कर्नाटक के मैसूर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बारिश के बीच जनसभा को संबोधित किया। गांधी जयंती के मौके पर जब पूरे दिन की यात्रा के बाद राहुल लोगों को संबोधित करने के लिए मंच की तरफ बढ़े तो बारिश होने लगी। इस मौके पर राहुल ने बारिश रुकने का इंतजार नहीं किया। भीगते हुए उन्होंने भाषण जारी रखा।
राहुल ने कहा- चाहे कुछ हो जाए, भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। हमारी यात्रा का उद्देश्य BJP-RSS की फैलाई हुई नफरत और हिंसा को रोकना है। गर्मी, तूफान या सर्दी भी इस यात्रा को नहीं रोक पाएंगे। यह यात्रा नदी की तरह बिना रुके कन्याकुमारी से कश्मीर जाएगी। और इस नदी में आपको नफरत और हिंसा जैसी चीजें नहीं मिलेंगी। इसमें सिर्फ प्यार और भाईचारा मिलेगा जो भारत के इतिहास और DNA में है। भाजपा और संघ ने चाहे जितनी नफरत फैलाई हो, ये यात्रा उसे रोकेगी और लोगों को फिर से जोड़ने में मदद करेगी।
गांधी जयंती पर राहुल बोले- महात्मा गांधी के कदमों पर चलना आसान नहीं
रविवार को दिन की रैली के दौरान राहुल ने महात्मा गांधी की 153वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल कर्नाटक के बदनावलु में उस खादी ग्रामोद्योग केंद्र पहुंचे जहां 1927 में महात्मा ने दौरा किया था। यहां राहुल ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के लिए राष्ट्रपति की धरोहर को अपना बताना बहुत आसान है, लेकिन महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि जैसे महात्मा गांधी ने अंग्रेज सरकार से लड़ाई लड़ी थी, हमने भी इस सोच के खिलाफ जंग छेड़ी है जिसने महात्मा की हत्या की थी। इस सोच ने ही पिछले 8 साल में हमारे देश में असमानता, भेदभाव फैलाया है। बड़ी मुश्किलों से कमाई हमारी आजादी को धीरे-धीरे करके खत्म किया है। हिंसा और असत्य की इसी राजनीति के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा अहिंसा और स्वराज का संदेश फैलाएगी।
यात्रा में 6 अक्टूबर को जुड़ेंगीं सोनिया गांधी, 7 अक्टूबर को प्रियंका
राहुल गांधी ने नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा अभियान में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी। वे 6 अक्टूबर को कर्नाटक के मंड्या में भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ेंगी। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी 7 अक्टूबर को इस यात्रा में शिरकत करेंगी। सोनिया गांधी पहली बार इस यात्रा में भाग लेंगी, क्योंकि जब यह यात्रा शुरू हुई थी उस दौरान वह मेडिकल जांच के लिए विदेश गई थीं।
राहुल के सामने कर्नाटक में बच्ची बोली- पापा नहीं रहे; बातें सुन सबकी आंखें छलकीं
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में प्रवेश कर चुकी है। 30 सितंबर को राहुल ने कोरोना के दौरान ऑक्सीजन की कमी से जान गंवाने वालों के परिजन से चामराजनगर के गुंदलुपेट शहर में मुलाकात की। इस दौरान 7 साल की बच्ची की स्पीच ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया। इस बच्ची के पिता की कोरोना से मौत हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा के 40 पोस्टर फाड़े गए
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक में प्रवेश कर चुकी है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य में राहुल गांधी के स्वागत में पोस्टर लगाए थे, लेकिन राहुल गांधी के पहुंचने से पहले करीब 40 पोस्टर फाड़ दिए गए। ये पोस्टर किसने फाड़े इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा पर इसका आरोप लगाया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.