मिदनापुर. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को ओडिशा के कटक और पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में रैली की। पूर्वी मिदनापुर में रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई, पथराव भी हुआ। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह ममताजी को बहुत महंगा पड़ेगा। प्रियंका गांधी के राजनीति में आने पर शाह ने रैली में कहा- पहले कांग्रेस में 2जी (गांधी) थे, लेकिन अब 3जी हो गए। मतलब अब पहले से भी ज्यादा घोटाले होंगे।
विजयवर्गीय ने कहा- हम ममताजी को चेतावनी देना चाहते हैं कि इस प्रकार भाजपा का कार्यकर्ता ना डरने वाला है और ना झुकने वाला है। ये ममताजी को बहुत महंगा पड़ेगा, यह मैं कहना चाहता हूं। उधर, बंगाल भाजपा के नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल हमारी ताकत से डर रही है इसीलिए वह हिंसा का रास्ता अपना रही है। दुर्भाग्य यह है कि सबकुछ पुलिसवालों के सामने हुआ। हमलावरों ने महिला कार्यकर्ताओं को भी नहीं बख्शा।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से की बात : राजनाथ सिंह ने ममता बनर्जी से बात करके पूरे मामले पर चिंता जाहिर की, साथ ही उन्होंने पूछा की हिंसा में लिप्त लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।
यह लोकतंत्र की रक्षा है या हत्या है- संबित
भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा- एक ओर कोलकाता में लोकतंत्र बचाने के लिए गठबंधन बनाकर रैली की जाती है। दूसरी ओर भाजपा को रैली नहीं निकालने दी जाती, रथयात्रा नहीं करने दी जाती है। भाजपा की रैलियों में लोगों पर हमला और आगजनी लोकतंत्र की रक्षा है, या हत्या? टीएमसी के गुंडे खुलेआम पत्थरबाजी करते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को गाड़ियों से निकालकर पीटा जाता है और पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रहती है। ये आगजनी की घटनाएं यह साफ करती हैं कि ममताजी के राज में तालिबानी ताकतें काम करती हैं। बंगाल में ममताजी का जनमत खत्म हो गया है और भाजपा के बढ़ते जनमत से वह डर गई हैं।
भाजपा के गुंडों ने ही किया ये सब: टीएमसी
टीएमसी नेता मदन मित्र ने कहा, \'भाजपा के अंत की शुरुआत अब बंगाल से हो चुकी है। पूर्वी मिदनापुर में जो हुआ वह सब भाजपा ने ही करवाया है। उन्होंने इस काम के लिए झारखंड के कुछ गुंडों को खरीदा था। उन्हीं लोगों ने यह सब किया है। हमारा इसमें कोई हाथ नहीं है।\'
ममता दीदी ने बंगाल के जिलों में बम की फैक्ट्री लगवा दी- शाह
ओडिशा में बोले शाह- कांग्रेस-बीजद एक ही सिक्के के दो पहलू
1) महागठबंधन नेता और नीति विहीन: शाह
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र से काफी पैसा मिलने के बावजूद पटनायक सरकार की अक्षमता और निष्क्रियता के चलते ओडिशा पिछड़ा हुआ है। बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार में 14वें वित्त आयोग ने ओडिशा के विकास के लिए 2,11,510 करोड़ रुपए दिए।
शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को हराने के लिए विपक्षी दलों ने मिलकर महागठबंधन बनाया। यह नेता और नीति विहीन है। भाजपा केंद्र की सत्ता में बनी रहेगी, क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीबों और अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय के लोगों के कल्याण तथा विकास के लिए गंभीरता से काम किया है।
उन्होंने कहा कि बीजेडी और कांग्रेस दोनों एक ही सिक्के दो पहलू हैं। दोनों ही पार्टियों ने देश और राज्य के लिए कुछ नहीं किया। शाह ने आरोप लगाया कि पटनायक सरकार केंद्र की योजनाओं को जनता तक पहुंचने ही नहीं देती है।
ओडिशा में मेहनतकश लोगों की कमी नहीं है। यहां भरपूर प्राकृतिक संसाधन हैं। इसके बावजूद राज्य विकास नहीं कर पा रहा है। ओडिशा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को राज्य में लागू ही नहीं किया। उन्हें डर है कि योजना के जरिए नरेंद्र मोदी यहां भी लोकप्रिय हो जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.