झारखंड में भाजपा-आजसू में गठबंधन, अमित शाह और सुदेश महतो के बीच बैठक में बनी सहमति

4 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • भाजपा 13 सीटों पर और आजसू एक सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी
  • आजसू पार्टी झारखंड की 3 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी थी

रांची. भाजपा और आजसू गठबंधन के तहत लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। गिरिडीह सीट आजसू को देने पर सहमति बनी है, हालांकि आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने हजारीबाग सीट पर भी दावेदारी जताई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो की शुक्रवार को नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद गठबंधन को अंतिम रूप दिया गया। इसमें झारखंड के लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय भी मौजूद थे। प्रदेश नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।  


इधर, विपक्षी महागठबंधन को लेकर पिछले कई माह से कवायद जारी है। सीट शेयरिंग को लेकर मामला हर बार फंसता गया। इस बीच भाजपा आलाकमान ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो को बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया। वहां गठबंधन पर तत्काल फैसला ले लिया गया। बताया जाता है कि भाजपा 13 सीटों पर और आजसू एक सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें दी जाएंगी।  


वैसे आजसू पार्टी झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी थी। तीनों लोकसभा क्षेत्र के लिए पहले ही प्रभारियों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। गिरिडीह से अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा आजसू ने पहले ही कर दी थी। रांची और हजारीबाग में बूथ स्तर तक तैयारी की जा रही थी। इस बीच शुक्रवार को भाजपा के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया गया।  


सुदेश महतो ने भाजपा अध्यक्ष को बताया कि सीटों की शेयरिंग से भाजपा को ज्यादा फायदा होगा, क्योंकि उसके विरोध में तमाम विपक्षी पार्टियां एक छतरी के नीचे आने की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में आजसू के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन फायदेमंद होगा। यह पहला मौका है, जब भाजपा और आजसू के बीच लोकसभा चुनाव को लेकर गठबंधन किया गया। 2014 में आजसू अकेले चुनाव मैदान में थी।