जम्मू में कठुआ जिले के हीरानगर से कड़ी सुरक्षा के बीच भारत जोड़ो यात्रा रविवार को फिर से शुरू हुई। शनिवार को ब्रेक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हीरानगर से सुबह 7 बजे यात्रा रवाना हुई। शनिवार को नरवाल में हुए ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियों ने सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। NIA की टीम जांच के लिए पहुंच गई है। उधर, LG मनोज सिन्हा ने हाई लेवल मीटिंग बुलाई है।
J&K प्रदेश कांग्रेस प्रमुख विकार रसूल वानी, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा लेकर राहुल गांधी ने सुबह 8 बजे लोंदी चेक प्वाइंट पार किया। यात्रा सांबा जिले के तपयाल-गगवाल में प्रवेश कर चुकी है। सुरक्षा कारणों के चलते जम्मू-पठानकोट हाईवे को सील किया गया है।
यात्रा के दौरान सड़क से बाहर दोनों तरफ इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहुल का जोरदार स्वागत किया। प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं हो सकता। यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियां जो कहती हैं हम उसका पालन करेंगे।
आज यात्रा 25 किलोमीटर चलेगी
आज यात्रा 25 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद चक नानक पहुंचेगी, यहां रात को विश्राम होगा। सोमवार को सांबा के विजयपुर से यात्रा फिर जम्मू के लिए रवाना होगी। अधिकारियों ने कहा कि राहुल गांधी के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
LG मनोज सिन्हा ने बुलाई बैठक
एलजी मनोज सिन्हा ने शनिवार को जम्मू शहर के बाहरी इलाके नरवाल में हुए ब्लास्ट के बाद आज विशेष बैठक बुलाई है। इसमें SSP समेत सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल होंगे। मीटिंग में LG धमाकों के बारे में जानकारी लेंगे। उधर, NIA की एक टीम भी विस्फोट स्थल पर जांच के लिए पहुंची है।
नरवाल में दो ब्लास्ट
नरवाल इलाके में शनिवार को दो ब्लास्ट हुए, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। पुलिस को संदेह है कि ब्लास्ट के लिए आईईडी का इस्तेमाल किया गया था। यह आतंकी हमला ऐसे समय में हुआ है जब कांग्रेस की यात्रा और रिपब्लिक डे के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इन धमाकों के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म होगी यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा मार्च 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई और गुरुवार रात को पंजाब से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश किया। यात्रा 30 जनवरी को राहुल गांधी की ओर से कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ श्रीनगर में खत्म होगी।
भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...
जम्मू के नरवाल में 2 कारों में ब्लास्ट, 20 मिनट में दो धमाके
जम्मू के नरवाल में शनिवार को लगातार दो धमाके हुए। इनमें 9 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस धमाकों की वजह पता करने की कोशिश कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, NIA की टीम इन धमाकों की जांच करेगी। ये ब्लास्ट जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री के दो दिन बाद हुए हैं। हालांकि, ब्लास्ट वाली जगह यात्रा से 58 किमी की दूरी पर है। पढ़ें पूरी खबर...
फारूक अब्दुल्ला ने राहुल गांधी की शंकराचार्य से तुलना की
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने राहुल गांधी की तुलना आदि शंकराचार्य से की है। उन्होंने कहा- सदियों पहले शंकराचार्य यहां आए थे। वह तब चले जब सड़कें नहीं थीं, लेकिन जंगल थे। वह कन्याकुमारी से पैदल चलकर कश्मीर गए थे। राहुल गांधी दूसरे व्यक्ति हैं, जिन्होंने उसी कन्याकुमारी से यात्रा निकाली और कश्मीर पहुंच रहे हैं। अब्दुल्ला ने ये भी कहा कि ये 'राम' और 'गांधी' का देश है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.