• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates;Sikkim On Alert After Clashes|yogi Start Pension Portal| PTI March Against Shahbaz Government|Sputnik Booster Dose|

भास्कर अपडेट्स:हॉस्पिटल से घर लौटे धर्मेंद्र, फिल्म शूटिंग के दौरान हुए थे घायल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar
(फाइल फोटो)

बॉलीवुड के ही-मैन यानी धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से आज डिस्चार्ज हो गए हैं। दरअसल एक्टर अपनी अपकमिंग फैमिली ड्रामा फिल्म अपने 2 की शूटिंग के दौरान घायल हो गए थे। जिसके चलते उन्हें ICU में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद वह आज हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं। एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। यहां पढ़ें डिटेल खबर...

आज की अन्य बड़ी खबरें...
29वें रोजे को नहीं दिखा शव्वाल का चांद, 3 मई को मनाई जाएगी ईद
लखनऊ के मरकाजी चांद कमेटी फरंगी महल के सदर काजी ने बयान जारी कर कहा है कि ईद का चांद आज नहीं दिखा है। ऐसे में इस साल ईद 3 मई को मनाई जाएगी। कल यानी सोमवार को रमजान का आखिरी रोजा रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 29वें रोजे के दिन शव्वाल का चांद नहीं दिखा, इसलिए सोमवार को ईद नहीं मनाई जाएगी।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर का आतंकवादी गिरफ्तार
रविवार को भारतीय सेना की 34 आरआर यूनिट ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LET) के एक आतंकवादी को कश्मीर के कुलगाम से गिरफ्तार किया है। कश्मीर पुलिस ने कहा कि आतंकवादी की पहचान कुलगाम के गडीहामा निवासी यामीन यूसुफ भट के रूप में हुई है।

यामीन के पास से एक पिस्तौल, दो ग्रेनेड और 51 पिस्टल राउंड सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि एक 'हाइब्रिड आतंकवादी' उसे दिए गए काम को पूरा करता है और फिर अगले टास्क के इंतजार में सामान्य जीवन जीने लगता है।

ओडिशा से BJP विधायक गिरफ्तार, BDO से मारपीट का मामला

BJP विधायक सुभाष चंद्र और बीडीओ कृष्णचंद्र दलपति।
BJP विधायक सुभाष चंद्र और बीडीओ कृष्णचंद्र दलपति।

ओडिशा पुलिस ने देवगढ़ जिले में BDO से मारपीट करने के आरोप में भाजपा विधायक सुभाष चंद्र पाणिग्रही को भुवनेश्वर में उनके घर से गिरफ्तार किया है। पाणिग्रही के साथ उनके दो सहयोगियों अकालू ढाल और कुमारमणि साहू को भी शनिवार को भालियागुड़ा गांव में तिलीबनी बीडीओ कृष्णचंद्र दलपति पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दलपति की FIR में दावा किया गया था कि विधायक और उनके सहयोगियों ने उस पर हमला किया। पीटे जाने से बीडीओ के चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। पाणिग्रही ने भी इसी थाने में बीडीओ के खिलाफ काउंटर प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि दलपति ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था।

GST कलेक्शन ऑल टाइम हाई पर
भारत ने ग्रॉस GST कलेक्शन में नया रिकॉर्ड बनाया है। अप्रैल 2022 में ग्रॉस GST रेवेन्यू 1,67,540 करोड़ रुपए रहा। इसमें CGST 33,159 करोड़ रुपए, SGST 41,793 करोड़ रुपए, IGST 81,939 करोड़ रुपए और सेस 10,649 करोड़ रुपए है। इससे पहले मार्च में GST कलेक्शन 1,42,095 करोड़ रुपए रहा था।

बीरभूम हत्याकांड: एक और पीड़िता की मौत, मरने वालों की संख्या 10 पहुंची

बंगाल के बीरभूम हत्याकांड मामले में एक और पीड़िता ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। मृतका की पहचान अतहारा बीबी के रूप में हुई है। उनका रामपुरहाट अस्पताल में इलाज चल रहा था।

अतहारा बीबी को पिछले शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, लेकिन कल रात उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फिर से भर्ती कराया गया था। रविवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। 21 मार्च को बीरभूम के बोगतुई गांव में टीएमसी नेता भादु शेख की हत्या के बाद कई घरों को आग लगा दी गई थी।

यूपी बोर्ड एग्जाम में पेपर लीक मामला, राज्य सरकार ने स्कूल प्रिसिंपल पर NSA लगाया

बीते 30 को यूपी में 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी विषय का पेपर लीक हुआ था। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने स्कूल के प्रिंसिपल पर NSA लगाया है। इससे पहले 2 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी NSA लगाया जा चुका है।

मामले में पुलिस अब तक 52 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें 3 पत्रकार और 6 स्कूल प्रबंधक भी शामिल हैं। बलिया जिले के एक स्कूल से हुए पेपर लीक मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक ( DIOS) बृजेश कुमार मिश्रा को भी अरेस्ट किया जा चुका है।

संगीता सिंह बनी CBDT की कार्यकारी अध्यक्ष, नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति तक बनी रहेंगी पद पर

CBDT की सदस्य संगीता सिंह को CBDT का अध्यक्ष बनाया गया है। सरकार का कहना है कि उन्हें इस पद का अतिरिक्त प्रभार आगामी तीन महीने तक या एक नियमित अध्यक्ष नियुक्त होने तक दिया गया है।

विनय क्वात्रा ने संभाला कार्यभार, देश के 34वें विदेश सचिव बने

विनय मोहन क्वात्रा ने आज भारत के 34वें विदेश सचिव के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। क्वात्रा ने साल 1998 बैच के IFS ऑफिसर हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह ली है, जो शनिवार को रिटायर हो गए। विदेश सचिव बनने से पहले क्वात्रा नेपाल में भारत के राजदूत थे।

कॉमर्शियल सिलेंडर 102 रुपए महंगा, अब 2,355 रुपए हुए दाम

मई की शुरुआत में कॉमर्शियल सिलेंडरों के दाम में 102 रुपए का इजाफा हुआ है। राजधानी दिल्ली में अब नए सिलेंडर की कीमत 2355 रुपए होगी। हालांकि, घरेलू सिलेंडरों की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ है। इससे पहले कॉमर्शियल सिलेंडरों के दाम 1 अप्रैल को बढ़े थे। उस दौरान कीमतों में 268 रुपए का इजाफा हुआ था। पढ़ें पूरी खबर...

चारधाम यात्रा के लिए डेली लिमिट तय

तीन मई से शुरू होने वाली चार धाम यात्रा से पहले, उत्तराखंड सरकार ने तीर्थयात्रियों की संख्या पर डेली लिमिट तय कर दी है। इस निर्णय के बाद बद्रीनाथ में हर दिन 15 हजार, केदारनाथ में 12 हजार, गंगोत्री में 7 हजार और यमुनोत्री में 4 हजार तीर्थयात्री ही दर्शन करने जा पाएंगे। यह व्यवस्था 45 दिनों के लिए की गई है। इसके अलावा यात्रियों को इस बार यात्रा के लिए निगेटिव कोरोना टेस्ट रिपोर्ट ले जाना जरूरी नहीं है। हालांकि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल पर सभी यात्रियों को रजिस्ट्रेशन करवाना ही होगा।

दिल्ली में दो बहनों से दुष्कर्म, एक बच्ची छह महीने की, दूसरी 14 साल की

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में छह महीने की बच्ची और उसकी 14 साल की मानसिक दिव्यांग बहन के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामूली मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 40 साल के आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी कमल मल्होत्रा ​​उर्फ ​​चिनू और फरार आरोपी की पहचान राज उर्फ ​​राजू के रूप में हुई है। फिलहाल, फरार आरोपी की तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर...

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में थम नहीं रही जंगल में लगी आग

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में जंगल में लगी आग का कहर जारी है। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, जंगल के पास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। रेंज ऑफिसर डूडू ने कहा कि हमें जानकारी मिली कि वन क्षेत्र में आग लग गई है। इसे सुबह 10:30 बजे तक नियंत्रित किया गया था, लेकिन इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने आग लगा दी। एसडीएम को आरोपियों के नाम दिए गए।

सिक्किम में भिड़े SDF और SKM के कार्यकर्ता, हिंसा के बाद पुलिस ने अलर्ट जारी किया

सिक्किम के सोरेंग में शुक्रवार को विपक्षी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) और रूलिंग पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) के कार्यकर्ताओं जमकर मारपीट हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा भड़कने के दौरान गोलियां चलाने और पथराव के बाद पू्रे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि हिंसा की शुरुआत एक वाहन को गुजरने की अनुमति लेने जैसी एक मामूली विवाद से हुई। मामले में एख आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हिंसा वाली जगह से कई धारदार हथियार और बंदूक बरामद किए गए हैं। गोलीबारी की घटना के बाद पश्चिम और दक्षिण सिक्किम के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने शांति की अपील की है।

यूपी में CM योगी आदित्यनाथ आज पेंशन पोर्टल की शुरुआत करेंगे

सीएम के इस फैसले के बाद कर्मचारियों को भटकना नहीं पड़ेगा।
सीएम के इस फैसले के बाद कर्मचारियों को भटकना नहीं पड़ेगा।

यूपी में CM योगी आदित्यनाथ आज रिटायर्ड होने वाले कर्मचारियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे लखनऊ के लोकभवन सचिवालय में पेंशन पोर्टल की शुरुआत करेंगे। यूपी वित्त विभाग ने यह फैसला मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तैयार किया है। इसी के साथ रिटायर्ड होने वाले कर्मचारियों को पेंशन आदि की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रिटायरमेंट के तीन महीने शेष रहने पर पेंशन, ग्रेच्युटी आदि के भुगतान के आदेश भी जारी हो जाएंगे।

तेलंगाना में मुशीराबाद के कबाड़ के गोदाम में आग

तेलंगाना के हैदराबाद में स्थित मुशीराबाद के एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहंची। आग बुझाने का काम अभी भी जारी है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी के हताहत होने की सूचना मिली है।

शहबाज सरकार के खिलाफ इस्लामाबाद तक मार्च निकालेगी इमरान की पार्टी

सत्ता से बेदखल होने के बाद इमरान खान फिर से कुर्सी पाने के लिए आंदोलन की राह पकड़ेंगे। उन्होंने फिर से चुनाव की मांग को लेकर इस्लामाबाद तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने शहवाज सरकार को भ्रष्ट और आयातित करार दिया।

स्पूतनिक-वी वैक्सीन लेने वालों का कन्फ्यूजन दूर

देश में करीब 6 लाख लोगों ने यह वैक्सीन लगवाई है।
देश में करीब 6 लाख लोगों ने यह वैक्सीन लगवाई है।

टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) की एक समिति ने सिफारिश की है कि रूस के कोविड-रोधी टीके स्पूतनिक-वी की दोनों खुराक ले चुके लोगों को इस टीके की पहली खुराक को बूस्टर के तौर पर दिया जा सकता है। मालूम हो कि स्पूतनिक-वी टीके की दोनों खुराक की रचनाएं अलग-अलग हैं।

अभी स्पूतनिक-वी वैक्सीन के दोनों डोज लगवा चुके लोगों के लिए बूस्टर डोज के बारे में कोई नीतिगत निर्णय नहीं था। कोविन पोर्टल पर स्पूतनिक-वी के लिए बूस्टर डोज को लेकर कोई विकल्प नहीं दिखाई देता है। इस कारण पिछले साल जुलाई में स्पूतनिक-वी टीके की दूसरी खुराक ले चुके लोग बूस्टर खुराक नहीं लगवा पा रहे थे। इस वैक्सीन की दोनों डोज को 21 से 30 दिन के अंतर से लगवाया जा सकता है।

ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने मानी गलती

ट्विटर के एक्स बॉस और को-फाउंडर जैक डोर्सी।
ट्विटर के एक्स बॉस और को-फाउंडर जैक डोर्सी।

ट्विटर में एलन मस्क की एंट्री के बाद कंपनी के कर्मचारी अपने आप को सेफ नहीं मान रहे हैं। वहीं, ट्विटर के एक्स बॉस और को-फाउंडर जैक डोर्सी ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है। एलन मस्क की एंट्री के बीच उन्होंने कई सारे ट्वीट किए। एक ट्वीट में जैक डोर्सी ने लिखा, 'हाल में ही मैंने ट्विटर से ब्रेक लेने की कोशिश की थी, लेकिन मैं जरूर कहूंगा कि कंपनी ने हमेशा मौजूद जानकारी में अपना बेस्ट देने देने की कोशिश की है। जो भी फैसले लिए गए थे वह मेरी जिम्मेदारी थी। अगर मै गलत था या अब तक हमारे तरफ से जो भी गलतियां हो रही थी, उन्हें हम स्वीकार करते हैं। हम सब मिलकर उसे सही करेंगे।'

पुणे के एक श्मशान में जल रही चिता में विस्फोट, 11 घायल
महाराष्ट्र के पुणे के एक श्मशान में जल रही चिता में विस्फोट हो गया जिसमें 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि जलने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए एक व्यक्ति ने चिता में पेट्रोल डालने की कोशिश की जिसके कारण विस्फोट हो गया।