• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Assam Boat Accident, Amit Shah | Aligarh, Odisha Jammu Kashmir

भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में कांग्रेस के जी-23 की बैठक; इस गुट के आनंद शर्मा राजस्थान के सीएम से मिलने पहुंचे

8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

दिल्ली में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के घर गुरुवार को पार्टी के जी-23 गुट की बैठक हुई। बैठक में मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण, बीएस हुड्डा समेत कांग्रेस जी-23 खेमे के कई बड़े नेता मौजूद रहे। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी चल रही है। इस लिहाज से बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

बता दें कि शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष पद चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। बैठक के बाद आनंद शर्मा राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत से मिलने दिल्ली के जोधपुर हाउस पहुंचे। इससे पहले पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा-अच्छा है कि पार्टी में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हो रहे हैं। हमने निष्पक्ष चुनाव के लिए सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

पीएम नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 36वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया

पीएम नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 36वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह दृश्य, यह तस्वीर, यह माहौल शब्दों से परे है। दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम, दुनिया का इतना युवा देश, देश का सबसे बड़ा खेल उत्सव। देश के 36 राज्यों के 7 हजार से ज्यादा एथलीट, 25 हजार से ज्यादा कॉलेज, 15 हजार से ज्यादा एथलीट, 50 लाख से ज्यादा छात्र सीधे राष्ट्रीय खेलों से जुड़े, यह अद्भुत है। 8 साल पहले भारत के खिलाड़ी 20-25 खेलों को खेलने ही जाते थे।अब भारत के खिलाड़ी करीब 40 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेने जाते हैं।

DCGI ने सीरम इंस्टीट्यूट की मलेरिया वैक्सीन को ब्रिटेन में एक्सपोर्ट की मंजूरी दी

ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने गुरुवार को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साइंटिस्ट और सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से डेवलप की गई मलेरिया वैक्सीन को ब्रिटेन में एक्सपोर्ट करने की अनुमति दी है। यह भारत में तैयार की गई मलेरिया की पहली वैक्सीन है। करीब 2 लाख वैक्सीन के एक्सपोर्ट को मंजूरी दी गई है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के डायरेक्टर प्रकाश कुमार सिंह ने 27 सितंबर को वैक्सीन के एक्सपोर्ट के लिए DCGI को आवेदन किया था।

जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में भीषण आग, 6 कर्मचारी झुलसे

केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (जबलपुर) में गुरुवार दोपहर अचानक फीलिंग सेक्शन में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि काम कर रहे 6 कर्मचारी झुलसकर घायल हो गए। आग फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 637 में लगी। आग देख फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पढ़ें पूरी खबर

मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ाई, अब जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली, पहले जेड कैटेगरी की थी

गृह मंत्रालय ने उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ा दी है। उन्हें जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी जाएगी। इसके पहले अंबानी के पास जेड कैटेगरी की सुरक्षा थी। सुरक्षा पर खर्च का भुगतान मुकेश अंबानी करेंगे।

ब्रह्मपुत्र नदी में 30 लोगों से भरी नाव पलटी, एक सीनियर अफसर सहित 7 लापता

असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में गुरुवार को एक नाव पलट गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक नाव में 30 लोग सवार थे, जिसमें 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसमें जिले के एक सीनियर अफसर भी लापता हुए हैं। असम डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के CEO ने बताया कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

अलीगढ़ में मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक, महिला की मौत की खबर, 65 कर्मचारी बेहोश

UP के अलीगढ़ में एक मीट फैक्ट्री में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां अमोनिया गैस के रिसाव से एक महिला की मौत की सूचना मिली है, जबकि 65 कर्मचारी बेहोश हो गए। सुबह काम करने के दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। घटना से पूरी फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। मरीजों को सीधे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पढ़ें पूरी खबर...

वंबर से बंद हो सकती हैं वोडा-आइडिया की सर्विस, इंडस टावर्स ने कर्ज न चुकाने पर सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी

वोडाफोन-आइडिया के 25 करोड़ से ज्यादा सब्स्क्राइबर को दिक्कत आ सकती है। कर्ज में दबी कंपनी को नवंबर से सेवाएं बंद करनी पड़ सकती है। दरअसल वोडाफोन आइडिया जिस इंडस टावर्स नाम की कंपनी के टावर इस्तेमाल करती है, उसने कर्ज न चुकाने पर सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है।

इंडस टावर का वोडाफोन आइडिया पर 7 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बकाया है। इस कंपनी में भारती एयरटेल की सबसे ज्यादा 47.76% और वोडाफोन ग्रुप की 21.05% हिस्सेदारी है। वोडाफोन आइडिया की भी पहले इंडस टावर में 11.5% हिस्सेदारी थी, लेकिन 2 साल पहले भारती इन्फ्राटेल में इंडस टावर के विलय के समय कंपनी ने हिस्सेदारी बेच दी थी। पढ़ें पूरी खबर...

सुप्रीम कोर्ट का फैसला- सभी महिलाएं सेफ अबॉर्शन की हकदार, शादीशुदा और अविवाहित में भेदभाव असंवैधानिक

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अबॉर्शन पर बड़ा फैसला दिया है। अदालत ने कहा कि सभी महिलाएं सेफ और लीगल अबॉर्शन की हकदार हैं। शादीशुदा और अविवाहित महिलाओं के बीच भेदभाव असंवैधानिक है। पढ़ें पूरी खबर...

ओडिशा के बालासोर में एक फैक्ट्री से अमोनिया गैस लीक, 25 से ज्यादा महिला मजदूर बीमार

ओडिशा के बालासोर में बुधवार देर रात एक फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से 25 से ज्यादा महिला मजदूर बीमार पड़ गईं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह फैक्ट्री बीजू जनता दल के पूर्व सांसद रबिंद्र कुमार जेना के बेटे प्रतीक जेना की बताई जा रही है। वहीं पुलिस और विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर छानबीन में जुट गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में 8 घंटे के अंदर दो बसों में दो ब्लास्ट

जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में 8 घंटे के अंतराल में बसों में दो ब्लास्ट हुए। पहला ब्लास्ट रात करीब साढ़े दस बजे दोमेल चौक पर पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक खाली बस में हुआ। इसमें 2 लोग घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार सुबह 6 बजे इसी इलाके में दूसरा ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में कोई घायल नहीं हुआ। ऊधमपुर पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की जांच कर रही हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग की पहली अध्यक्ष जयंती पटनायक का 90 साल की उम्र में निधन

पूर्व सांसद और ओडिशा के पूर्व सीएम स्वर्गीय जानकी बल्लभ पटनायक की पत्नी जयंती पटनायक का बुधवार रात निधन हो गया। वह 90 वर्ष की थीं। पटनायक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।

पटनायक राष्ट्रीय महिला आयोग की पहली अध्यक्ष थीं। वह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी थीं।

फ्लोरिडा तट पर क्यूबा की एक नाव डूबी, 23 लोग लापता

अमेरिका के फ्लोरिडा तट पर बुधवार देर रात क्यूबा की एक नाव डूब गई। हादसे के बाद चार लोग तैरकर किनारे पर आ गए, लेकिन 23 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

एएफपी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, क्यूबा में इयान नाम का तूफान आया है, जिसने विकराल रूप ले लिया है। इयान 27 सितंबर को क्यूबा में आया था। इससे भारी तबाही हुई। यह तूफान कैरेबियन समुद्र से उठा था। अब यह अमेरिका के फ्लोरिडा तक आ चुका है।

अंडमान-निकोबार में भूकंप का झटका, रिक्टर स्केल पर मापी गई 4.5 तीव्रता

अंडमान-निकोबार द्वीप में शुक्रवार को 12 बज कर 43 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र डिगलीपुर से 150 किमी दूर उत्तर पूर्व में बना। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई है। इसकी गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के 3 दिवसीय दौरे पर रहेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

जम्मू और कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह पहली बार जनसभा को संबोधित करेंगे। वे 3 से 5 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्‍सा लेंगे। पहले वह 30 सितंबर को जाने वाले थे लेकिन अब गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर की शाम को जम्मू कश्मीर पहुंचेंगे।

4 अक्टूबर की सुबह अमित शाह रघुनाथ मंदिर जाएंगे और फिर देर शाम श्रीनगर के लिए रवाना होंगे। 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे गृहमंत्री बारामुला में पार्टी की रैली को संबोधित करेंगे।

दागियों के चुनाव लड़ने पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस किया जारी

सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर अपराधों के आरोपियों को चुनाव लड़ने से रोकने की मांग वाली याचिका पर केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है। जस्टिस केएम जोसेफ और जस्टिस ऋषिकेश रॉय की बेंच ने अश्विनी उपाध्याय की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार को कानून मंत्रालय, गृह मंत्रालय और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी किया। वकील अश्विनी दुबे के जरिए याचिका में मांग की गई है कि जिन पर आपराधिक मामलों में आरोप तय किए गए हैं, उन्हें चुनाव लड़ने से रोका जाए।

PFI पर बैन का मुस्लिम संगठन पसमांदा मुस्लिम महाज ने किया स्वागत

अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम महाज ने पीएफआई पर बैन का स्वागत किया है। संगठन ने कहा है कि पीएफआई देश में भारतीय संविधान के खिलाफ और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त है, छापेमारी के बाद यह बात जगजाहिर हो गया है। ऐसे में पीएएफआई पर प्रतिबंध का पसमांदा संगठन स्वागत करता है।

केंद्र सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी PFI और उससे जुड़े 8 संगठनों पर 5 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अनलॉफुल एक्टिविटी प्रिवेन्शन एक्ट (UAPA) के तहत ये बैन लगाया गया है।