• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News

भास्कर अपडेट्स:काबुल में हुए धमाके में 53 लोगों की मौत हुई थी, इनमें 46 लड़कियां, यूएन की रिपोर्ट से खुलासा

6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक एजुकेशन इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को हुए धमाके में 53 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 46 लड़कियां थीं। यूनाइटेड नेशंस (यूएन) ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। यह धमाका हजारा इलाके में हुआ था। यूएन इसके बारे में अभी और जानकारी जुटा रहा है। हादसे में 110 महिलाएं घायल हुई हैं।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

नेशनल हेराल्ड केस मामले में ED ने कांग्रेस के पांच नेताओं को समन भेजा

नेशनल हेराल्ड केस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के पांच नेताओं को समन भेजा है। यह समन यंग इंडिया को डोनेशन देने के मामले में भेजा गया है। ED ने मंगलवार को गीता रेड्डी, अंजन कुमार, गली अनिल, सुदर्शन रेड्डी, मो, अली शब्बीर को पूछताछ के लिए बुलाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन नेताओं यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ने डोनेशन दी थी। उस समय इसके डायरेक्टर राहुल और सोनिया गांधी थीं। ED ने इसी डिटेल्स की जानकारी के लिए इन नेताओं को दफ्तर बुलाया है।

JEE मेंस 2021 परीक्षा पेपर लीक मामले में रूसी नागरिक हिरासत में, CBI कर रही पूछताछ

JEE मेंस 2021 परीक्षा पेपर लीक मामले में CBI ने एक रूसी नागरिक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसने परीक्षा के दौरान सॉफ्टवेयर की कथित हैकिंग की थी। पकड़े गए रूसी नागरिक की पहचान मिखाइल शेरगिन के रूप में हुई है। एजेंसी ने बताया कि मिखाइल ने परीक्षा के दौरान iLeon सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ की थी। इस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल परीक्षा के लिए किया गया था।

पहली बार एयरफोर्स डे की परेड की लोकेशन बदलेगी, दिल्ली के बजाय चंडीगढ़ में होगा आयोजन

एयरफोर्स डे की परेड को दिल्ली के बाहर शिफ्ट किया गया है। 8 अक्टूबर को होने वाली एयरफोर्स की परेड और फ्लाईपास्ट अब चंडीगढ़ में होगी। पहली बार एयरफोर्स डे का आयोजन दिल्ली के बाहर होगा। हर साल एयरफोर्स डे परेड हिंडन एयर बेस पर होती है।

चेन्नई में तीर्थ यात्रा पर निकले 6 लोगों की नदी में डूबने से मौत, दो के शव मिले

चेन्नई के पूंडी में कोलिडम नदी में नहाने गए 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान डी चार्ल्स (38), डी पृथ्वीराज (39), टी इसाक (19), डी डेविड (32), एस केरमेल (19) और एस प्रवीण राज (19) के रूप में हुई है।

थिरुकापट्टी पुलिस ने कहा– सभी पूंडी माधा बासिलिका दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। इसी बीच नदी में नहाने चले गए। नदी का फ्लो अचानक तेज होने से कोई संभल नहीं सका और सभी बह गए। चार्ल्स और पृथ्वीराज के शव मिल गए हैं। अभी रेस्क्यू जारी है।

स्वीडन के स्वांते पाबो को मेडिसिन का नोबेल प्राइज, मानव विकास पर की खोज

2022 के लिए मेडिसिन की फील्ड में नोबेल प्राइज का ऐलान हो गया है। स्वांते पाबो को यह अवॉर्ड मिला है। मानव विकास से संबंधित डिस्कवरी के लिए स्वांते को यह अवॉर्ड मिला है।

सीडीएस जनरल अनिल चौहान को Z+ कैटेगरी की सुरक्षा, दिल्ली पुलिस देगी

केंद्र सरकार ने हाल ही में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किए गए जनरल अनिल चौहान को Z+ कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। उन्हें यह सुरक्षा दिल्ली पुलिस देगी।

तमिलनाडु के त्रिची में कपड़ा शोरूम के बाहर हीलियम गैस के टैंक में ब्लास्ट, 1 की मौत, 4 घायल

तमिलनाडु के त्रिची से एक कपड़ा शोरूम के बाहर ब्लास्ट का वीडियो सामने आया है। त्रिची कोट्टई वासल के फोर्ट इलाके में एक बाजार में हीलियम गैस के टैंक में ब्लास्ट हुआ। घटना में एक की मौत हो गई, 4 घायल हो गए। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक ये हादसा बैलून में गैस भरने के दौरान हुआ। मृतक की पहचान 35 साल के रवि की रूप में हुई है। पुलिस ने बैलून बेचने वाले को गिरफ्तार कर लिया है।

भारत के एयरस्पेस से गुजर रहे ईरानी विमान में बम की सूचना, दिल्ली- जयपुर में लैडिंग की परमिशन नहीं दी गई

भारत से गुजर रहे एक ईरानी विमान में बम की सूचना मिली है। बम की जानकारी मिलने पर विमान ने दिल्ली और जयपुर में लैडिंग की परमिशन मांगी, जिसे भारत सरकार ने इनकार कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को बम के बारे में इनपुट मिले थे, जिसके बाद विमान को दिल्ली में उतरने की अनुमति नहीं दी गई। यह विमान अभी चीन की ओर बढ़ रहा है। इसकी निगरानी के लिए एयरफोर्स के सुखोई फाइटर जेट लगाए गए हैं। इन फाइटर जेट्स ने पंजाब और जोधपुर एयरबेस से उड़ान भरी थी।

PM मोदी का हिमाचल दौरा, 5 अक्टूबर को बिलासपुर और कुल्लू जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 अक्टूबर को हिमाचल दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बिलासपुर और कुल्लू जाएंगे। प्रधानमंत्री बिलासपुर में AIIMS का उद्घाटन करेंगे। कुल्लू में फोरलेन परियोजना के कुछ हिस्से का भी उद्घाटन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का शुभारंभ भी करेंगे। इस दौरान भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा भी देखेंगे।

गुरुग्राम में बिल्डिंग डिमोलिश करने के दौरान हादसा, 3 मजदूर मलबे में फंसे

हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को बिल्डिंग डिमोलिश करते वक्त हादसा गया। यहां के उद्योग विहार फेज 1 में 3 मंजिला इमारत गिराने के दौरान कुछ मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। फायर ब्रिगेड के अफसर ने बताया कि एक मजदूर को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, 3 मजदूर मलबे में फंसे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

डीसीपी वेस्ट दीपक सहारन ने बताया कि यह एक पुरानी इमारत थी, जिसे 26 सितंबर से ही तोड़ा जा रहा था। 2 मंजिल तोड़े जा चुके थे, लेकिन आखिरी हिस्सा ढह जाने से यह हादसा हुआ।

UP के भदोही में दुर्गा पंडाल में लगी भीषण आग, 52 लोग झुलसे; 3 की मौत

उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार शाम को भीषण हादसा हो गया। यहां एक दुर्गा पंडाल में आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे और एक महिला शामिल है। वहीं, 52 लोग झुलस गए। 33 की हालत गंभीर है। इन्हें वाराणसी के BHU रेफर किया गया है। हादसा औराई क्षेत्र के नरथुआ में हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पंडाल में करीब डेढ़ सौ लोग मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, आग उस समय लगी जब आरती की हो रही थी। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोग जब तक बाहर निकलते, उससे पहले आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला।​​​ एक प्रत्यक्षदर्शी महिला बुद्धी ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी। इसके बाद पूरे पंडाल में फैल गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पंजाबी गायक अल्फाज पर हुआ जानलेवा हमला, सिंगर हनी सिंह ने दी जानकारी

पंजाबी सिंगर अल्फाज पर जानलेवा हमला हुआ है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मोहाली के एक रेस्तरां में मामूली झगड़े के बाद अल्फाज पर यह हमला किया गया है। गंभीर हालत में उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। अल्फाज पर हमले की सूचना सिंगर हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर शेयर करके दी है। मोहाली पुलिस ने बताया कि एक ढाबे के पास उनकी गाड़ी में टक्कर मारी गई थी। आरोपी को हमने गिरफ्तार कर लिया है। अल्फाज अभी खतरे से बाहर हैं।

मुंबई में DRI ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया, 2 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त

मुंबई में DRI ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। 3.5 किलोग्राम गांजा ( हाइड्रोपोनिक वीड ) जब्त किया है। इसकी कीमत 2 करोड़ की ज्यादा बताई जा रही है।

DRI के अधिकारी ने कहा कि जांच में पता चला है कि इसके ऑर्डर के लिए डार्क वेब का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं भुगतान क्रिप्टो करेंसी से हुआ है।

पालघर में चार्ज करते समय इलेक्ट्रिक स्कूटर में ब्लास्ट, 7 साल के बच्चे की मौत

महाराष्ट्र के पालघर में चार्ज करने के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर ब्लास्ट हो गया है। इसकी चपेट में आने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा वसई इलाके में हुआ। मानिकपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।