• Hindi News
  • National
  • Arvind Kejriwal Bhagwant Mann Jantar Mantar Update | Modi Hatao Desh Bachao

केजरीवाल बोले- PM पढ़े-लिखे होते तो नोटबंदी नहीं करते:उन्हें नींद नहीं आती, इसलिए गुस्से में रहते हैं; उन्होंने 60 हजार सरकारी स्कूल बंद किए

नई दिल्ली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर के मंच से पीएम मोदी पर निशाना साधा। - Dainik Bhaskar
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर के मंच से पीएम मोदी पर निशाना साधा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते तो नोटबंदी नहीं होती। उन्हें नींद नहीं आती, इसलिए गुस्से में रहते हैं। केजरीवाल दिल्ली में जंतर-मंतर पर सभा को संबोधित कर रहे थे। यह सभा पीएम के खिलाफ पोस्टर लगाने पर हुई कार्रवाई के विरोध में थी।

PM पढे़-लिखे होते तो मुझसे सिसोदिया को अपने लिए मांगते, जेल नहीं भेजते: केजरीवाल
केजरीवाल ने लोगों से पूछा- क्या कम पढे़-लिखे पीएम देश का निर्माण कर सकते हैं। अगर वे पढ़े-लिखे होते तो कहते कि केजरीवाल मुझे मनीष सिसोदिया दे दो, लेकिन उन्होंने तो सिसोदिया को जेल में डाल दिया।

पीएम मोदी ने दावा किया था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म होगा, लेकिन नहीं हुआ। इस वजह से देश की अर्थव्यवस्था 10 साल पीछे चली गई। आज PM पढ़े लिखे होते तो GST सही से लागू होता। लोग जानते ही नहीं है कि GST होता क्या है। पीएम ने 60 हजार सरकारी स्कूल बंद किए। अगर वे पढ़े लिखे होते तो शिक्षा की कीमत पता चलती।

सभा के मंच पर पीछे मोदी हटाओ-देश बचाओ का पोस्टर लगाया गया।
सभा के मंच पर पीछे मोदी हटाओ-देश बचाओ का पोस्टर लगाया गया।

अडाणी को लेकर साधा निशाना
केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया के घर रेड का एक पैसा नहीं मिला, लेकिन वे अब तक जेल में हैं। सत्येंद्र जैन के घर रेड का एक पैसा नहीं मिला, लेकिन वे भी अब तक जेल में है। अडाणी के ऊपर इतने आरोप लगे, लेकिन सरकार ने एक जांच नहीं की। सुप्रीम कोर्ट ने ही मामले में जांच कमेटी बनाई, लेकिन प्रधानमंत्री ने उनके यहां ED और CBI नहीं भेजी।

PM बिना पढ़े ही फाइल साइन कर देते हैं: भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा- PM के पास अफसर फाइल लेकर आता है कि आधी रात को लोकसभा बुलाकर नोटबंदी लागू कर दो। PM बिना पढ़े फाइल साइन कर देते हैं। मान ने कहा कि किसी ने मुझे (मैसेज) भेजा- एक आदमी है जो बचपन में रेल के डिब्बों में चाय बेचता था, जब बड़ा हुआ तो रेल के डिब्बे बेच दिए। ऐसी कहावत चलती है।

पंजाब सीएम ने कहा कि हमसे आने वाली पीढ़ियां पूछेंगी कि जब देश बिक रहा था तो आप क्या कर रहे थे? हम आंख में आंख डालकर बोलेंगे कि आवाज तो हमने उठाई थी।
पंजाब सीएम ने कहा कि हमसे आने वाली पीढ़ियां पूछेंगी कि जब देश बिक रहा था तो आप क्या कर रहे थे? हम आंख में आंख डालकर बोलेंगे कि आवाज तो हमने उठाई थी।

मान ने कहा- भगत सिंह जी को चिंता थी कि आजादी के बाद देश किन हाथों में जाएगा। आज उनकी चिंता सही साबित हुई है, 75 साल बाद भी गलियां, सड़कें, नालियां वहीं रुके हुए हैं। वहीं PM को लगता है कि जबसे उन्होंने शपथ ली है तबसे देश आजाद हुआ है।

अंग्रेजों के राज में भी नहीं हुई इतनी FIR: गोपाल राय
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा- अंग्रेजों के राज में भी पोस्टर लगाने पर 136 FIR नहीं हुई थीं। कल पोस्टर लगाने पर FIR हुई थी। आज जंतर-मंतर पर हजारों लोग मोदी हटाओ, देश बचाओ के पोस्टर लेकर खड़े हैं। यहां आकर FIR करो। आने वाली 30 तारीख को देशभर में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगेंगे।

दिल्ली में कई जगहों पर मोदी हटाओ, देश बचाओ के पोस्टर दिखाई दिए थे।
दिल्ली में कई जगहों पर मोदी हटाओ, देश बचाओ के पोस्टर दिखाई दिए थे।

पोस्टर मामले में 36 FIR और 6 गिरफ्तार
राजधानी में बुधवार को ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने 36 FIR दर्ज कीं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो प्रिटिंग प्रेस मालिक भी शामिल हैं। पोस्टर ले जा रही एक वैन को भी जब्त किया गया।

आम आदमी पार्टी ने पूछा- पोस्टर में आपत्तिजनक क्या है
आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही बताया है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा- मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 FIR कर दीं? PM मोदी आपको शायद पता नहीं, पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है, एक पोस्टर से इतना डर क्यों?

आम आदमी पार्टी ने पोस्टर मामले में ट्वीट कर पीएम मोदी पर हमला बोला था।
आम आदमी पार्टी ने पोस्टर मामले में ट्वीट कर पीएम मोदी पर हमला बोला था।

1 लाख पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपेंद्र पाठक ने बताया, 'दो प्रिंटिंग प्रेस फर्म को ऐसे 50-50 हजार पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था। कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक इनमें से कई पोस्टर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस का नाम प्रकाशित न करने के आरोप में मालिकों को गिरफ्तार किया है।'

दो साल पहले भी दिल्ली में एंटी मोदी पोस्टर लगे थे
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा ही एक मामला दो साल पहले भी सामने आया था। जब दिल्ली में कोविड वैक्सीनेशन ड्राइव के दौरान मोदी की आलोचना करने वाले पोस्टर लगाए गए थे। तब दिल्ली पुलिस ने 30 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, 25 FIR दर्ज की गई थीं।

सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार के कद्दावर नेता थे। जेल जाने के चलते दोनों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार के कद्दावर नेता थे। जेल जाने के चलते दोनों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

जेल में हैं दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्री
दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया अभी जेल में है। इसे लेकर भी आम आदमी पार्टी की केंद्र सरकार से ठनी हुई है। आम आदमी पार्टी भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाती है।

दिल्ली शराब नीति केस में CBI ने सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। 27 फरवरी को उनकी कोर्ट में पेशी हुई थी, यहां से सिसोदिया को 5 दिन की CBI रिमांड पर भेजा गया था। फिलहाल, वे ED की कस्टडी में हैं। कोर्ट ने बुधवार को उनकी कस्टडी 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। वे 5 अप्रैल तक ED की कस्टडी में होंगे।

दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर रहे सत्येंद्र जैन को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैन, उनकी पत्नी पूनम और अन्य पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि जैन ने कथित रूप से दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाईं या खरीदी थीं। जैन भी तिहाड़ जेल में बंद हैं।

खबरें और भी हैं...