पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • No Guests Will Come To India Till 15 April, Air India Cancels Flight To Italy, The Korea

15 अप्रैल तक भारत नहीं आएगा कोई विदेशी; एयर इंडिया ने इटली और दक्षिण कोरिया जाने वाली उड़ानें रद्द कीं

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मिलान से दिल्ली पहुंची एयर इंडिया फ्लाइट के क्रू और यात्रियों को आइसोलेशन में रखा गया है। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar
मिलान से दिल्ली पहुंची एयर इंडिया फ्लाइट के क्रू और यात्रियों को आइसोलेशन में रखा गया है। (फाइल फोटो)
  • महाराष्ट्र में राकांपा ने कोरोनावायरस के चलते कोई भी रैली या सभा आयोजित न करने का ऐलान किया
  • केरल हाईकोर्ट ने सभी जिला अदालतों को नोटिस भेजकर गैरजरूरी मामलों की सुनवाई टालने को कहा

नई दिल्ली. कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बुधवार को सभी वीजा आवेदन निरस्त करने का फैसला किया है। सरकार ने बुधवार को कहा- 13 मार्च की रात 12 बजे से सभी वीजा आवेदन 15 अप्रैल तक के लिए निरस्त कर दिए गए हैं। सरकार के फैसले के बाद एयर इंडिया ने अपनी इटली जाने वाली फ्लाइट 15 से 25 मार्च और दक्षिण कोरिया की उड़ान 14 से 28 मार्च तक के लिए रद्द कर दी है। एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द करने का फैसला 13 मार्च की रात 12 बजे से लागू होगा।


भारत सरकार ने विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों को ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड के जरिए देश में वीजा फ्री एंट्री देने की सुविधा दी है। संक्रमण रोकने के लिए फिलहाल ऐसे नागरिकों के भारत आने पर रोक लगा दी गई है। इधर, संक्रमण के खतरे को देखते हुए केरल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने सभी जिला अदालतों के जजों से केवल महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई करने को कहा है। उन्हें भेजी गई सूचना में कहा गया कि गैर जरूरी मामलों की सुनवाई को फिलहाल टाल दिया जाना चाहिए।

राकांपा ने रैली और सभा न करने का ऐलान किया
इस बीच, राजनीतिक गतिविधियों पर भी कोरोनावायरस का खौफ नजर आ रहा है। मुंबई में राकांपा नेता नवाब मलिक ने कहा- कोरोनावायरस को देखते हुए हमने तय किया है कि हम कोई सार्वजनिक रैली या सभा आयोजित नहीं करेंगे। हम सभी से अपील करते हैं कि ज्यादा लोगों को इकठ्ठा करने से बचें, ताकि कोरोनावायरस को फैलने से रोका जा सके। हमें सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए।

बुधवार को आए यात्री 14 दिन की निगरानी रखे गए
केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि 15 फरवरी तक भारत आए चीन, इटली, ईरान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी समेत भारतीय नागरिकों को 14 दिनों की निगरानी में रखा जाएगा। बुधवार को इटली के मिलान से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई एयर इंडिया फ्लाइट के सभी यात्रियों और क्रू मेंबर को भी 14 दिनों की निगरानी में रखा गया है।

अब तक 107 देशों में फैला कोरोनावायरस
कोरोनावायरस की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर से हुई। इसका संक्रमण अब तक 107 देशों में फैल चुका है। दुनियाभर में 4200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 1,17,330 लोग इससे संक्रमित हैं। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने इसे महामारी घोषित किया है। चीन को छोड़कर इटली, दक्षिण कोरिया जैसे देशों के अधिकतर नागरिक कोरोनावायरस से संक्रमण से ठीक हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...