• Hindi News
  • Business
  • Adani Enterprise Hindenburg Row Vs Congress Protest | Rahul Gandhi, Narendra Modi

राहुल बोले- संसद में अडाणी पर चर्चा से सरकार डरी:लोकसभा-राज्यसभा कल तक स्थगित; अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 13 दिन में करीब 55% गिरे

नई दिल्ली4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर संसद के दोनों सदनों में सोमवार को भी जमकर हंगामा हुआ। एक तरफ विपक्ष इस पर चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने देशभर में LIC और SBI के ऑफिस के बाहर अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन की जांच संसदीय पैनल (JPC) या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

सोमवार को हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार अडाणी पर संसद में बहस नहीं चाहती। सरकार डरी हुई है। मोदीजी पूरी कोशिश करेंगे कि अडाणी पर संसद में बहस नहीं हो। मैं 2-3 साल से यह मुद्दा उठा रहा हूं। अडाणी के पीछे कौन सी शक्ति है। यह सामने आना चाहिए। उधर, सुप्रीम कोर्ट ने नई याचिका दाखिल कर रिटायर्ड जज की अगुआई में अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट की जांच कराने की मांग की गई है।

बाजार खुलते ही अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 5% गिरे
अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पब्लिश होने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है। रिपोर्ट 24 जनवरी को आने के बाद से अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 13 दिन में करीब 55% टूट चुके हैं।

कंपनी के शेयर्स में सोमवार सुबह 5% की गिरावट आई। हालांकि बाद में शेयर में ​रिकवरी दिखी और ये केवल 2% गिरकर 1,554 रुपए पर बंद हुआ। उधर, ब्रिटिश लेंडर स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने मार्जिन लोन पर कोलेटरल के रूप में अडाणी ग्रुप के बॉन्ड को लेना बंद कर दिया है। इससे पहले सिटीग्रुप और क्रेडिट सुइस बैंक भी ऐसा कर चुका है।

दिल्ली, जम्मू, तेलंगाना, महाराष्ट्र, केरल समेत 6 राज्यों में कांग्रेस LIC और SBI दफ्तरों के सामने प्रदर्शन कर रही है।
दिल्ली, जम्मू, तेलंगाना, महाराष्ट्र, केरल समेत 6 राज्यों में कांग्रेस LIC और SBI दफ्तरों के सामने प्रदर्शन कर रही है।

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने अडाणी मामले में चर्चा की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। दोनों सदनों के स्पीकर्स ने सांसदों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। इसके बाद जब दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू हुई तो फिर हंगामा हुआ। इसके बाद कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

विपक्षी पार्टियों का संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने धरना
कांग्रेस समेत 15 विपक्षी पार्टियों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने धरना दिया। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार आम लोगों के पैसे का इस्तेमाल अपने दोस्तों की मदद के लिए कर रही है। विपक्ष की मांग है कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होने दे।

सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के पास धरना दिया और SAVE SBI, SAVE LIC के नारे लगाए।
सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के पास धरना दिया और SAVE SBI, SAVE LIC के नारे लगाए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने विपक्षी नेताओं के साथ बैठक की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज विपक्षी नेताओं के साथ बैठक की। इसमें कांग्रेस, DMK, NCP, BRS, JD(U), SP, CPM, CPI, केरल कांग्रेस, JMM, RLD, RSP, AAP, IUML, RJD और शिव सेना मौजूद रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मीटिंग में TMC मौजूद नहीं रही।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा- पूरा विपक्ष एक साथ आएगा, चर्चा होगी और फैसला होगा। ये सिर्फ कांग्रेस का मुद्दा नहीं है, बल्कि भारत के आम लोगों का मुद्दा है। विपक्ष का कहना है कि संसद में और कोई मुद्दा नहीं उठेगा। उधर, UP में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने अडाणी जीएमआर के स्मार्ट प्रीपेड मीटर टेंडर को निरस्त कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक अडाणी ट्रांसमिशन ने सबसे कम बोली लगाई थी।

संसद परिसर में सोमवार को मल्लिकार्जुन खड़गे के चैंबर में 15 विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने चर्चा की।
संसद परिसर में सोमवार को मल्लिकार्जुन खड़गे के चैंबर में 15 विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने चर्चा की।

अडाणी अमीरों की लिस्ट में 18वें स्थान पर खिसके
शेयरों में गिरावट के बाद गौतम अडाणी की नेटवर्थ 60 बिलियन डॉलर हो गई है। पिछले साल ये 150 बिलियन डॉलर के करीब थी। सोमवार को जारी हुई फोर्ब्स की अमीरों की रियल टाइम लिस्ट में अडाणी 18वें स्थान पर आ गए। शुक्रवार को वह 22वें स्थान पर खिसक गए थे। 27 फरवरी के पहले अडाणी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे और एशिया में पहले नंबर पर थे।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद बीते 12 दिन की बड़ी बातें...

  • 24 जनवरी: हिंडनबर्ग ने 106 पेज की रिपोर्ट जारी कर अडाणी ग्रुप पर शेयर बाजार में धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे बड़े आरोप लगाए।
  • 27 जनवरी: अडाणी एंटरप्राइजेज 20,000 करोड़ का FPO लाया। पहले दिन सिर्फ 1% सब्सक्रिप्शन मिला। इस ऑफर का प्राइस बैंड 3112 से 3276 रुपए प्रति शेयर रखा गया था।
  • 29 जनवरी: अडाणी एंटरप्राइजेज का FPO फुल सब्सक्राइब हो गया। इसी दिन अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को गलत बताया। कहा- यह भारत पर साजिश के तहत हमला है। ग्रुप ने 413 पन्नों में इसका जवाब दिया।
  • 30 जनवरी: हिंडनबर्ग रिसर्च ने कहा- अडाणी से 88 सवाल पूछे गए। उनमें से वो 62 का जवाब देने में विफल रहे। धोखाधड़ी को राष्ट्रवाद के नाम पर छुपाया नहीं जा सकता। हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप के जवाब को ब्लोटेड रिस्पॉन्स करार दिया।
  • 1 फरवरी: अडाणी ग्रुप ने 20 हजार करोड़ रुपए के फुली सबस्क्राइब्ड FPO को रद्द कर इन्वेस्टर्स का पैसा लौटाने की बात कही।
  • 2 फरवरी: गौतम अडाणी ने FPO रद्द करने के बाद एक वीडियो मैसेज दिया। इसमें उन्होंने कहा, 'मेरे लिए निवेशकों का हित सर्वोपरि है।' इसी दिन संसद पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया RBI ने देश की सभी बैंकों से अडाणी ग्रुप को दिए कर्ज और निवेश का ब्योरा मांगा है। NSE ने अडाणी ग्रुप के तीन शेयरों को शॉर्ट टर्म के लिए एडिशनल सर्विलांस मेजर्स (ASM) लिस्ट में शामिल किया।
  • 3 फरवरी: एडवोकेट एमएल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर निवेशकों का शोषण करने और उन्हें ठगने के लिए हिंडनबर्ग रिसर्च के फाउंडर नाथन एंडरसन और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

ये खबरें भी पढ़े...

1. RBI ने बैंकों से पूछा-अडाणी ग्रुप को कितना कर्ज दिया, अडाणी खुद सामने आए

अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर गुरुवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। पूरे विपक्ष ने अडाणी ग्रुप के वित्तीय लेनदेन की जांच संसदीय पैनल (JPC) या सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से कराने की मांग की। इस मुद्दे पर हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा को कार्यवाही शुरू होते ही पहले दोपहर 2 बजे तक और फिर अगले दिन तक के लिए स्थगित करना पड़ा। पढ़े़ पूरी खबर...

2. जब अडाणी जैसी सिचुएशन में फंसे थे धीरूभाई अंबानी:रिलायंस को बचाने और पलटवार का 40 साल पुराना रोचक किस्सा

अडाणी मुसीबत में हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पब्लिश होने के बाद उनकी कंपनियों के शेयर्स औंधे मुंह गिरे हैं। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में वो तीसरे नंबर से 17वें नंबर पर खिसक गए हैं। लोगों के मन में एक ही सवाल है- अडाणी बाउंस बैक कैसे करेंगे। भास्कर एक्सप्लेनर में जानेंगे कि क्या है धीरूभाई अंबानी से जुड़ा 1982 का किस्सा... पूरा पढ़े...