छत्तीसगढ़ के भिलाई में स्थित एक नर्सिंग कॉलेज की 60 छात्राएं फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। सभी छात्राओं को नेहरू नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक छात्रा की मौत हो गई है। 46 छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है। यहां के रस्तोगी नर्सिंग कॉलेज में 300 छात्राएं हॉस्टल में रहकर एएनएम और नर्सिंग का कोर्स करती हैं। 4 दिन पहले कुछ छात्राओं को फूड पॉइजनिंग की शिकायत हुई थी।
प्रबंधन ने उन्हें उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसके बाद एक-एक कर और भी छात्राओं की तबीयत बिगड़ती चली गई। स्टूडेंट्स का कहना है कि उन्हें गंदा खाना दिया जाता है। पढ़ें पूरी खबर...
आज की अन्य बड़ी खबरें…
इनकम टैक्स रिटर्न भरने की डेट नहीं बढ़ी फिर भी पिछले साल जितने रिटर्न जमा, कुल संख्या 5.83 करोड़
केंद्र सरकार ने बताया कि देश में 31 जुलाई तक 5.83 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न जमा किए गए हैं। यह संख्या पिछले साल भरे गए रिटर्न की संख्या के लगभग बराबर ही है। 31 जुलाई को एक ही दिन में 72.42 लाख रिटर्न जमा किए गए। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। मालूम हो कि इस बार सरकार ने इनकम टैक्स रिटर्न जमा करने की तारीख नहीं बढ़ाई है। 31 जुलाई को रिटर्न जमा करने की आखिरी तारीख थी।
हिमाचल प्रदेश की गोबिंद सागर झील में पंजाब के 7 युवक डूबे, सभी के शव मिले
हिमाचल के ऊना जिले में सोमवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास 7 टूरिस्ट गोबिंद सागर झील में डूब गए। सभी के शव बरामद हो गए हैं। ऊना के एसपी अरिजीत सेन ने बताया कि कुल 11 टूरिस्ट थे। इसमें से 7 नहाने उतरे थे। सभी की मौत हो गई। उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
जबलपुर के निजी अस्पताल में आग से 8 लोगों की मौत, 8 गंभीर; बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
मध्यप्रदेश के जबलपुर में सोमवार को एक अस्पताल में आग लग गई। तीन मंजिला बिल्डिंग आग से जलकर पूरी तरह खाक हो चुका है। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। 8 लोग घायल हैं, जिनकी हालत गंभीर है। मरने वालों में 4 अस्पताल के स्टाफ हैं। मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
पुलिस के मुताबिक, जबलपुर के शिवनगर में न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के एंट्रेस पॉइंट पर दोपहर करीब पौने तीन बजे के आसपास शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह खाक हो गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई है।
आग अस्पताल के एंट्रेस पर लगी, इस कारण लोग बाहर नहीं निकल सके। दूसरे फ्लोर पर अधिक लोगों की मौत हुई है। घायलों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद मरीजों को बचाने के दौरान कुछ लोग अंदर गए जो बाहर नहीं निकल सके। पढ़ें पूरी खबर...
पश्चिम बंगाल में CM ममता बनर्जी ने 7 नए जिले बनाने का किया ऐलान
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने राज्य में 7 नए जिले बनने का ऐलान किया है। ममता बनर्जी ने कहा कि पहले बंगाल में 23 जिले थे, अब इसे बढ़ाकर 30 कर दिया गया है। 7 नए जिलों में सुंदरबन, इछेमती, राणाघाट, बिष्णुपुर, जंगीपुर, बेहरामपुर और बशीरहाट शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर...
ओवैसी का अजीत डोभाल पर निशाना, बोले- NSA कट्टरवाद फैलाने वालों के नाम बताएं
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि डोभाल को बताना चाहिए कि ये 'कुछ तत्व' कौन हैं, जो देश में धार्मिक कट्टरता फैला रहे हैं। NSA को उन लोगों के नाम बताने चाहिए। बीते शनिवार डोभाल ने एक सम्मेलन में कहा था कि कुछ तत्व धर्म और विचारधारा के नाम पर देश में धार्मिक कट्टरता फैला रहे हैं।
लोकसभा के बाद राज्यसभा भी स्थगित
संसद का मानसून सत्र लगातार हंगामेदार बना हुआ है। सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। कांग्रेस के सांसद शिवसेना सांसद संजय राउत की ईडी द्वारा गिरफ्तारी, सरकार के केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग और मौजूदा सत्र से अपने चार लोकसभा सांसदों के निलंबन के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने हंगामा कर रहे हैं। दो बजे बाद कार्रवाई शुरू हुई तो हंगामा फिर से शुरू हो गया। इस पर राज्यसभा की कार्रवाई पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
मुंबई पुलिस ने सलमान खान को जारी किया बंदूक रखने का लाइसेंस
फिल्म अभिनेता सलमान खान को बंदूक के लिए लाइसेंस मिल गया है। हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से सलमान खान का जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी मिलने के बाद अभिनेता ने मुंबई पुलिस से लाइसेंस की मांग की थी। बता दें कि सलमान खान ने बंदूक लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और 22 जुलाई को इस संबंध में मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर से भी मुलाकात की थी।
36 रुपए सस्ता हुआ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, घरेलू LPG में कोई बदलाव नहीं
अगस्त महीने के पहले दिन सरकार ने कॉर्मिशियल LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को राहत दी है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 36 रुपए की कटौती की गई है। दिल्ली में 19 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत 2012.50 रुपए से घटकर 1976.50 रुपए हो गई है।
वहीं, कोलकाता में पहले यह 2132.00 रुपए में मिलता था, लेकिन एक अगस्त से 2095.50 रुपए में मिल रहा है। मुंबई में आज से कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटकर 1936.50 और चेन्नई में 2141 रुपए हो गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा फिर रोकी गई
खराब मौसम के चलते सोमवार को अमरनाथ यात्रा एक बार फिर रोक दी गई है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है जिसके बाद जम्मू प्रशासन ने यात्रा रोकने का फैसला लिया।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भूकंप का झटका, रिक्टर स्केल पर 5.6 रही तीव्रता
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कई इलाकों में भूकंप का झटका महसूस किया गया है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.6 मापी गई है। भूकंप का केंद्र बलूचिस्तान के पासनी से 17 किमी दूर था।
पंजाब में AAP पार्टी के पार्षद की हत्या, पुलिस ने बताई निजी दुश्मनी वजह
पंजाब के मलेरकोटला में आम आदमी पार्टी के नगर पार्षद मोहम्मद अकबर की रविवार को अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या को निजी दुश्मनी का कारण माना जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.