IPL 2023 के लिए 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाले ऑक्शन में 991 खिलाड़ी भाग लेंगे। बुधवार को IPL ऑक्सन के रजिस्ट्रेशन के लिए आखिरी तारीख थी। इसके लिए 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। जिनमें 714 भारतीय और 277 विदेशी खिलाड़ी हैं। इनमें 185 कैप्ड और 786 अनकैप्ड और 20 खिलाड़ी एसोसिएट देश के शामिल हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
दिल्ली के सदर बाजार में भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर खाक
दिल्ली के सदर बाजार इलाके में बारा टूटी चौक के पास शाम को भीषण आग लग गई। इसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए। चार फायर टेंडर आग बुझाने में लगे हैं। आग किस कारण लगी इसका अभी पता नहीं लग पाया है।
मालेगांव विस्फोट मामले में भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बॉम्बे हाईकोर्ट से डिस्चार्ज की अर्जी वापस ली
भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले से खुद को आरोप मुक्त किए जाने वाली अपनी याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट से गुरुवार को वापस ले ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रज्ञा ठाकुर और मामले के सह-आरोपी समीर कुलकर्णी ने 2018 में दायर अपनी याचिकाएं यह कहते हुए वापस ली है कि विस्फोट मामले की सुनवाई अंतिम चरण में है और 289 गवाहों के बयान पहले ही हो चुके हैं।
साथ ही लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित ने यह दावा करते हुए अपना आवेदन वापस ले लिया कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की यूएपीए मंजूरी दोषपूर्ण थी।
NIA को सौंपी गई मंगलुरु ऑटो ब्लास्ट मामले की जांच
कर्नाटक के मंगलुरु ऑटो ब्लास्ट मामले की जांच NIA को सौंप दी गई है। अभी तक मंगलुरु पुलिस मामले की जांच कर रही थी। अक्टूबर महीने में मंगलुरु के एक ऑटो में ब्लास्ट हुआ था। इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान 24 साल के मोहम्मद शारिक के रूप में हुई। धमाके में ऑटो ड्राइवर और एक पैसेंजर घायल हो गए थे।
मुंबई एयरपोर्ट का सर्वर ठीक किया गया, 40 मिनट ठप रहीं हवाई सेवाएं
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-टू पर गुरुवार शाम सभी सिस्टम 40 मिनट तक डाउन रहने के बाद चालू हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरपोर्ट पर CITA सिस्टम डाउन हुआ था। एयरपोर्ट पर सारा काम CITA से ही होता है, इसी से एयरपोर्ट का सर्वर चलता है। सिस्टम क्रैश होने से हवाई सेवाएं ठप हो गई थीं। इसके चलते कई फ्लाइट्स की उड़ानें भी प्रभावित हुईं। पढ़ें पूरी खबर...
झारखंड में नक्सली मुठभेड़ में 5 जवान घायल, चार को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया
नक्सली और पुलिस के बीच पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में एक ही दिन में दो बार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 5 जवान घायल हो गए। चार जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है। मुठभेड़ में कई नक्सली भी घायल हैं। इलाके में अब भी सर्च अभियान जारी है।
कोल्हान जंगल के सरजोमबुरु में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच पहली बार मुठभेड़ सुबह के 8 बजे हुई। फिर लगभग 11 बजे नक्सलियों ने दोबारा सुरक्षा बलों पर हमला बोल दिया। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। नक्सली पीछे हटने को मजबूर हुए हैं और कई नक्सली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
महाराष्ट्र में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या
महाराष्ट्र के ठाणे में 9 साल की बच्ची से रेप के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मामला कल्याण इलाके का है। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
BCCI ने क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी की नियुक्ति की, इसमें अशोक मल्होत्रा, जतिन परांजपे और सुलक्षणा नाइक शामिल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को तीन सदस्यीय क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी की निुयक्ति की है। इस कमेटी में अशोक मल्होत्रा, जतिन परांजपे और सुलक्षणा नाइक को शामिल किया गया है। मल्होत्रा ने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले हैं। वे भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे चुके हैं। वहीं, परांजपे ने भारत के लिए 4 वनडे मैच खेलें हैं और वह मेंस सिलेक्शन कमेटी के सदस्य भी रह चुके हैं। सुलक्षणा नाइक ने 46 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 टी-20I खेले हैं।
हनुमान चालीसा विवाद पर नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा के खिलाफ जमानती वारंट जारी
महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बीजेपी सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया है। उनपर आरोप है कि सड़क पर मंच बनाकर देर रात लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाया, जिसके चलते वहां सड़क जाम हो गया।
सुनंदा पुष्कर डेथ केस में थरूर की रिहाई के खिलाफ याचिका, दिल्ली पुलिस हाईकोर्ट पहुंची
कांग्रेस सांसद शशि थरूर को पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में क्लीन चिट मिली थी। इसके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट का रुख किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटियाला हाउस कोर्ट ने पिछले साल अगस्त में थरूर को बरी कर दिया था।
इसी फैसले के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने याचिका दर्ज की है। साथ ही दिल्ली हाईकोर्ट ने थरूर को नोटिस जारी किया है। ये मामला 17 जुलाई 2014 का है, जब दिल्ली के लग्जरी होटल में सुनंदा की लाश मिली थी।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का ट्विटर हैंडल हुआ हैक, सिक्योरिटी एजेंसी कर रहीं जांच
केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का ट्विटर हैंडल गुरुवार को हैक हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिक्योरिटी एजेंसी और साइबर एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं। इससे पहले 23 नवंबर को दिल्ली एम्स के सर्वर पर साइबर अटैक हो गया था।
ओडिशा में खड़े ट्रक को कार ने मारी टक्कर, 4 की मौत
ओडिशा के खुर्दा जिले में गुरुवार को NH-16 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक को एक कार ने टक्कर मार दी। इसमें में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसा बड़ापोखरी इलाके में हुआ, जब कार पुरी से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जा रही थी। मृतकों की उम्र 25-35 साल के बीच थी।
प्रयागराज में 6 करोड़ की पेरिस ब्रांड की नकली सिगरेट बरामद
प्रयागराज में बुधवार को लगभग 6 करोड़ रुपए की पेरिस ब्रांड वाली नकली सिगरेट की खेप को बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर थरवई थाने की पुलिस ने गारा मोड़ पर वाहनों की जांच शुरू की थी। एक ट्रक को रोका, जिसमें 29,70,000 सिगरेट मिलीं।
ISIS का सरगना अबू हसन मारा गया, 9 महीने पहले बना था संगठन का लीडर
आतंकवादी संगठन इस्लामिक इस्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया ( ISIS ) का चीफ अबू हसन अल हाशिमी मारा गया है। इसी संगठन के प्रवक्ता ने उसकी मौत की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि दुश्मनों से लड़ाई के दौरान चीफ की मौत हो गई। 9 महीने पहले ही उसे संगठन का लीडर बनाया गया था। पूरी खबर पढ़ें...
पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी की न्यायिक हिरासत 14 दिसंबर तक बढ़ी, शिक्षक भर्ती घोटाले में हुई थी गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी को एक बार फिर झटका लगा है। कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत 14 दिसंबर तक बढ़ा दी है। इन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 23 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। ED को अर्पिता मुखर्जी के फ्लैट से भारी मात्रा में नकदी और गहने मिले थे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.