असम से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सिगरेट पीने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 20 साल के सेहरी चौधरी के तौर पर हुई है। वह असम के कचर जिले के गोविंदपुरा गांव का रहने वाला है। उसे फ्लाइट क्रू ने टॉयलेट में स्मोक करते पकड़ा था।
फ्लाइट के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करते ही इस शख्स को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी पैसेंजर को ज्यूडिशियल कस्टडी में रखा गया है और परप्पाना अग्रहारा जेल सेंट्रल जेल भेजा गया है। उस पर दूसरे पैसेंजर्स की जिंदगी खतरे में डालने का आरोप लगा है। उस पर IPC की धारा 336 और सप्रेशन ऑफ अनलॉफुल एक्ट्स अगेन्स्ट सेफ्टी ऑफ सिविल एविएशन एक्ट की धारा 3(1)(c) के तहत केस दर्ज किया गया है।
बैग की तलाशी में सिगरेट डिटेक्ट न होना सिक्योरिटी में चूक
आरोपी ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि उसने सामान की तलाश लिए जाने के समय अपने बैग में सिगरेट रखी थी, जिसे फ्लाइट बोर्ड करने के बाद उसने अपने ट्राउजर की पॉकेट में रख लिया था। इस पर पुलिस का कहना है कि सिगरेट चाहे जितनी गहरी पॉकेट में रखी हो, वह बैग चेकिंग के समय बड़ी आसानी से डिटेक्ट हो जाती है। इस मामले में एयरपोर्ट पर सामान की चेकिंग के दौरान सिगरेट को ट्रेस न कर पाना सिक्योरिटी में बड़ी चूक है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक बेंगलुरु के एक मॉल में कपड़ों की दुकान पर असिस्टेंट मैनेजर था। वह पिछले साल बेंगलुरु छोड़कर अपने होम-टाउन में सेटल हुआ था। वह नई जॉब पाने की उम्मीद में दोबारा बेंगलुरु जा रहा था।
15 दिन में इंडिगो फ्लाइट में स्मोकिंग की दूसरी घटना
5 मार्च की रात को कोलकाता से बेंगलुरु आ रही इंडिगो फ्लाइट के वॉशरूम में एक महिला स्मोक करते हुए पकड़ी गई थी। 24 साल की महिला का नाम प्रियंका चक्रवर्ती था और वह पश्चिम बंगाल के सियालदाह की रहने वाली थी।
उड़ान के दौरान महिला वॉशरूम गई थी। क्रू ने लैवेटरी से धुआं उठते देखकर उसे पकड़ा था। उसने सिगरेट पीने के बाद बिना बुझी सिगरेट का टुकड़ा डस्टबिन में फेंक दिया था, जिसे क्रू ने पानी डालकर बुझाया था। फ्लाइट के बेंगलुरु लैंड होने के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया था।
एअर इंडिया की फ्लाइट में अमेरिकी यात्री ने सिगरेट पी
एअर इंडिया के विमान में एक यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया। घटना 11 मार्च की है। पुलिस के मुताबिक लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट में एक अमेरिकी यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था। क्रू मेंबर्स ने जब उसे रोका तो वह उन पर चिल्लाने लगा। फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बैठा दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.