पश्चिम बंगाल में नबन्ना चलो यात्रा के दौरान हुई हिंसा को लेकर भाजपा की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने जेपी नड्डा को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। साथ ही टीम ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। नबन्ना चलो यात्रा में हुई हिंसा के कारणों की जांच के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पांच सदस्यी टीम बनाई थी। टीम ने शनिवार शाम 4 बजे बीजेपी अध्यक्ष को जांच रिपोर्ट सौंप दी है। भाजपा की इस फैक्ट फाइंडिंग टीम में यूपी के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल, राज्यसभा सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर, समीर उरांव, अपराजिता सारंगी और सुनील जाखड़ शामिल हैं। टीम ने जेपी नड्डा को जांच रिपोर्ट सौंपने से पहले हिंसा में घायल भाजपा पार्षद मीना देवी पुरोहित से मुलाकात की।
भाजपा ने 13 सितंबर को ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया था। इसे सचिवालय चलो मार्च (नबन्ना चलो मार्च) नाम दिया गया है। इसके लिए दो दिन पहले से ही पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से भाजपा कार्यकर्ता और नेता ट्रेन और बसों से कोलकाता पहुंच रहे थे।
पुलिस की सख्ती के बाद शुरू हुआ उपद्रव
बंगाल पुलिस ने प्रदर्शन के खिलाफ सख्ती दिखाई। भाजपा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिलों में ही पुलिस ने हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं ट्रेन और बसों से आने वाले कार्यकर्ताओं को रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनल पर ही पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध भी हुआ।
प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी और आगजनी हुई
कुछ ही देर में प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। कोलकाता के लाल बाजार इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी फूंक दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी भी की।
भाजपा पार्षद मीना पुरोहित का सिर फट गया
इस दौरान भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान कोलकाता से भाजपा पार्षद मीना पुरोहित का सिर फट गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
शुभेंदु अधिकारी बोले- डोंट टच माय बॉडी
पुलिस ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहेक विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजुमदार को भी हिरासत में लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान शुभेंदु अधिकारी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शुभेंदु एक महिला पुलिस ऑफिसर से कह रहे हैं- डोंट टच माय बॉडी, आई एम मेल। वीडियो को अभिषेक बनर्जी ने भी पोस्ट किया है।
टीएमसी के कई नेता हिरासत में
इसके अलावा आसनसोल से विधायक लॉकेट चटर्जी समेत कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने डिटेन कर लिया। लॉकेट वही नेता हैं जिन्होंने आसनसोल से टीएमसी प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि वे चुनाव हार गई थीं। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा का भी सिर फट गया। हालांकि देर शाम उन्हें हिरासत से छोड़ दिया गया।
इस दौरान भाजपा नेता अधिकारी ने कहा, 'बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ नहीं है, इसलिए वह बंगाल में उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही कर रही हैं।' दिलीप घोष ने बंगाल पुलिस पर तृणमूल कार्यकर्ताओं की तरह काम करने का आरोप लगाया है।
बंगाल में नबन्ना चलो यात्रा के दौरान हुई हिंसा अन्य खबरें यहां पढ़ें...
मैं पुरुष हूं, CBI-ED मुझे छू भी नहीं सकती, TMC नेता का शुभेंदु अधिकारी पर तंज
TMC नेता इदरीस अली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह सफेद कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं। कुर्ते पर लिखा है, मैं पुरुष हूं, इसलिए CBI और ED जैसी एजेंसियां मुझे छू भी नहीं सकती हैं। इदरीस ने नाम लिए बिना भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.