पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नई दिल्ली. उन्नाव की दुष्कर्म पीड़ित के पिता की हत्या के मामले में दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर गुरुवार को अदालत में गिड़गिड़ाता नजर आया। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई के दौरान सीबीआई ने इसे वीभत्स मामला बताते हुए कठोर सजा देने की मांग की। इसके बाद सेंगर ने जिला जज धर्मेश शर्मा से कहा, ''मुझे इंसाफ दिया जाए या फिर फांसी पर लटका दिया जाए। अगर मैंने कुछ गलत किया है, तो मेरी आंखें तेजाब से जला दी जाएं।'' इस पर जज ने जवाब दिया, ''सभी तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही फैसला (दोषी ठहराने) किया गया है।'' कोर्ट इस मामले में शुक्रवार को दोषियों को सजा सुनाएगी। पिछले सप्ताह कुलदीप सेंगर के साथ दो पुलिसकर्मियों और तीन अन्य आरोपियों को कोर्ट ने दोषी ठहराया था। अदालत सभी को शुक्रवार को सजा सुनाएगी।
उन्नाव दुष्कर्म पीड़ित के पिता की 9 अप्रैल 2018 को ज्यूडिशियल कस्टडी में संदिग्ध मौत हो गई थी। पिछले हफ्ते इस मामले में आरोपियों को दोषी ठहराते हुए कोर्ट ने कहा था- घटनाक्रम से स्पष्ट हो जाता है कि कुलदीप सिंह सेंगर के संरक्षण में ही पुलिस ने पीड़ित को राइफल की बैरल से पीटा और उसके साथ हैवानियत की गई। इसलिए इसका दोष साबित होता है।
सीबीआई के वकील ने कहा, पुलिस की भूमिका चिंताजनक
अदालत में मौजूद सीबीआई के वकील ने कहा था- इस मामले में दो पुलिसकर्मी भी दोषी पाए गए हैं। यह चिंताजनक है। पुलिस ऑफिसर पब्लिक के लिए होते हैं। उनकी ड्यूटी लॉ एंड ऑर्डर कायम रखना है। पीड़ित के पिता बीमार थे, इसके बावजूद उन्हें शाम छह बजे तक पीटा गया। रात नौ बजे तक आरोपी पुलिसकर्मी वहीं मौजूद थे। ये लोग उसकी मदद कर सकते थे, लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया।
तीन साल पहले नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था
उन्नाव में कुलदीप सेंगर और उसके साथियों ने 2017 में नाबालिग को अगवाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले की जांच सीबीआई ने की थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केस दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया था। दिल्ली कोर्ट ने दोषी कुलदीप सिंह सेंगर (53) को 20 दिसंबर को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए उसे मृत्यु तक जेल में रखने के आदेश दिए थे। सेंगर पर 25 लाख रुपए जुर्माना भी लगाया गया था। कुलदीप सेंगर की विधानसभा सदस्यता भी रद्द की जा चुकी है।
कांग्रेस से बसपा-सपा में होते हुए भाजपा में आया कुलदीप
कुलदीप सेंगर की गिनती उत्तर प्रदेश के दलबदलू नेताओं में होती है। 4 बार से लगातार विधायक रहा कुलदीप कभी चुनाव नहीं हारा। उसने उन्नाव जिले की अलग-अलग सीटों से 3 बार चुनाव जीता। वह 2002 में पहली बार बसपा से सदर, 2007 में सपा से बांगरमऊ और 2012 में भगवंतनगर से चुनाव जीता था। 2017 में उसने भाजपा से बांगरमऊ सीट से चुनाव जीता था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.