उदयपुर में रविवार को एक फर्नीचर फैक्ट्री में आग लग गई। आग को काफी दूरी से देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिडेग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह ने वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ का चार्ज लिया
वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह ने वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ का चार्ज ले लिया। उन्होंने वाइस एडमिरल एसएन घोरमाडे का स्थान लिया जो 39 साल की सेवा के बाद रिटायर हुए। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, पुणे के ग्रेजुएट वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह को 1986 में नेवी की एक्जीक्यूटिव ब्रांच में कमिशन्ड किया गया था। 37 साल के अपने करियर में, उन्होंने नेवी के अधिकांश जहाजों पर सेवाएं दी हैं।
खालिस्तानी संगठन ने असम के मुख्यमंत्री को दी धमकी, कहा- हमारी और सरकार की लड़ाई में तुम न पड़ो
खालिस्तान समर्थक वारिस पंजाब दे के चीफ अमृतपाल सिंह के साथियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को धमकी मिली है। यह धमकी सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकवादी गुरपतवन सिंह पन्नू ने दी है। आतंकवादी ने सरमा से कहा कि उनकी और भारत सरकार की लड़ाई में वह न पड़ें।
पन्नू ने सीएम को यह धमकी पत्रकारों को फोन करके दी है। उसने कहा कि असम की जेल में कैद खालिस्तान समर्थकों को प्रताड़ित किया गया। सीएम सरमा, बहुत ध्यान से सुनो। यह पूरी लड़ाई भारत सरकार और खालिस्तान समर्थक के बीच है। तुम इस हिंसा का शिकार मत बनो।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लैंडस्लाइड से एक व्यक्ति की मौत, 19 सड़कों पर ट्रैफिक बाधित
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार को हुए लैंडस्लाइड में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मारा गया व्यक्ति चंबा के सलूनी इलाके के चामेदउ गांव का रहने वाला था। शव बरामद कर लिया गया है। वहीं राज्य के लाहौल में एवलांच भी हुआ है। इससे 19 सड़कों पर ट्रैफिक बाधित हुआ है।
उत्तराखंड में खाई में गिरी बस; मां-बेटी की मौत, ड्राइवर समेत 38 लोग घायल
उत्तराखंड के मसूरी-देहरादून रूट पर एक रोडवेज बस नियंत्रण खो जाने से खाई में गिर गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। ड्राइवर समेत 38 लोग घायल हुए हैं। मसूरी पुलिस ने बताया कि इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस की मदद से घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में कार में धमाका, अंदर बैठे बुजुर्ग दंपती सुरक्षित
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बुलेवार्ड में रविवार को एक कार में धमाका हुआ। धमाका होंडा सिटी कार क्रमांक जेके 01एम 0878 के पिछले हिस्से में हुआ। कार में क्रालसंगरी, निशात निवासी एक बुजुर्ग दंपती हफीजुल्लाह भट और उनकी पत्नी सवार थे। दोनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं। धमाका किसी उपकरण की खराबी के कारण हुआ लग रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर और उमरिया जिले में भूकंप, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 3.6 रही
मध्य प्रदेश के जबलपुर और उमरिया जिलों में रविवार को सुबह 11 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 आंकी गई। किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप का केंद्र जबलपुर के पास 23 किलोमीटर की गहराई में था।
24 घंटे में 3824 कोरोना केस, 5 की मौत; देश में 6 महीने में पहली बार इतने मामले
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 3 हजार 824 केस दर्ज किए गए हैं। यह पिछले 184 दिन यानी 6 महीने में सबसे ज्यादा हैं। 5 लोगों की मौत भी दर्ज की गई है। इसके साथ ही एक्टिव केसेस की संख्या भी बढ़कर 18 हजार 389 हो गई है। इससे पहले शनिवार को कोरोना के 2 हजार 994 केस दर्ज किए गए थे। हेल्थ मिनिस्ट्री के बुलेटिन के मुताबिक, डेली पॉजिटिविटी रेट 2.87% दर्ज किया गया है। जबकि, वीकली रेट 2.24% है। अब तक 4.41 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...
नेपाल के नए राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल अस्पताल में भर्ती, पेट में दर्द के चलते डॉक्टरों ने ऑब्जर्रवेशन में रखा
नेपाल के नव निर्वाचित राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को पेट दर्द की समस्या के चलते शनिवार शाम काठमांडू के महाराजगंज में त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें निरीक्षण में रखा है।
पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे
पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का रविवार को जामनगर में निधन हो गया। वे 88 साल के थे। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित चल रहे थे। इसी साल जनवरी में वे घर में गिर गए थे। उनकी जांघ की हड्डी टूट गई थी। दुर्रानी पहले क्रिकेटर हैं, जिन्हें 1960 में अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया था। उन्होंने 29 टेस्ट मैच खेले और 1202 रन बनाए। उन्होंने एक शतक और 7 अर्धशतक लगाए। दुर्रानी ने अपने करियर में 755 विकेट लिए हैं। 1961-62 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में वे जीत के हीरो थे। उन्होंने कोलकाता और चेन्नई टेस्ट में 8 और 10 विकेट लिए थे। पूरी खबर पढ़ें...
उद्धव ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में नारायण राणे को कोर्ट ने बरी किया
अलीबाग कोर्ट ने शनिवार को उद्धव ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को बरी कर दिया। 2021 में नारायण राणे ने महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाया था कि ठाकरे देश की आजादी का साल भी नहीं पता है, ऐसे में उन्हें थप्पड़ पड़ना चाहिए।
राणे के इस बयान की शिवसेना नेताओं ने निंदा की। पार्टी लीडर विनायक राउत ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से निकालने की मांग की, जबकि कई जगहों पर राणे के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई।
महाराष्ट्र के जलगांव में फिर भिड़े दो गुट, 12 हिरासत में; 30 मार्च को भी हुई थी हिंसक झड़प
30 मार्च को भी महाराष्ट्र के जलगांव में दो गुटों के बीच पत्थरबाजी हुई थी।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शनिवार को फिर से दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। जलगांव SP एम राजकुमार ने बताया कि जलगांव के अतरवाल गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने एक मूर्ति तोड़ दी थी, जिसके बाद यहां के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। पुलिस के मुताबिक, स्थिति फिलहाल काबू में है।
30 मार्च को जलगांव में ही मस्जिद के बाहर तेज म्यूजिक बजाने के चलते दो गुट आपस में भिड़ गए थे, जिसके बाद इस मामले में 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में दो FIR दर्ज की गई थी और फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
बिहार के सासाराम में बम ब्लास्ट, घटनास्थल से स्कूटी बरामद; पुलिस का सांप्रदायिक हिंसा से इनकार
बिहार के सासाराम में शनिवार देर रात ब्लास्ट हुआ है। घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। सभी को BHU अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक स्कूटी बरामद हुई है। FSL की टीम मौके पर मौजूद है।
वहीं, सासाराम के DM धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि धमाके का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, उन्होंने किसी तरह के सांप्रदायिक घटना से इनकार किया है। DM के मुतबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। गृहमंत्री अमित शाह आज सासाराम जाने वाले थे। इस घटना के बाद उनका सासाराम दौरा रद्द हो गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता राजू झा की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, झा अपने कुछ साथियों के साथ कोलकाता जा रहे थे। वे शक्तिगढ़ में हाइवे के किनारे एक दुकान पर रुके थे। इसी दौरान एक गाड़ी आई और उसमें सवर लोगों ने उन्हें गोली मार दी। राजू झा 2021 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। उनपर अवैध कोयला कारोबार चलाने के आरोप में कई केस भी चल रहे थे। फायरिंग में उनके दोस्त को भी गोली लगी है। वो घायल हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...
दिल्ली में वकील हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
दिल्ली के द्वारका में शनिवार को एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वकील का नाम वीरेंद्र कुमार है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि निजी दुश्मनी की वजह से आपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उनलोगों की गिरफ्तारी होगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्ण राम का 83 साल की उम्र में निधन
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री चौधरी स्वर्ण राम का शनिवार को निधन हो गया। वह 83 साल के थे। स्वर्ण राम के परिवार ने बताया कि शनिवार को उनकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे पंजाब में पार्टी का एक प्रमुख चेहरा थे। वे अपने बेटे मोहन लाल बंगा के साथ रह रहे थे, जो एक पूर्व विधायक है।
लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में फूड प्वाइजनिंग से 70 बच्चे बीमार, लोहिया अस्पताल में भर्ती
लखनऊ के बीबीडी यूनिवर्सिटी में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। यहां के हॉस्टल में रहने वाले लगभग 70 बच्चे रात का खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए। जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
घटना के सामने आने के बाद फूड एंड ड्रग्स विभाग की टीम यूनिवर्सिटी में पहुंची। उसके साथ जलकल विभाग की टीम भी थी। हॉस्टल में खाने और पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.