इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने यूक्रेन में वॉर क्राइम के लिए रूस के राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि पुतिन यूक्रेनी बच्चों के अपहरण और डिपोर्टेशन के अपराध के लिए जिम्मेदार हैं। मानवाधिकार समूहों ने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के प्री-ट्रायल चैंबर-2 ने पुतिन समेत दो लोगों के लिए गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है। इनमें दूसरा नाम मारिया अलेक्सेयेवना लवोवा-बेलोवा का है। बता दें कि रूस ने 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर हमला किया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच जंग जारी है। इस दौरान यूक्रेन कई बार रूस पर अत्याचार करने के आरोप लगा चुका है।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
नेपाल के तीसरे उपराष्ट्रपति बने रामसहाय प्रसाद यादव
नेपाल में उपराष्ट्रपति पद चुनाव के नतीजे शुक्रवार को समाने आ गए हैं। मधेस क्षेत्र के बड़े नेता राम सहाय प्रसाद यादव (52) को देश का नया उपराष्ट्रपति चुना गया है। उन्हें 30,328 वोट मिले। वे देश के तीसरे उपराष्ट्रपति होंगे। इस पद के लिए सीपीएन-यूएमएल की अष्ट लक्ष्मी शाक्य और जनमत पार्टी की ममता झा भी दौड़ में शामिल थीं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री बोले- राजधानी में इन्फ्लूएंजा H3N2 के केस कम, लेकिन हम सतर्क; जल्द शुरू होगी स्क्रीनिंग
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी में इन्फ्लूएंजा H3N2 के केस काफी कम हैं, लेकिन हम इसे लेकर सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि नए वायरस के खतरे को देखते हुए लोगों की जल्द स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने 5 साल से कम उम्र के बच्चों और 65 साल से ज्यादा के बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली सरकार ने लोगों के लिए मास्क कंपलसरी नहीं किया है।
दिल्ली में कांग्रेस कमेटी की बैठक शुरू, कर्नाटक चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर होगी चर्चा
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट में डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश का भी नाम हो सकता है। डीके सुरेश अभी राज्य में कांग्रेस के इकलौते सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 18 मार्च को जारी हो सकती है।
माना जा रहा है कि मार्च के आखिरी हफ्ते में राज्य में चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है। अप्रैल और मई में चुनाव होने की संभावना है।
20 मार्च को 3 दिन के दौरे पर रूस जाएंगे चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन से करेंगे चर्चा
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 20 मार्च को 3 दिन के दौरे पर रूस जाएंगे। इस दौरान वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मॉस्को में दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन जंग को लेकर चर्चा हो सकती है। साथ ही दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर भी बातचीत होगी।
PFI के खिलाफ NIA ने हैदराबाद में दायर की नई चार्जशीट, इसमें 5 और आरोपियों के नाम
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी NIA ने 16 मार्च को प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के खिलाफ एक और चार्जशीट दायर की है। एजेंसी ने हैदराबाद में विशेष एनआईए कोर्ट में आरोप पत्र दायर किया। चार्जशीट में पांच आरोपियों शेख रहीम उर्फ अब्दुल रहीम, शेख वाहिद अली उर्फ अब्दुल वहीद अली, जफरुल्ला खान पठान, शेख रियाज अहमद और अब्दुल वारिस हैं।
इससे पहले NIA ने अगस्त 2022 में तेलंगाना पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने के बाद मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ दिसंबर 2022 में पहली चार्जशीट दायर की थी। तेलंगाना पुलिस ने पिछले साल 4 जुलाई को मामला दर्ज किया था।
महाराष्ट्र में धीरेंद्र शास्त्री का विरोध शुरू, कांग्रेस के नाना पटोले ने CM शिंदे को लिखा- दिव्य दरबार की अनुमति न दें
मुंबई में 18 और 19 मार्च को बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार का आयोजन होना है, लेकिन इसके पहले उसका विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चिट्ठी लिखकर धीरेंद्र शास्त्री को महाराष्ट्र में एंट्री न देने की मांग की है।
उन्होंने कहा- शास्त्री ने महाराष्ट्र के संत तुकाराम का अपमान किया है। महाराष्ट्र एक प्रगतिशील राज्य है और यहां अंधविश्वास फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर मुंबई में बागेश्वर महाराज का कार्यक्रम होता है तो हम उनका विरोध करेंगे। धीरेंद्र शास्त्री ने पिछले साल नागपुर में दिव्य दरबार लगाया था। जिसके बाद अंधविश्वास उन्मूलन समिति के श्याम मानव ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
मुंबई पुणे एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, 3 की मौत
मुंबई पुणे एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह अधे गांव के पास एक कार रोड पर खड़े कंटेनर से भिड़ गई। कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक कार मुंबई से पुणे की ओर जा रही थी। मरने वालों में विजय विश्वनाथ और राहुल कुलकर्णी की शिनाख्त हो सकी है। तीसरे का नाम पता नहीं चल पाया है।
मुंगेर में विक्रमशिला एक्सप्रेस में महिला यात्री के मोबाइल में ब्लास्ट, कई यात्री घायल
भागलपुर से आनंद विहार जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस में गुरुवार को जबरदस्त विस्फोट हुआ। हादसा ट्रेन के S-9 कोच में हुआ। बताया जा रहा है कि एक महिला यात्री के बैग से अचानक धुआं उठने लगा, फिर जबरदस्त विस्फोट हो गया। हादसे में खड़कपुर भलवाई के रहने वाले संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वो आनंद विहार जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...
अफ्रीकी देश मलावी में फ्रेडी तूफान से 300 से ज्यादा लोगों की मौत
अफ्रीकी देश मलावी में फ्रेडी तूफान से अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या आगे और भी बढ़ सकती है। फिलहाल राहत और बचाव को लेकर प्रशासन काम कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
TCS के MD और CEO राजेश गोपीनाथन ने इस्तीफा दिया, के कृतिवासन नए CEO बने
TCS के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) राजेश गोपीनाथन ने रिजाइन कर दिया है। इस बात की जानकारी IT सर्विसेस कंपनी TCS ने गुरुवार (16 मार्च) को एक स्टेटमेंट जारी कर दी है। कंपनी ने स्टेटमेंट में यह भी बताया है कि राजेश गोपीनाथन की जगह के कृतिवासन को TCS का नया CEO नियुक्त किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.