फिलीपींस में मंगलवार रात भूकंप का झटका महसूस किया गया। फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी ने यह जानकारी दी। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.7 आंकी गई। जानमाल के नुकसान की अभी जानकारी नहीं है।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
सर्च इंजन गूगल पर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने 936.44 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया, अक्टूबर माह में दूसरी बार एक्शन
सर्च इंजन गूगल पर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी CCI ने एक बार फिर जुर्माना लगाया है। प्ले स्टोर नीतियों में अपनी दबदबे की स्थिति का दुरुपयोग करने के लिए CCI ने गूगल पर 936.44 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। अक्टूबर माह में दूसरी बार है जब गूगल पर इस तरह की कार्रवाई हुई है।
अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में 700 दुकानों में लगी आग; दमकल की कई गाड़ियां मौजूद
अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के एक मार्केट में 700 दुकानों में आग लग गई। आग किस कारण से लगी इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। घटना नाहरलगुन मार्केट की है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग में लाखों रुपए के नुकसान की बात भी कही जा रही है।
युगांडा के स्कूल में आग, 11 बच्चों की मौत
युगांडा के एक स्कूल में मंगलवार सुबह आग लग गई। हादसे में 11 बच्चों की मौत हो गई, 6 घायल हुए हैं। घायलों की हालत नाजुत बताई जा रही है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल में नेत्रहीन बच्चे पढ़ने आते थे।
कर्नाटक में एक और संत की संदिग्ध मौत, कंचागुल मठ के बसवलिंग स्वामी कमरे में मृत पाए गए
कर्नाटक के रामनगर जिले के श्री कंचागुल मठ के संत बसवलिंग स्वामी की मौत हो गई है। वे मठ के एक कमरे में मृत पाए गए। पुलिस इसे संदिध मौत बता रही है और कुडूर पुलिस स्टेशन में इसे लेकर मामला दर्ज किया गया है।
करीब दो महीने पहले कर्नाटक के बेलगाम के श्री गुरु मादिवलेश्वर मठ में बसव सिद्धलिंग स्वामी का शव मिला था। शिष्यों ने जब मठ का कमरा खोला तो सिद्धलिंग का शव फांसी से लटका हुआ था। कयास लगाए गए थे कि वे लिंगायत मठ में यौन शोषण से जुड़े एक ऑडियो में अपना नाम आने से परेशान थे।
अमेरिका के स्कूल में फायरिंग, एक छात्रा समेत 2 लोगों की मौत; हमलावर भी मारा गया
अमेरिका के मिसौरी राज्य के एक हाई स्कूल में फायरिंग हुई। घटना में एक महिला और एक छात्रा की मौत हो गई है। 6 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया। एक अधिकारी ने कहा- हमलावर सेंट लुइस हाईस्कूल के अंदर घुसा और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जबावी कार्रवाई में हमलावर भी घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मुंबई के एक गोदाम में लगी आग, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद
महाराष्ट्र के मुंबई में साकीनाका-खैरानी रोड पर एक गोदाम में बड़ी आग लगी है। दमकल विभाग ने इसे लेवल-2 की आग बताया है। आग पर काबू पाने के लिए 8 फायर टेंडर्स मौके पर मौजूद हैं। फिलकाल किसी की जान जाने की कोई खबर नहीं है।
रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में हादसा, बस में लगी आग, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत
झारखंड की राजधानी रांची में एक बस में आग लगने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। ये दोनों ड्राइवर-कंडक्टर दिवाली पर पूजा करने के बाद बस के अंदर ही दीये जलाकर सो गए थे। बताया जा रहा है कि दीये से बस में आग लगी। धीरे-धीरे आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। हादसा सोमवार रात 1 बजे हुआ।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में बस में आग लगने से ड्राइवर और खलासी की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। पूरी खबर यहां पढ़ें...
दिल्ली के कई इलाकों में हवा हुई जहरीली, आनंद विहार में AQI 323 पर पहुंचा
दिवाली के अगले दिन दिल्ली के कई इलाकों में प्रदुषण का स्तर बढ़ गया है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के मुताबिक मंगलवार को आनंद विहार और अर्जुन नगर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 323 पहुंच गया है, जो प्रदुषण के लिहाज से काफी खराब है। दिल्ली प्रदूषण कंट्रोल कमिटी के रियल टाइम डेटा के मुताबिक दिल्ली के जहांगीरपुरी में सामान्य से 10 गुना ज्यादा प्रदूषित हवा हो गई है। नोएडा का इससे भी ज्यादा बुरा हाल है। यहां AQI 342 दर्ज हुआ है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
अमेरिका के व्हाइट हाउस में मनी दिवाली, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जलाए दीये
अमेरिका के व्हाइट हाउस में भी दिवाली मनाई गई। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दीये जलाकर इसकी शुरुआत की। उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों को शुभकामनाएं दी।
बाइडेन ने कहा कि वाली हमें याद दिलाती है कि हम में से प्रत्येक के पास दुनिया में रोशनी लाने की शक्ति है। यह एक विकल्प है और हम इसे रोज चुनते हैं, चाहे यहां अमेरिका में हों या भारत में जो आजादी के 75 साल मना रहा है।'
हैदराबाद में दिवाली पर पटाखे फोड़ने के दौरान 10 लोग घायल, एक बच्चे की आंख खराब
हैदराबाद में दीवाली पर पटाखे फोड़ने के दौरान 10 लोग घायल हो गए। सभी का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल सर्जन डॉ नजाबी बेगम के मुताबिक सोमवार को घायलों के तीन मामले आए थे। मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया। इनमें 4 गंभीर रूप से घायल हैं। एक बच्चे की आंख खराब हो गई और अन्य 3 की सर्जरी होगी।
ग्रेटर नोएडा और आगरा में आतिशबाजी से लगी आग, फायर ब्रिगेड की टीम ने 2 घंटे में पाया काबू
दिवाली की रात आगरा और ग्रेटर नोएडा में आग लग गई। आगरा के नवी सराय इलाके में सोमवार रात में 8:30 बजे आतिशबाजी के चलते दो मंजिला मकान में आग लग गई। धुंआ उठता देख आस-पास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद 2 घंटे में आग पर काबू पाया। जहां पर आग लगी थी वो मकान घनी बस्ती के बीच में है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.