- Hindi News
- National
- BJP Organisational Workshop Delhi | PM Modi Inauguration Session Update
भाजपा का दो दिनी वर्कशॉप शुरू,राज्यों के प्रभारी भी शामिल:PM मोदी उद्घाटन सत्र में पहुंचे, राष्ट्रीय पदाधिकारी संगठन मजबूत करने पर करेंगे चर्चा
- कॉपी लिंक

भाजपा संगठन का दो दिन का वर्कशॉप शुक्रवार को दिल्ली के पूसा में शुरू हुआ। इसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी शामिल हैं। PM नरेंद्र मोदी उद्घाटन सत्र में पहुंच गए हैं।
वे पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत कर सकते हैं। उद्घाटन सत्र में वर्कशॉप का एजेंडा और इसके लक्ष्य तय किए जाएंगे।
रात करीब 9 बजे अनौपचारिक बातचीत का सत्र शुरू होगा। यह सत्र देर रात तक चलने की उम्मीद है।

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष कर रहे हैं। इसमें संगठन मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। नवीन भी प्रतिभागियों को संबोधित कर सकते हैं।
दूसरे दिन तीन सत्र होंगे
वर्कशॉप के दूसरे दिन शनिवार को सुबह से कार्यवाही शुरू होगी। इस दिन तीन सत्र रखे गए हैं।
इन सत्रों में पार्टी पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज और रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी के विभिन्न स्तरों पर काम मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा होगी।
सूत्रों के मुताबिक, वर्कशॉप में छोटे समूहों में भी चर्चा होगी। इसमें पदाधिकारी संगठन की प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीतियों पर विचार रख सकेंगे।
समापन सत्र शाम करीब 4 बजे शुरू होगा।
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
वर्कशॉप में संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य BJP के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को दिशा देना है।
नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी बातचीत होगी।
अगस्त में PM मोदी राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मिले थे
इससे पहले PM मोदी ने 22 अगस्त को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। यह BJP अध्यक्ष नितिन नबीन की 65 सदस्यीय टीम की घोषणा के बाद उनकी पहली बैठक थी।
नितिन नबीन ने 17 अगस्त को 65 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। बैठक के बाद PM मोदी ने X पर लिखा था, “संगठनात्मक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नजरियों पर चर्चा का मंच होती हैं। पार्टी के सहयोगियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ शानदार बातचीत हुई।”






















