• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:पाकिस्तान से छिन सकती है एशिया कप की मेजबानी, मार्च में होगा फैसला

4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

इस साल सितंबर में होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान से बाहर शिफ्ट हो सकता है। इस मसले पर शनिवार को एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक हुई। इसमें काउंसिल के चेयरमैन और BCCI के सचिव जय शाह और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन नजम सेठी भी शामिल हुए। बैठक में यह तय हुआ कि एशिया कप कहां होगा इस बारे में आखिरी फैसला मार्च में लिया जाएगा।

पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का ऑफिशियल होस्ट है लेकिन BCCI ने साफ कर दिया था कि भारतीय टीम सुरक्षा कारणों से इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं कर सकती है। इसलिए टूर्नामेंट पाकिस्तान से बाहर शिफ्ट किया जा सकता है। तत्कालीन PCB चेयरमैन रमीज राजा इसके बाद BCCI के साथ तकरार की ओर बढ़ चले थे। उन्होंने धमकी दी थी कि अगर भारत एशिया कप खेलने नहीं आएगा तो पाकिस्तान की टीम भी इसी साल होने वाले वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने भारत नहीं जाएगी। इसके बाद पीसीबी में तख्तापलट हो गया।

शहबाज शरीफ की सरकार ने रमीज की जगह नजम सेठी को चेयरमैन बना दिया। सेठी इसके बाद से मामले को ठंडा करने में लगे हुए हैं। फैसले को मार्च तक टाल दिए जाने के बाद सेठी अब पाकिस्तान में यह कह सकते हैं कि पाकिस्तान की मेजबानी अभी खारिज नहीं हुई है। हालांकि, इस बात की उम्मीद काफी कम है कि मौजूदा हालात के बीच पाकिस्तान टूर्नामेंट का होस्ट बना रह पाए।

आज की अन्य प्रमुख खबरें...

भारतीय सेना ने अग्निवीरों के लिए भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की घोषणा की, अब ऑनलाइन परीक्षा होगी

भारतीय सेना ने अग्निवीरों के लिए भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की घोषणा की है। अब नॉमिनेटेड सेंटर्स पर सभी कैंडिडेट्स के लिए एक ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) होगी। क्वालिफाइड कैंडिडेट्स का फिजिकल फिटनेस और मेडिकल टेस्ट होगा। पहली ऑनलाइन CEE अप्रैल 2023 में होनी है।

ओडिशा के नयागढ़ में गैस पाइप लाइन में धमाका, दो मजदूरों की मौत, तीन घायल

ओडिशा में नयागढ़ के इटामाटी इलाके के सुनलती में शनिवार को गैस पाइप लाइन में धमाका हो गया। हादसे में से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर गेल इंडिया की पाइपलाइन बिछाने के काम में लगे थे। पाइपलाइन की सफाई के दौरान अचानक कंप्रेसर फट गया, जिससे 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नयागढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया।

रो पड़ीं पीटी उषा, कहा- जब से सांसद बनी परेशान किया जा रहा, एकेडमी पर हो रहा अवैध निर्माण

भारतीय ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) की प्रेसिडेंट पीटी उषा दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रो पड़ीं। उषा ने केरल के कोझिकोड में मौजूद अपनी एकेडमी ‘उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स’ की जमीन पर अवैध निर्माण के आरोप लगाए। उषा ने कहा कि इस एकेडमी में देश भर से बच्चियां आती हैं। ये उनकी सुरक्षा का मामला है। एकेडमी की जमीन पर कुछ दबंग अवैध निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को इस मामले में दखल देना चाहिए।

उषा ने कहा - मेरे राज्यसभा सांसद बनने के बाद से ‘उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स’ को निशाना बनाया जा रहा है। मुझ पर निजी हमले हो रहे हैं। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पिछले साल पीटी उषा को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था।

NSAअजीत डोभाल ब्रिटेन के NSA टिम बैरो से मिलेंगे, लंदन में होगी मुलाकात

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल शनिवार को लंदन में ब्रिटेन के NSA टिम बैरो से मुलाकात करेंगे। डोभाल ने पिछले हफ्ते ही वाशिंगटन में अमेरिका के NSA जेक सुलिवन से मुलाकात की है।

तमिलनाडु में त्योहार पर मुफ्त साड़ियों के टोकन बांटते समय भगदड़, 4 महिलाओं की मौत

तमिलनाडु के तिरुपत्तूर के वानियामबाडी में शनिवार को भगदड़ में चार महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यहां थाईपुसम त्योहार के मौके पर एक व्यक्ति मुफ्त साड़ियां और वेश्टि (सफेद धोती) के टोकन बांट रहा था। टोकन लेने बड़ी संख्या में लोग इकट्‌ठा हो गए। इस दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।

तमिल समुदाय थाईपुसम त्योहार मनाता है। यह भगवान मुरुगन की जयंती होती है। भगवान मुरुगन भगवान शिव और देवी पार्वती के छोटे पुत्र कार्तिकेय हैं। माना जाता है कि इस दिन देवी पार्वती ने भगवान मुरुगन को ताराकासुर नामक राक्षस और उसकी सेना को मारने का आदेश दिया था। जिसके बाद भगवान कार्तिकेय ने तारकासुर का वध किया। इसी की खुशी में थाईपुसम त्योहार मनाया जाता है।

मशहूर प्लेबैक सिंगर वाणी जयराम का निधन, हाल ही में पद्म भूषण से किया गया था सम्मानित

दक्षिण भारत की दिग्गज गायिका वाणी जयराम का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने पार्श्वगायिका के तौर पर हाल ही में 50 साल पूरे किए थे और 18 भारतीय भाषाओं में 10 हजार से ज्यादा गीत गाए थे। उन्हें 3 बार बेस्ट प्लेबैक सिंगर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। उन्हें हाल ही में देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। पढ़ें पूरी खबर...

नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की कैंडिडेट्स की पहली सूची,थेरी दीमापुर से प्रत्याशी होंगे

कांग्रेस ने नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। राज्य इकाई के प्रमुख के थेरी को दीमापुर-1 से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद सूची जारी की गई।

मुंबई में फायर ब्रिगेड भर्ती के दौरान हंगामा, महिला अभ्यर्थियों और पुलिसवालों के बीच झड़प

मुंबई में शनिवार को फायर बिग्रेड भर्ती के दौरान के हंगामा हो गया। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। महिला अभ्यर्थियों ने भर्ती के दौरान धांधली का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के दहिसर पश्चिम स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे मैदान में महिलाएं शुक्रवार रात से ही भर्ती की तैयारी कर रही थी, लेकिन सुबह लड़कियों को गेट के अंदर घुसने ही नही दिया गया। जिसके बाद अभ्यर्थियों ने BMC के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी के दौरान पुलिस और लड़कियों में धक्कामुक्की भी हुई। पढ़ें पूरी खबर...

दिल्ली में आप ऑफिस के बाहर BJP का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने शराब घोटाला मामले में केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की

दिल्ली में कथित शराब घोटाले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, CM केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

राहुल के करीबी अलंकार सवई से ED ने की पूछताछ, TMC के साकेत गोखले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ा है केस

ED ने राहुल गांधी के करीबी अलंकार संवई से लगातार 3 दिन पूछताछ की है। यह पूछताछ TMC के साकेत गोखले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के तहत की गई। गोखले ने एजेंसी को बताया था कि उन्होंने सवई से 23.54 लाख रुपए लिए थे। इसी के संबंध में एजेंसी ने सवई से सवाल-जवाब किया था।

जामिया हिंसा मामले में दिल्ली कोर्ट ने शरजील इमाम को बरी किया, पर अभी कस्टडी में रहना होगा

दिल्ली की एक कोर्ट ने शरजील इमाम और आसिफ इकबाल तनहा को 2019 के जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हिंसा के मामले में बरी कर दिया है। हालांकि, शरजील को अभी भी जेल में ही रहना होगा। वह दिल्ली दंगों के कॉन्सपिरेसी केस में भी आरोपी है और उसके खिलाफ कई और FIR हैं। तनहा जमानत पर जेल से बाहर है।

शरजील इमाम, उमर खालिद, खलिद सैफी समेत कई लोगों को फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्व दिल्ली में हुए दंगों का मास्टर माइंड बताते हुए एंटी टेरर लॉ UAPA के तहत गिरफ्तार किया गया है। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। पढ़ें पूरी खबर...

मुंबई नगरपालिका ने 2023-24 के लिए 52,619 करोड़ का बजट पेश किया
BMC यानी मुंबई नगरपालिका ने मुंबईकरों के लिए 52,619 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। पिछली बार यह बजट 45 हजार करोड़ का था। यानी इस साल पेश हुए बजट में पीछे साल के मुकाबले 6,670 करोड़ रुपए अधिक आवंटित किया गए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल के बजट में 14.52% की बढोतरी की गई है।

कर्नाटक विधानसभा के लिए भाजपा का ऐलान, धर्मेंद्र प्रधान को पार्टी का प्रभारी नियुक्त किया
कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। बता दें कि प्रधान को पहले भी कई चुनावों का जिम्मा सौंपा जा चुका है। राज्य में इस साल अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं।

मणिपुर के इंफाल में फैशन शो के दौरान विस्फोट, चीनी ग्रेनेड के इस्तेमाल की आशंका
मणिपुर की राजधानी इंफाल में शनिवार सुबह एक फैशन शो के दौरान विस्फोट हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के मुताबिक, इंफाल SP महारबम प्रदीप सिंह ने आशंका जताई है कि विस्फोट में चीनी ग्रेनेड जैसा विस्फोटक डिवाइस का इस्तेमाल किया गया है।

चेन्नई की फार्मास्यूटिकल कंपनी पर देर रात छापा, अमेरिका भेजे गए आईड्रॉप भी वापस बुलाए

चेन्नई की फार्मास्यूटिकल कंपनी पर देर रात छापा मारा गया। चेन्नई की दवा कंपनी ग्लोबल फार्मा हेल्थकेयर कंपनी ने एजरीकेयर आर्टिफिशियल टियर्स नामक की एक आई ड्रॉप्स बनाई थी, जिससे कई लोगों की आंखों की रौशनी चली गई।CDC दवा की बंद बोतलों की जांच कर रही है।

दूसरी तरफ, भारत की फार्मा कंपनी ने अमेरिकी बाजार से अपनी आई ड्रॉप्स की खेप वापस मंगवा ली है। अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने लोगों से इस दवा की खरीद और इस्तेमाल को फौरन बंद करने की अपील की थी। पढ़ें पूरी खबर...

देवशिला पर भड़काऊ वीडियो पर बिहार में NIA की रेड, हिरासत में 3 लोग

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बिहार में NIA की रेड हुई है। बताया जा रहा है कि PFI के सदस्य सलमान उस्मान खान ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें उसने देवशिला की यात्रा का वीडियो डाला है और कहा है कि बाबरी मस्जिद पर दावा बरकरार रहेगा। इस देवशिला से अयोध्या में रामलला-माता जानकी की मूर्ति बनेगी।

शनिवार सुबह बिहार और झारखंड की NIA की टीम ने मोतिहारी में दबिश दी। और टीम ने कई जगहों पर रेड डाली। छापेमारी जिले के चकिया मेहसी क्षेत्र में कई जगहों पर हुई है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भारत का बैंकिंग सिस्टम काफी मजबूत, अडाणी के शेयरों में उतार-चढ़ाव के बीच RBI ने कहा- हम निगरानी रख रहे हैं

अडाणी ग्रुप के शेयरों में उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को कहा कि भारत का बैंकिंग सिस्टम काफी मजबूत और स्थिर है। सेंट्रल बैंक ने कहा कि भारतीय बाजार में उथल-पुथल पर बैंकों के कर्ज के बारे में चिंता जताने वाली मीडिया रिपोर्ट्स को संज्ञान में लेते हुए वह लगातार बैंकिंग क्षेत्र की निगरानी कर रहा है। हालांकि, RBI ने अडाणी समूह का नाम नहीं लिया।

RBI ने कहा कि हमारे पास बड़े क्रेडिट (CRILC) डेटाबेस सिस्टम पर सूचना का एक केंद्रीय भंडार है, जहां बैंक 5 करोड़ रुपए और उससे अधिक के अपने जोखिम की रिपोर्ट करते हैं, जिसका उपयोग निगरानी के लिए किया जाता है।

सेंट्रल बैंक ने कहा कि ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स आई हैं, जिनमें भारतीय बैंकों की ओर से एक बिजनेस ग्रुप को दिए गए लोन पर चिंता जताई गई है, लेकिन हम ये कहना चाहते हैं कि रेगुलेटर और सुपरवाइजर के रूप में RBI फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बनाए रखने के लिए बैंकिंग सिस्टम और व्यक्तिगत बैंकों पर निरंतर निगरानी रखता है।

IB डायरेक्टर के आवास पर तैनात CRPF के ASI ने खुद को गोली मारी

CRPF के ASI राजबीर कुमार ने अपने सर्विस गन से खुद को गोली मार ली। वह दिल्ली में IB डायरेक्टर के आवास पर तैनात थे। घटना बीते शुक्रवार शाम चार बजे की है। पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। CRPF ने सुसाइड का कारण जानने के लिए कोर्ट ऑफ इनक्वायरी का आदेश दिया है। पढ़ें पूरी खबर...

मणिपुर के उखरुल में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.0 रही

मणिपुर के उखरुल में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किमी नीचे था। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

इससे पहले यूपी के शामली में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.2 रही।

दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बना बैंकॉक, लोगों को घर पर रहने की सलाह

दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बैंकॉक बन गया है। WSO की रिपोर्ट में बैंकॉक में PM 2.5 का स्तर 70.5 तक पहुंच चुका है, जो कि 14 गुना ज्यादा खराब है। प्रदूषण के दौरान दोपहर भी शाम सी नजर आ रही है। लोगों को घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।