दिग्गज एक्टर अन्नू कपूर को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें गुरुवार सुबह से चेस्ट प्रॉब्लम हो रही थी। अस्पताल के चेयरमैन डॉ अजय स्वरूप ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उसमें सुधार भी हो रहा है। उनका इलाज जारी है।
अन्नू कपूर ‘हम’, ‘राम लखन’, ‘घायल’, ‘ऐतराज’, ‘सात खून माफ’, ‘जॉली एलएलबी’ जैसी फिल्मों में नजर आए हैं। उन्हें ‘विक्की डोनर’ फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला है। उनकी हालिया रिलीज अमेजन प्राइम पर आई वेब सीरीज ‘क्रैश कोर्स’ थी।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
सूरत में कार शोरूम में लगी भीषण आग, दस कारें जलीं
गुजरात में सूरत के उधना इलाके में एक कार शोरूम में भीषण आग लग गई। शाम के समय आचनक लगी आग की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर टेंडर पहुंच गए हैं। हुंडई कार शोरूम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि सभी लोग शो रूम से बाहर भाग गए। अनुमान के मुताबिक शोरूम में रखी करीब 10 कारें आग की चपेट में आ गईं।
कश्मीर में पूर्व विधायक के घर के पास ग्रेनेड मिला; बाउंड्री के बाहर रखा था
जम्मू-कश्मीर में सुरनकोट के पूर्व विधायक के घर के पास ग्रेनेड मिला है। ग्रेनेड उनके घर की बाउंड्री के पास बाहर की ओर रखा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बद्रीनाथ धाम के कपाट इस साल 27 अप्रैल को खुलेंगे, बसंत पंचमी के मौके पर हुई घोषणा
श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट इस साल 27 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर खुलेंगे। इसका ऐलान राजदरबार नरेंद्र नगर में बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक समारोह में हुआ। कार्यक्रम में बताया गया- गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा का 12 अप्रैल को निकलेगी।
रिपब्लिक डे पर बाबा रामदेव का दावा- पाकिस्तान के जल्द ही 4 टुकड़े होंगे, भारत में होगा विलय
74वें रिपब्लिक डे पर हरिद्वार में बाबा रामदेव ने दावा किया है कि पाकिस्तान के जल्द ही 4 टुकड़े होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब, PoK और बलूचिस्तान अलग राष्ट्र बनेंगे। इन सबका भारत में विलय होगा। रामदेव ने कहा कि आने वाले समय में भारत एक महाशक्ति के रूप में उभरेगा।
इसके अलावा रामदेव ने कहा कि आजकल सनातन धर्म को नीचा दिखाने के लिए देश में धार्मिक आतंकवाद चल रहा है। कभी सनातन धर्म, तो कभी हमारे महापुरुषों के चरित्र पर तरह-तरह के लांछन लगाया जा रहा है। जो ऐसा कर रहे हैं, वे राष्ट्र विरोधी हैं। यह सब कुछ विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा है।
UP के आगरा में खुदाई के दौरान 4 मकान गिरने से 1 बच्ची की मौत
यूपी के आगरा में गुरुवार सुबह धर्मशाला के बेसमेंट में खुदाई के दौरान 4 मकान ढह गए। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई। 2 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में 3 लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी। सभी को निकाल लिया गया है।
इंस्टाग्राम-फेसबुक पर वापसी करेंगे ट्रंप, मेटा ने अकाउंट बहाल की घोषणा की
सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल करने की घोषणा की है। कंपनी ने 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद में हुई हिंसा के बाद ट्रंप का अकाउंट ब्लॉक कर दिया था। 2 साल बाद इस बैन को हटाया जा रहा है। इसके पहले 19 नवंबर 2022 को उनका ट्विटर अकाउंट बहाल कर दिया गया था।
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड उड़ाने की धमकी, 4 लोगों को हिरासत में लिया गया
अहमदाबाद पुलिस को बम की धमकी वाला लेटर मिलने के बाद 4 लोगों को हिरासत में लिया गया। लेटर में अहमदाबाद रेलवे स्टेशन (कालूपुर रेलवे स्टेशन के रूप में पत्र में) और गीता मंदिर बस स्टैंड को उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरा लेटर मिलने के बाद अहमदाबाद में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, क्राइम ब्रांच की 8 टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
इससे पहले बुधवार को मणिपुर में IED ब्लास्ट में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक 49 साल की महिला भी शामिल है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, धमाका शाम 5.30 बजे उकरुल शहर में हुआ। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।
ओडिशा के पूर्व CM गिरिधर गमांग ने BJP छोड़ी, BRS में हो सकते हैं शामिल
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग ने बुधवार को भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व CM BRS में शामिल हो सकते हैं। जून 2015 में कांग्रेस छोड़ने के बाद गमांग भाजपा में शामिल हुए थे।
कांग्रेस ने आगामी मेघालय चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की
कांग्रेस ने अगले महीने होने वाले मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। मेघालय में 60 सीटों वाली विधानसभा का चुनाव 27 फरवरी को होना है। नतीजे 2 मार्च को आएंगे। चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट नीचे देख सकते हैं।
बता दें मेघालय में 2018 के चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन उसके बावजूद भाजपा ने NPP के साथ मिलकर सरकार बना ली थी। पिछले चुनाव में भाजपा को सिर्फ 2 सीटें ही मिली थीं, जबकि NPP को 19 और अन्य को 18 सीटें मिली थीं।
रियूजेबल रॉकेट का परीक्षण 28 को, सैटेलाइट लॉन्चिंग सस्ती हाेगी
इसरो 28 जनवरी को रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल (RLB) दोबारा इस्तेमाल होने लायक रॉकेट का परीक्षण करेगा। परीक्षण कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के एरोनॉटिकल टेस्ट रेंज में होगा। इसरो चेयरमैन एस. सोमनाथ ने बताया कि RLB को हेलीकॉप्टर से 5 KM ऊंचाई पर ले जाकर उड़ते हुए छोड़ा जाएगा। दो पंखों के साथ हवाई जहाज की शक्ल वाला का यह रॉकेट हवा में तैरता हुआ रनवे को नेविगेट करेगा और ऑटो-मोड में रनवे पर किसी हवाई जहाज की तरह लैंड हो जाएगा।
सोमनाथ ने कहा कि RLB-ओर मिशन के पहले सफल परीक्षण जरूरी है। RLB-ओर मिशन के जरिए सैटेलाइट अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करने के बाद रॉकेट वापस आएगा और दोबारा इस्तेमाल हो सकेगा। इससे सैटेलाइट लांचिंग की लागत 40% तक कम होगी। साथ ही अंतरिक्ष में कबाड़ नहीं बढ़ेगा।
अभी इसरो PSLV या GSLV से लॉन्चिंग करता है, लेकिन रॉकेट अंतरिक्ष में रह जाते हैं। RLB को पहले अंतरिक्ष में जाकर समुद्र में लौटने के हिसाब से डिजाइन किया गया था। अब लैंडिंग गियर, पैराशूट, रडार एल्टीमीटर जैसे डिवाइस लगाए हैं ताकि रनवे पर लैंड हो सके।
जर्मनी में चलती ट्रेन में शख्स ने चाकू से हमला किया, 2 की मौत, 5 घायल
जर्मनी में बुधवार को चलती ट्रेन में एक हमलावर ने लोगों पर चाकू से वार कर दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस के मुताबिक ट्रेन हैमबर्ग शहर से कील जा रही थी। संदिग्ध को ब्रोक्सटेड्ट शहर के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद हैमबर्ग और कील के बीच की कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.