दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव को लेकर कांग्रेस को झटका लगा है। दिग्गज नेता महाबल मिश्रा रविवार को AAP में शामिल हो गए। सीएम केजरीवाल ने पहाड़गंज रैली के दौरान मिश्रा का पार्टी में स्वागत किया। महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा द्वारका से AAP के विधायक हैं। उधर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज राष्ट्रीय राजधानी में 14 रोड शो करेगी।
भाजपा का यह पावर-पैक रोड शो अलग-अलग जिलों में आयोजित हो रहे हैं। इन रोड शो का नेतृत्व पार्टी के 14 बड़े नेता करेंगे। इसे लेकर दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया- आज बीजेपी दिल्ली पर हमला करने जा रही है। इनके कई राजा महाराजा अपनी अपनी सेनाएं लेकर चारों तरफ से दिल्ली पर हमला कर रहे हैं। लेकिन जैसे अभी तक दिल्ली के लोगों ने बीजेपी और इनके LG के हमलों का वीरता के साथ सामना किया, वैसे ही आज भी दिल्ली की जनता इनको करारा जवाब देगी।
भाजपा के बड़े नेता करेंगे रोड शो का नेतृत्व
इस रोड शो में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मीनाक्षी लेखी, जितेंद्र सिंह, हरदीप पुरी गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमाचल CM जयराम ठाकुर, असम CM हिमंत बिस्वा सरमा, हरियाणा CM मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी शामिल हैं। इसके अलावा रोड शो में पार्टी के अन्य सांसद रमेश बिधूड़ी, गौतम गंभीर, मनोज तिवारी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और दिनेश लाल यादव भी शामिल होंगे।
शाम 4 से 6 बजे तक होगा रोड शो
भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, रोड शो शाम 4 से 6 बजे तक होगा। बीजेपी अपने पक्ष में ज्यादा से ज्यादा वोट हासिल करने के लिए क्षेत्रवार समर्पित नेताओं पर फोकस कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एमसीडी चुनाव में BJP और AAP से 250-250 वैध उम्मीदवार हैं। वहीं, कांग्रेस के तीन नामांकन रद्द हुए, कांग्रेस सिर्फ 247 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
केजरीवाल की आज पहाड़गंज में रैली
CM केजरीवाल आज पहाड़गंज में रैली की। इसके बाद वह करोल बाग में एक नुक्कड़ सभा में लोगों के साथ जनसंवाद करेंगे। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- आज करोल बाग में जनसंवाद करूंगा। लोग क्या चाहते हैं, उनके दिल में क्या है? सबके साथ मिलकर लोगों के सपनों की दिल्ली बनाएंगे।
इससे पहले शनिवार को दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की जनता के नाम जरूरी संदेश दिया। उन्होंने कहा- अगर आपने MCD चुनाव में गलती से BJP का पार्षद चुन लिया तो वो 24×7 केजरीवाल जी से लड़ेगा और आपके सारे काम रुकवा देगा। केजरीवाल जी का विधायक है, तो पार्षद भी केजरीवाल का ही चुनना है जो आपके सारे काम कराएगा।
4 दिसंबर को होगी वोटिंग
दिल्ली नगर निगम (MCD) के 250 वार्डों के लिए चुनाव चार दिसंबर को होंगे। 7 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी और रिजल्ट आएगा। पहले ये चुनाव अप्रैल में होने थे, लेकिन तीनों निगमों के एकीकरण के फैसले के चलते चुनाव में देर हुई। एमसीडी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 14 नवंबर थी।
चुनाव के लिए 50 हजार से ज्यादा EVM होंगी
दिल्ली के सभी 250 वार्ड में EVM से वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 50 हजार से ज्यादा EVM रखी गई हैं। वोटर की सुविधा के लिए चुनाव में एक लाख से ज्यादा कर्मचारियों की तैनाती होगी। चुनाव में 250 ARO, 2 हजार सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। 68 जनरल ऑब्जर्वर तैनात होंगे।
MCD चुनाव से जुड़ी अन्य खबरें...
टावर पर चढ़े AAP नेता नीचे उतरे, MCD चुनाव में टिकट न मिलने से थे नाराज
दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज AAP के पूर्व पार्षद हसीब उल हसन रविवार को शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के पास ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गए। उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाया। हसीब ने कहा कि आखिरी समय में उनका टिकट काट दिया गया और उनकी जगह किसी और का नाम दिया गया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें टावर से नीचे उतार लिया गया। पढ़ें पूरी खबर...
MCD चुनाव में BJP की लिस्ट जारी
दिल्ली में MCD चुनाव को लेकर भाजपा ने 232 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। इनमें 126 महिलाएं हैं। कुल 250 सीटों में से बाकी बचे 18 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान बाद में किया जाएगा। जिन 232 उम्मीदवारों के नाम आए हैं, उनमें 9 पूर्व मेयर, 52 पूर्व पार्षद, 3 डॉक्टर, 4 जिला अध्यक्ष शामिल हैं। इसके अलावा 3 विधानसभा चुनाव लड़ चुके कैंडिडेट के साथ-साथ दो प्रदेश पदाधिकारियों को भी मौका दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.