कर्नाटक के हुबली में शनिवार को एक स्पार्कल कैंडल फैक्ट्री में आग लगने से 6 महिलाओं समेत 8 कर्मचारी झुलस गए। घटना तारिहाल औद्योगिक क्षेत्र की है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। आग के कारण फैक्ट्री में धमाका होने की भी खबर है। झुलसे कर्मचारियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर शुरू
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के रामपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर शुरू हुआ है। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इस पर जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पढ़े पूरी खबर...
WHO ने मंकीपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया, 80 देशों में मिले हैं मामले
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंकीपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। बैठक में लंबी चर्चा के बाद WHO ने यह फैसला लिया है। मंकीपॉक्स अब तक 80 देशों में फैल चुका है। भारत में अब तक मंकीपॉक्स के 3 मामले सामने आए हैं।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के संबंध लंबे समय से रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई के मुर्मू के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।
क्रिकेट घोटाला मामले में फारूक अब्दुल्ला को कोर्ट ने तलब किया
श्रीनगर की एक कोर्ट ने शनिवार को क्रिकेट घोटाला मामले में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला को तलब किया है। कोर्ट जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की शिकायत पर सुनवाई कर रही थी। इस मामले में ईडी ने अब्दुल्ला से 31 मई को 3 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। ईडी का आरोप है कि जेकेसीए के नियमित खाते होने के बावजूद, फंड के लिए 6 नए खाते खोले गए। यह अब्दुल्ला के निर्देशन में किया गया था, जो उस समय जेकेसीए के अध्यक्ष थे।
कांग्रेस का आरोप- स्मृति की बेटी गोवा में अवैध बार चलाती हैं; केंद्रीय मंत्री बोलीं- कोर्ट में जवाब मांगूंगी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बेटी पर कांग्रेस के आरोपों को झूठ बताया है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी केवल 18 साल की है। वह कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट है। कांग्रेस ने बेटी के चरित्र हनन और मेरी छवि खराब करने के लिए ये आरोप लगाए हैं। मैं कांग्रेस से कोर्ट में जवाब मांगूंगी। मेरा कसूर केवल इतना है कि मैने राहुल गांधी को अमेठी में हराया। मालूम हो कि कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि स्मृति की बेटी गोवा में अवैध लाइसेंस पर बार और रेस्टोरेंट चला रही है। पढ़ें पूरी खबर...
सेना प्रमुख जनरल पांडे ने बुक ‘मेमोइर्स ऑफ कोविड वॉरियर्स इन ओलिव ग्रीन’ रिलीज की, इसमें कोरोना के दौरान डॉक्टर और नर्सों के अनुभव
सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने आज ‘मेमोइर्स ऑफ कोविड वॉरियर्स इन ऑलिव ग्रीन’ नाम की एक किताब का विमोचन किया। इस किताब में कोरोना काल के दौरान मिलिट्री डॉक्टरों और नर्सों के अनुभवों को 32 कहानियों और कविताओं के रूप में शामिल किया गया है। बुक में कोरोना के दौरान वर्दी पहने कोविड वॉरियर्स के दिल-दिमाग ने क्या महसूस किया यह भी बताया गया है।
अरुणाचल में 13 जुलाई को लापता हुए 19 में से 7 मजदूरों को बचाया गया, घर लौटते समय जंगल में खो गए थे
अरुणाचल प्रदेश में 13 जुलाई को लापता हुए 19 कंस्ट्रक्शन मजदूरों में से 7को खोज लिया गया है। रेस्क्यू टीम ने इन सभी मजदूरों को निकाल लिया है। इन्हें मेडिकल असिस्टेंस दिया गया है। अरुणाचल के कुरुंग कुमे जिले में हुई इस दुर्घटना के बाद वायुसेना के हेलिकॉप्टर्स को राहत और बचाव के काम में लगाया गया है।
लापता हुए सभी मजदूर अरुणाचल प्रदेश से असम जा रहे थे। ये सभी जंगल के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ता भटकने की वजह से जंगल में खो गए थे। इनमें से एक का शव नदी के किनारे मिला था।
अमेरिका में पहली बार बच्चों में मिला मंकीपॉक्स
अमेरिका में पहली बार मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है। यहां दो बच्चों में संक्रमण पाया गया है। अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कैलिफोर्निया में एक बच्चे और एक शिशु में मंकीपॉक्स की पहचान हुई है। मंकीपॉक्स अब तक 76 देशों में फैल चुका है।
मंकीपॉक्स को ट्रैक करने वाले Monkeypoxmeter.com के डेटा के मुताबिक, अब तक 80 देशों में 16,886 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से यूरोप में सबसे ज्यादा 11,985 लोग मंकीपॉक्स की चपेट में आए हैं। वहीं, बीमारी से ग्रस्त टॉप 10 देशों में ब्रिटेन, स्पेन, अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, पुर्तगाल, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली और बेल्जियम शामिल हैं।
शिक्षक भर्ती घोटाले में ममता के मंत्री पार्थ चटर्जी गिरफ्तार
ममता बनर्जी कैबिनेट में कद्दावर मंत्री पार्थ चटर्जी को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 24 घंटे की पूछताछ के बाद शनिवार सुबह चटर्जी पर ये कार्रवाई की गई। उन पर शिक्षक भर्ती घोटाले का आरोप है। चटर्जी के घर के बाहर CRPF तैनात कर दी गई है। इधर पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी को भी हिरासत में लिया गया है।
शुक्रवार को ED की टीम ने पार्थ चटर्जी, शिक्षा राज्य मंत्री परेश सी अधिकारी, MLA माणिक भट्टाचार्य के घर समेत 13 जगहों पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान चटर्जी की करीबी अर्पिता के घर से 20 करोड़ रुपए कैश मिले थे। ED अधिकारियों ने 500 और 200 के नोटों को गिनने के लिए काउंटिंग मशीन की मदद ली थी।
हाथरस में ट्रक ने कांवड़ियों के एक जत्थे को रौंदा, 6 की मौत
उत्तर प्रदेश के हाथरस में तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर की चपेट में आने से 6 कावंड़ियों की मौत हो गई है। 1 कावंड़िया गंभीर रूप से घायल है, जिसे आगरा के अस्पताल भेजा गया है।
शुरुआती जानकारी के मुतााबिक कावंड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जा रहे थे। घटना के बाद आगरा जोन के ADG राजीव कृष्ण ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। डंपर चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।
NEET PG में दाखिले की काउंसलिंग 1 सितंबर से
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए NEET PG में दाखिले की काउंसलिंग तारीख तय कर दी है। शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) की बैठक हुई। इसमें 1 सितंबर से काउंसलिंग शुरू करने का फैसला लिया गया। दो महीने चलने वाली काउंसलिंग के लिए जल्द ही रोस्टर जारी होगा।
सेंटर कोटा और स्टेट कोटा की काउंसलिंग साथ-साथ होगी। 50% सीटों की काउंसलिंग मेडिकल काउंसिल कमेटी करेगी। बता दें कि NEET PG लिखित परीक्षा का रिजल्ट 1 जून को आया था।
वोडाफोन-आइडिया के नए CEO अक्षय मूंद्रा होंगे
टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन-आइडिया (VI) ने अक्षय मूंद्रा को अपना अगला चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त करने का फैसला किया है। वे कंपनी के मौजूदा CEO रविंद्र टक्कर की जगह लेंगे। टक्कर का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हो रहा है। 19 अगस्त से मूंद्रा अपना कार्यभार संभालेंगे। उनका ये कार्यकाल तीन साल का होगा। वर्तमान में मूंद्रा कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हैं।
उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड मामला; NIA ने आठवें आरोपी को किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में आठवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। NIA के एक अधिकारी ने बताया कि 19 साल के मोहम्मद जावेद को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी के मुताबिक मोहम्मद जावेद ने कन्हैया लाल की हत्या की साजिश में अहम भूमिका निभाई थी। उसने हमले से पहले मुख्य आरोपी रियाज को दुकान पर पीड़ित की मौजूदगी की जानकारी दी थी।
पटना टेरर मॉड्यूल की जांच करेगा NIA
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पटना में PFI टेरर मॉड्यूल का केस जांच एजेंसी NIA को सौंप दी है। अब इस पूरे मामले की जांच NIA करेगी। जानकारी के मुताबिक बिहार पुलिस केस की पूरी डायरी भी NIA को सौपेंगी। इस केस में PFI लिंक की भी जांच की जाएगी।
दिल्ली में गौतमपुरी इलाके में फ्रिज के अंदर मिला एक व्यक्ति का शव, एक आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में 50 साल के एक व्यक्ति का शव फ्रिज से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान जाकिर के तौर पर हुई है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के DCP संजय सेन ने बताया कि शुरुआती जांच में जाकिर के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक प्रॉपर्टी विवाद हत्या का कारण हो सकता है। हत्या का आरोपी रिश्तेदार है, जिसको पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ चल रही है।
ED ने भेजा नया समन, अब 25 को नहीं, 26 जुलाई को पेश होंगी सोनिया गांधी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए नया समन भेजा है। अब उन्हें 25 के बजाय 26 जुलाई को बुलाया गया है। सोनिया गांधी से गुरुवार को ED ने दो घंटे से ज्यादा पूछताछ की थी।
तिहाड़ जेल में बंद यासीन मलिक भूख हड़ताल पर बैठा
दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहा यासीन मलिक कारागार में ही भूख हड़ताल पर बैठ गया है। मलिक का मानना है कि उसके खिलाफ चल रहे मामलों की जांच सही तरीके से नहीं हो रही है। जेल के कई अधिकारी शुक्रवार सुबह से ही उसे मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसने भूख हड़ताल तोड़ने से मना कर कर दिया है।
जम्मू-कश्मीर लिबिरेशन फ्रंट का चीफ यासीन मलिक को आपराधिक षडयंत्र रचने और राज्य के खिलाफ जंग छेड़ने से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया था, जिसके बाद उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.