• Hindi News
  • National
  • Rahul Gandhi Yatra Jammu Kashmir (Sri Nagar) Update; Mallikarjun Kharge Priyanka Gandhi | Congress Bharat Jodo Yatra

श्रीनगर में भारी बर्फबारी में राहुल की भावुक स्पीच:बोले-कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा, मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझते

श्रीनगर4 महीने पहलेलेखक: वैभव पलनीटकर
  • कॉपी लिंक

भारी बर्फबारी के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को श्रीनगर में खत्म हो गई। यह 145 दिन पहले 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। राहुल ने क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में 35 मिनट लंबी स्पीच दी। इस दौरान दो बार मोदी, अमित शाह और RSS का जिक्र किया और भाजपा पर हमला बोला।

राहुल ने कहा, 'मैं अब जम्मू-कश्मीर के लोगों से और सेना-सुरक्षाबलों से कुछ कहना चाहता हूं। मैं हिंसा को समझता हूं। मैंने हिंसा सही है, देखी है। जिसने हिंसा नहीं देखी है, उसे यह बात समझ नहीं आएगी। जैसे मोदीजी हैं, अमित शाहजी हैं, संघ के लोग हैं, उन्होंने हिंसा नहीं देखी है। डरते हैं। यहां पर हम 4 दिन पैदल चले। गारंटी देता हूं कि भाजपा का कोई नेता ऐसे नहीं चल सकता है। इसलिए नहीं कि जम्मू-कश्मीर के लोग उन्हें चलने नहीं देंगे, इसलिए क्योंकि वे डरते हैं। कश्मीरियों और फौजियों की तरह मैंने अपनों को खोने का दर्द सहा है। मोदी-शाह यह दर्द नहीं समझ सकते।'

भारी बर्फबारी के बीच कार्यकर्ता जमा रहे
श्रीनगर में सुबह से भारी बर्फबारी हुई। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। उधर, राहुल यहां भी अलग रंग में दिखे। उन्होंने बहन प्रियंका के साथ बर्फबारी का लुत्फ उठाया। दोनों एक-दूसरे पर बर्फ उछालते नजर आए।

भारी बर्फबारी के बीच कांग्रेस की रैली में शामिल हुए लोग।
भारी बर्फबारी के बीच कांग्रेस की रैली में शामिल हुए लोग।

राहुल के स्पीच की बड़ी बातें; दो बार मोदी, अमित शाह और RSS का जिक्र किया

  • मुझे थोड़ा अहंकार था, उतर गया: मैं कन्याकुमारी से चला था। पूरे देश में चले हम लोग। सच बताऊं तो मुझे लगा कन्याकुमारी से कश्मीर चलने में मुश्किल नहीं होगी। फिजिकली ये काम मुश्किल नहीं होगा। ये मैंने सोचा था। शायद मैं काफी वर्जिश करता हूं, इसलिए थोड़ा सा अहंकार आ गया, जैसे आ जाता है। मगर फिर बात बदल गई। 5-7 दिन चलने के बाद जबरदस्त प्रॉब्लम हुई थी। थोड़ा अहंकार उतर गया, मैं सोचने लगा कि जो 3500 किलोमीटर हैं, उन्हें चल पाऊंगा कि नहीं। मुझे जो आसान काम लगा, वो काफी मुश्किल हो गया। किसी न किसी तरह से मैंने ये काम पूरा कर लिया।
  • एक व्यक्ति ने कहा- ये बच्चे गंदे हैं, मैंने कहा- हमसे ज्यादा साफ हैं: 'यात्रा मैं चल रहा था, 4 बच्चे आए। ये भीख मांगते थे, उनके पास कपड़े नहीं थे। मजदूरी करते थे तो मिट्टी थी। मैं उनके गले लगा, घुटनों पर जाकर पकड़ा। मेरे साथ चल रहे एक व्यक्ति ने बोला कि ये बच्चे गंदे हैं, इनके पास नहीं जाना चाहिए। मैंने उनसे कहा कि बच्चे आपसे और मुझसे ज्यादा साफ हैं।
  • इस टी-शर्ट का रंग, लाल कर दो: मैं जम्मू से कश्मीर जा रहा था तब मेरी सुरक्षा की बात हो रही थी। मुझसे कहा गया कि पैदल चलने पर आप पर ग्रेनेड फेंका जाएगा। मैंने कहा 4 दिन चलूंगा, बदल दो इस टी-शर्ट का रंग, लाल कर दो। देखी जाएगी। मगर जो मैंने सोचा था, वही हुआ। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने मुझे हैंड ग्रेनेड नहीं दिया, अपने दिल खोलकर प्यार दिया। गले लगे। मुझे खुशी हुई कि उन सबने मुझे अपना माना। प्यार से बच्चों ने, बुजुर्गों ने आंसुओं से मेरा यहां स्वागत किया। मैं अब जम्मू-कश्मीर के लोगों से और सेना-सुरक्षाबलों से कुछ कहना चाहता हूं। देखिए मैं हिंसा को समझता हूं।
  • मैंने वो जगह देखी, जहां दादी को गोली मारी थी: 14 साल का था। जो मैं अभी कह रहा हूं, ये बात प्रधानमंत्री और अमित शाह जी को नहीं समझ आएगी। ये बात कश्मीर को समझ आएगी, CRPF और आर्मी के परिवार वालों को समझ आएगी। उन्होंने मुझे कहा कि दादी को गोली लग गई। फिर मुझे गाड़ी में वापस ले गए, मुझे स्कूल से उठाया। फिर मैंने वो जगह देखी जहां मेरी दादी का खून था। पापा आए, मां आई। मां हिल गई थी, बोल नहीं पा रही थी। जो हिंसा करवाता है, मोदीजी हैं, अमित शाहजी हैं, अजित डोभाल जी हैं... वो दर्द को समझ नहीं सकते। हम दर्द को समझ सकते हैं। अपनों को खोने वालों के दिल में क्या होता है, जब फोन आता है तो कैसा लगता है, वो मैं समझता हूं, मेरी बहन समझती है।'
  • ये फोन कॉल बंद होने चाहिए: एक पत्रकार ने सोचा कि जम्मू-कश्मीर से और यात्रा से क्या हासिल करना चाहते हैं। यात्रा का लक्ष्य है कि ये जो फोन कॉल हैं, भले आर्मी के हों, कश्मीरियों के हों, बंद होने चाहिए। ये फोन कॉल किसी मां को, किसी बच्चों को नहीं लेने चाहिए। मेरा लक्ष्य ये फोन कॉल बंद करने का है।
  • ये मैंने विचारधार के लिए किया: जो विचारधारा इस देश की नींव को तोड़ने की कोशिश कर रही है, उसके खिलाफ हम खड़े हों, मिलकर खड़े हों। नफरत से नहीं, क्योंकि वो हमारा तरीका नहीं, मोहब्बत से खड़े हों। हम मोहब्बत से खड़े होंगे, प्यार से बात करेंगे तो हमें सफलता मिलेगी। उनकी विचारधारा को सिर्फ हराएंगे नहीं, उनके दिलों से भी निकाल देंगे।

राहुल-प्रियंका बर्फ से खेले

राहुल और प्रियंका ने श्रीनगर में बर्फबारी का लुत्फ उठाया।
राहुल और प्रियंका ने श्रीनगर में बर्फबारी का लुत्फ उठाया।

रैली में किसने-क्या कहा
प्रियंका गांधी ने कहा- हर हिंदुस्तानी देश में एकता और शांति चाहता है। जो राजनीति तोड़ती है, उस राजनीति से भलाई नहीं हो सकती। BJY एक आध्यात्मिक यात्रा रही है। यात्रा के बीच में अजान का वक्त हो गया तो उन्होंने स्पीच रोक दी।
महबूबा मुफ्ती बोलीं- राहुल, आपने कहा था कि तुम कश्मीर में अपने घर आ गए हो। यह तुम्हारा घर है। मुझे उम्मीद है कि गोडसे की विचारधारा ने जम्मू-कश्मीर से जो छीन लिया, वह इस देश से वापस मिल जाएगा। गांधी जी ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में आशा की किरण देख सकते हैं। आज देश राहुल गांधी में आशा की किरण देख सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- ये यात्रा चुनाव जीतने या कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि नफरत के खिलाफ आवाज उठाने के लिए निकाली गई।

यात्रा के शुरू होने और खत्म होने के समय की 3 फोटोज

तारीख- 30 जनवरी, जगह- श्रीनगर। राहुल ने कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराकर भारत जोड़ो यात्रा का समापन किया।
तारीख- 30 जनवरी, जगह- श्रीनगर। राहुल ने कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराकर भारत जोड़ो यात्रा का समापन किया।
तारीख- 29 जनवरी, जगह- श्रीनगर। राहुल ने लाल चौक पर तिरंगा फहराया था।
तारीख- 29 जनवरी, जगह- श्रीनगर। राहुल ने लाल चौक पर तिरंगा फहराया था।
तारीख-7 सितंबर, जगह- कन्याकुमारी। राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देकर यात्रा की शुरुआत की थी।
तारीख-7 सितंबर, जगह- कन्याकुमारी। राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देकर यात्रा की शुरुआत की थी।

NC, PDP रैली में पहुंची, JDU, TMC, NCP नदारद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JDU, TMC, CPM, RJD, SP, NCP ने भारत जोड़ो यात्रा के क्लोजिंग सेरेमनी से दूरी बनाए रखी। वहीं, NC के उमर अब्दुला और PDP की महबूबा मुफ्ती इस रैली में शामिल होने पहुंचीं।

श्रीनगर में बोले राहुल- जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की बहाली हो
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि आर्टिकल 370 पर हमारा स्टैंड क्लियर है। हमारी वर्किंग कमेटी में इसकी चर्चा हुई है, इसके दस्तावेज दिखा दूंगा। हम जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की बहाली चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के मुताबिक, आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां सब ठीक हो गया है, लेकिन यहां टारगेट किलिंग हो रही है। लोगों में डर का माहौल है। अगर सब कुछ ठीक है तो अमित शाह जम्मू से श्रीनगर तक पदयात्रा करके दिखाएं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

ग्राफिक के जरिए यात्रा की पूरी कहानी...

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ीं ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...

शादी पर पहली बार बोले राहुल गांधी ने बताया कैसी लड़की चाहिए, उसमें कैसे गुण होने चाहिए

यह फोटो दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय की है, जब राहुल मां सोनिया को दुलार रहे हैं।
यह फोटो दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय की है, जब राहुल मां सोनिया को दुलार रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल अपनी दादी इंदिरा गांधी के बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने कहा- इंदिरा गांधी उनके जीवन का प्यार हैं, उनकी दूसरी मां हैं। इसी जवाब पर फिर सवाल हुआ- क्या ऐसी ही महिला से शादी करना चाहते हैं, जिसमें आपकी दादी जैसे गुण हों। शादी के लिए क्या ऐसी ही लड़की चाहिए। इस पर राहुल ने कहा- यह दिलचस्प सवाल है। मैं ऐसी महिला चाहूंगा, जिसमें मेरी मां और दादी...दोनों के गुण हों। वह अच्छा रहेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू:राहुल बोले- बीजेपी सरकार की सोच अंग्रेजों जैसी, आज देश पर सिर्फ 3-4 कंपनियों का राज

कांग्रेस ने बुधवार 7 सितंबर को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भारत जोड़ो यात्रा का 12 वां दिन:राहुल गांधी ने केरल में मछुआरों से पर्यावरण पर बात की; अब तक 200 KM की दूरी तय

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 12वां दिन है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के अलाप्पुझा के वडकल समुद्र तट पर मछुआरों से बात की। यात्रा शुरू करने के पहले राहुल ने मछुआरों से ईंधन की बढ़ती लागत, सब्सिडी में कमी, मछली का स्टॉक, शिक्षा के अवसर न मिलना और पर्यावरण के बारे में चर्चा की। यात्रा अब तक 200 KM की दूरी तय कर चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बारिश के बीच राहुल की जनसभा:कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बोले- हम प्यार फैलाने निकले हैं, हमें कोई नहीं रोक सकता

कर्नाटक के मैसूर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बारिश के बीच जनसभा को संबोधित किया। गांधी जयंती के मौके पर जब पूरे दिन की यात्रा के बाद राहुल लोगों को संबोधित करने के लिए मंच की तरफ बढ़े तो बारिश होने लगी। इस मौके पर राहुल ने बारिश रुकने का इंतजार नहीं किया। भीगते हुए उन्होंने भाषण जारी रखा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

राहुल बोले-दिग्विजय ने बेहूदा बात कही, पार्टी की राय अलग:सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना को सबूत देने की जरूरत नहीं

राहुल गांधी ने मंगलवार को सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान से पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने सेना के शौर्य पर कभी सवाल नहीं उठाया है। अगर सेना कुछ करती है तो उस पर सबूत देने की जरूरत नहीं। ये दिग्विजय जी की निजी राय है। मैं इससे सहमत नहीं हूं। पूरी खबर यहां पढ़ें...