा के दो सांसदों को पार्टी में शामिल कर उन्हें करारा जवाब देने का फैसला किया। बनर्जी ने दावा किया कि अगर हम अपने दरवाजे खोलेंगे तो बंगाल में भाजपा का वजूद खत्म हो जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा के साथ सौदा किया
अभिषेक बनर्जी ने बंगाल में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शुभेंदु ने CBI और ED से खुद को बचाने के लिए अपनी आत्मा, विरासत और मेदिनीपुर की भावना को बेच दिया। वह एक एहसान-फरामोश व्यक्ति है। इधर, भाजपा ने अभिषेक के बयान पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, उनके बयानों से पता चलता है कि TMC नेताओं के मन में न्यायपालिका के लिए कोई सम्मान नहीं है। उन्हें डर है कि CBI जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.