• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Jammu Kashmir Terror Funding | Rajasthan Delhi MP UP Punjab Mumbai News

भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म, 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

साउथ दिल्ली के फतेहपुरबेरी थाना क्षेत्र में 4 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों रामनिवास पानिका (27) और शक्तिमान सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोस में रहने वाले दोनों आरोपी उसे बहलाकर जंगल में ले गए और दुष्कर्म किया। बच्ची को AIIMS में भर्ती किया गया है, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रहने वाले हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

वोडा-आइडिया के 16 हजार करोड़ से ज्यादा बकाए के बदले सरकार ने हिस्सेदारी ली, 10 रुपए के मूल्य पर जारी किए जाएंगे शेयर

केंद्र सरकार ने कर्ज में डूबी वोडाफोन-आइडिया के 16 हजार 133 करोड़ रुपए से अधिक के बकाए ब्याज को इक्विटी में बदलने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। बदले में केंद्र को 10 रुपए के मूल्य पर इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।

इस बकाये कर्ज को शेयर्स में बदलने के बाद वोडाफोन आइडिया में सरकार की 33 फीसदी इक्विटी होगी। कंपनी को यह राहत सितंबर, 2021 में सरकार द्वारा घोषित सुधार पैकेज के तहत मिली है।
हिमाचल बीजेपी से प्रदेश कार्यसमिति के 4 सदस्य 6 साल के लिए सस्पेंड

हिमाचल प्रदेश बीजेपी ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति के 4 सदस्यों को 6 साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। इन पर अनुशासनहीनता का आरोप है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि बीजेपी एक अनुशासित पार्टी है। यहां किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इंडिगो ने बिहार जाने वाले यात्री को राजस्थान पहुंचाया, DGCA ने पूछा- बोर्डिंग पास चेक क्यों नहीं किया

इंडिगो एयरलाइंस ने बिहार जाने वाले एक यात्री को राजस्थान पहुंचा दिया। उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद यात्री को अहसास हुआ कि एयरलाइन ने उसे गलत फ्लाइट में बैठा दिया। मामला 30 दिसंबर का है, इसके बाद 31 जनवरी को इंडिगो ने पैसेंजर को पटना भेजा।

इंडिगो का कहना है कि यात्री गलत फ्लाइट पर चढ़ गया था। वहीं, DGCA ने पूछा कि अगर यात्री गलत फ्लाइट में चढ़ा था तो उसका बोर्डिंग पास अच्छे से चेक क्यों नहीं किया गया। DGCA ने मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर...

अंडमान-निकोबार के बंजर द्वीप से 7 विदेशी शिकारी गिरफ्तार

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के बंजर द्वी में छिपे सात विदेशी शिकारियों को सैनिकों ने अरेस्ट कया है। ANC और IRBN सैनिकों को यहां विदेशी शिकारियों के छिपे होने का इनपुट मिला था। सैनिकों ने अभियान चलाकर 31 जनवरी को इन्हें अरेस्ट किया। इसकी जानकारी सैनिकों ने आज जारी की है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में जैश के 6 आतंकी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। जवानों ने 6 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। उनके साथियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

UP के उन्नाव में आगर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दो कारों की टक्कर, 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दो कारों की टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

पंजाब में पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ, सरकार ने प्रति लीटर पर 90 पैसे सेस लगाया

पंजाब में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 90 पैसे प्रति लीटर सेस लगा दिया है। यह फैसला शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। इसके अलावा बैठक में मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रीकल व्हीकल पॉलिसी और नई उद्योग पॉलिसी को मंजूरी दी है।

पूर्व CM अमरिंदर सिंह की पत्नी कांग्रेस से सस्पेंड, भाजपा की मदद करने का आरोप

कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला से सांसद परनीत कौर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। परनीत पर बीजेपी की मदद करने का आरोप है। बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब चुनाव से पहले ही भाजपा जॉइन कर ली थी, अब वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं।

अखिलेश यादव के काफिले की 6 गाड़ियां टकराईं, दो कार्यकर्ता घायल

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काफिले में शामिल 6 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। कटरा बिल्हौर राजमार्ग पर हुए इस हादसे में 2 सपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तब हुआ जब अखिलेश यादव एक कार्यक्रम में शामिल होने हरदोई जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...

जम्मू-कश्मीर में NIA की छापेमारी, टेरर फंडिंग मामले में कई ठिकानों पर पहुंची टीम

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार को टेरर फंडिंग मामले में NIA कई जगह छापेमारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में कश्मीरी अलगाववादी नेता नईम खान की जमानत याचिका पर NIA को नोटिस जारी किया था। इसी मामले से जुड़े इनपुट मिलने के बाद ये एजेंसी ये कार्रवाई कर रही है।

अमूल ने बढ़ाई प्रोडक्ट्स की कीमतें, फुल क्रीम दूध के दाम 3 रुपए लीटर बढ़ाए, अब 66 रुपए में मिलेगा

बजट पेश होने के दो दिन बाद ही अमूल ने दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। अब फुल क्रीम दूध 63 रुपए की जगह 66 रुपए प्रति लीटर, भैंस का दूध 65 रुपए की जगह 70 रुपए प्रति लीटर हो गया है। अमूल दही और अन्य उप-उत्पादों के दाम भी बढ़ाए गए हैं। बढ़ी हुई कीमतें 3 फरवरी से लागू हो गई हैं। इसके पहले अक्टूबर 2022 में अमूल ने दूध की कीमतें 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई थीं।

अमूल के अलावा पराग और मदर डेयरी ने भी दूध और दूध से बने उत्पादों के दामों में इजाफा कर दिया है।

अमूल की ओर से जारी की गई प्राइस लिस्ट...

मुंबई में आतंकी हमले की धमकी, NIA को आया मेल; भेजने वाले ने खुद को तालिबानी बताया

मुंबई में आतंकी हमला की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस को NIA ने इसकी जानकारी दी गई है। NIA की टीम ने बताया कि उन्हें एक धमकीभरा ईमेल आया है । ईमेल करने वाले ने खुद को तालिबानी बताया और दावा किया कि तालिबान संगठन के प्रमुख नेता सिराजुद्दीन हक्कानी के आदेश कर यह होने वाला है। मुंबई पुलिस अलर्ट पर है और जांच में जुट गई है। इससे पहले भी ऐसे ईमेल और धमकी भरे कॉल आए है। हालांकि, जांच के बाद उन्हें फर्जी पाया गया है।

अबू धाबी से कालीकट आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस के फ्लाइट की इंजन में आग, सभी पैसेंजर्स सुरक्षित

एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के एक इंजन में आग लगने के बाद उसे वापस अबू धाबी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। फ्लाइट अबू धाबी से कालीकट आ रही थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, सभी 184 पैसेंजर्स सुरक्षित हैं।

DGCA ने जानकारी दी है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का B737-800 विमान जो फ्लाइट नंबर IX 348 के तौर पर ऑपरेट किया जा रहा था, उसके इंजन नंबर-1 में आग लग गई थी, इस वजह से उसे वापस भेजा गया। DGCA ने बताया कि VT-AYC नंबर से रजिस्टर्ड विमान में जिस समय आग लगी, उस समय वह 1000 फीट की ऊंचाई पर था।

BJP अध्यक्ष जेपी नड्‌डा त्रिपुरा में आज इलेक्शन कैंपेन की करेंगे शुरुआत

त्रिपुरा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत करने वाले हैं। नड्डा इसकी शुरुआत अमरपुर से विजय संकल्प यात्रा के साथ करेंगे। वह चुनाव को लेकर राज्य के बड़े नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे।

अमेरिका में दिखाई दिए जासूसी बैलून, पेंटागन का दावा- चीन ने भेजे

अमेरिका में संदिग्ध जासूसी बैलून देखे गए हैं। पेंटागन ने दावा किया है कि यह बैलून चीन के हैं, जो अमेरिका में निगरानी के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि बैलून कितनी ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन उन्होंने कहा कि बैलून सिविलियन एयर ट्रैफिक के ऊपर और आउटर स्पेस के नीचे उड़ रहा था।

तेलुगू सिनेमा के फिल्म डायरेक्टर के. विश्वनाथ का 92 साल की उम्र में निधन

टॉलीवुड के जाने-माने फिल्म डायरेक्टर और एक्टर के. विश्वनाथ का गुरुवार देर रात निधन हो गया। वह 92 साल के थे। लंबी बीमारी के चलते उन्हें हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका पार्थिव शरीर अस्पताल से जुबली हिल्स स्थित उनके निवास स्थान पर देर रात करीब 1 बजे लाया गया। विश्वनाथ को साल 2017 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। ये इंडियन फिल्म इंडस्ट्री का सर्वोच्च अवॉर्ड है। इसके अलावा उन्हें 6 नेशनल फिल्म फेयर अवॉर्ड, 8 स्टेट नंदी अवॉर्ड और 10 फिल्मफेयर पुरस्कार अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। पूरी खबर पढ़ें...
गुरुग्राम में एक्सीडेंट के बाद कार में फंसी बाइक को 4KM घसीटा, पीड़ित बोले- आरोपी नशे में था

हरियाणा के गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से एक बाइक कार के नीचे फंस गई। नशे में धुत ड्राइवर ने कार को रोकने की बजाय बाइक को करीब 4 किलोमीटर तक घसीटा। घटना बुधवार देर रात सेक्टर- 62 की है। कार के नीचे फंसी बाइक से चिंगारियां निकल रहीं थीं। पीछे चलने वाले एक शख्स ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें...

राम जन्मभूमि परिसर को उड़ाने की धमकी, अयोध्या के रहवासी को अज्ञात व्यक्ति का फोन आया

अयोध्या में रहने वाले एक व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर राम जन्मभूमि परिसर को उड़ाने की धमकी दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। फोन रामकोट क्षेत्र में रहने वाले मनोज नाम के व्यक्ति को किया गया। उसने अपने मोबाइल फोन पर कॉल आने की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस के मुताबिक, फोन करने वाले ने गुरुवार सुबह 10 बजे मंदिर परिसर को उड़ाने की धमकी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले के कई स्थानों पर तैनात सभी जवानों को अलर्ट कर दिया। राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) संजीव कुमार सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रहे हैं। फोन करने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।