केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक (68) की कार सोमवार को कर्नाटक के अंकोला में पलट गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में श्रीपद नाइक की पत्नी विजया नाइक और पीए की मौत हो गई है। नाइक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सोमवार की रात गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, 'केंद्रीय मंत्री नाइक अब खतरे से बाहर हैं। उनकी हालत स्थिर है। आज रात उनके दो माइनर ऑपरेशन किए जाने हैं। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट करने की जरूरत नहीं है।' इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात करके वहां केंद्रीय मंत्री के इलाज की बेहतर व्यवस्था करवाने को कहा था।
नाइक के साथ तीन लोग भी घायल
मूल रूप से गोवा के रहने वाले नाइक अपनी पत्नी विजया के साथ गोकर्ण जा रहे थे। येल्लापुर से गोकर्ण के बीच उनके ड्राइवर ने कार से कंट्रोल खो दिया। हादसे में नाइक की पत्नी विजया और उनके पीए की मौत हो गई। वहीं मंत्री श्रीपद नाइक और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
मंदिरों में दर्शन करके लौट रहे थे मंत्री
जानकारी के मुताबिक, श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी सोमवार सुबह उत्तर कर्नाटक के येल्लापुर गए थे। वहां उन्होंने गणपति मंदिर, कवादिकरे मंदिर, पंडवासी ग्राम दीवी मंदिर और ईश्वरा मंदिर में दर्शन किए थे। इन मंदिरों में नाइक और उनकी पत्नी ने गणवाहन अनुष्ठान करके विशेष पूजा की थी। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.