• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Jammu Kashmir Violence | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News

भास्कर अपडेट्स:पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भांजी अनीता ओमप्रकाश पांडे का नागपुर में निधन, कुछ महीनों से बीमार थीं

2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भांजी अनीता ओमप्रकाश पांडे (60) का महाराष्ट्र के नागपुर में निधन हो गया। उनके एक रिश्तेदार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से बीमार थीं। रविवार को उनका निधन हो गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

पोप फ्रांसिस अगले साल भारत की यात्रा पर आएंगे

पोप फ्रांसिस अगले साल भारत आएंगे। उन्होंने रविवार को बताया कि वो 2024 में भारत की यात्रा की योजना बना रहे हैं। वहीं, पोप फ्रांसिस 2023 में मंगोलिया की यात्रा पर विचार कर रहे हैं।

अमित शाह बोले- BJP ने त्रिपुरा में डर का माहौल खत्म किया, CPI (M) की सरकार में मारे गए थे 4 हजार लोग

अमित शाह ने त्रिपुरा में कहा कि भाजपा ने राज्य में डर का माहौल खत्म किया है। सीपीआई (एम) के शासन में राज्य में 4 हजार लोग मारे गए थे। अब त्रिपुरा विकास के राह पर अग्रसर है। पहले राशन कार्ड, सस्ता अनाज लेने के लिए कम्युनिस्ट पार्टी के कैडर के पास जाना पड़ता था। हमने कैडर का राज समाप्त कर संविधान का राज बनाया है। गृह मंत्री अगरतला में विजय संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

INS विक्रांत पर पहली बार लैंड हुआ नौसेना का लड़ाकू विमान

भारतीय नौसेना ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। सोमवार को नौसेना के पायलटों ने आईएनएस विक्रांत पर लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट की लैंडिंग की। यह स्वदेशी लड़ाकू विमान के साथ एयरक्राफ्ट कैरियर के डिजाइन, डेवलपमेंट, प्रोडक्शन और ऑपरेशन करने में भारत की ताकत को दिखाता है।

जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पथराव और हिंसा के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार

जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पथराव और हिंसा करने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पथराव के कारण पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। रविवार को जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू होते ही, महिलाओं और बच्चों सहित स्थानीय लोगों ने सड़क बंद कर दी थी।

बेंगलुरु के संगीतकार रिकी केज ने जीता तीसरा ग्रैमी अवार्ड, बोले- ये भारत को समर्पित

भारतीय संगीतकार रिकी केज ने तीसरा ग्रैमी अवार्ड जीता है। बेंगलुरु के रहने वाले संगीतकार रिकी को उनकी एल्बम 'डिवाइन टाइड्स' के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अवार्ड जीतने के बाद उन्होंने ट्वीट किया- अभी-अभी मैने अपना तीसरा ग्रैमी पुरस्कार जीता है। अत्यंत आभारी हूं, स्पीचलेस हूं। मैं यह अवार्ड भारत को समर्पित करता हूं।

तुर्कीये में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.8 मापी गई

साउथ तुर्कीये में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई है। भूकंप के चलते कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

चिली के जंगलों में भीषण आग, अब तक 24 लोगों की मौत और 1,000 घायल

चिली में समर हीटवेव के चलते जंगलों में आग लग गई। आग में अब तक 24 लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 14 हजार हेक्टेयर (35 हजार एकड़) का इलाका जल गया। गृहमंत्री कैरोलिना टोहा ने कहा कि देशभर में आग लगने की 40 से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। आने वाले दिनों में स्थिति और खराब होने की चेतावनी दी गई है।

UP में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक, बाल विवाह में गिरफ्तारियां बंद करने की उठी मांग

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रविवार को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की कार्यकारणी की बैठक हुई। इसमें असम में बाल विवाह से जुड़ी गिरफ्तारियों का मामला भी उठा। बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि असम पुलिस को गिरफ्तारियों पर तुरंत रोक लगानी चाहिए। पर्सनल बोर्ड के सचिव मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी ने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता ठीक नहीं है, क्योंकि विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों को मानने वाले हैं। बोर्ड सरकार की किसी भी ऐसी कोशिश का विरोध करेगा। कार्यकारिणी में प्रस्ताव पास कर कहा गया कि देश मे नफरत का जहर घोला जा रहा है। धर्म परिवर्तन, धर्म प्रचार से जुड़े राज्यों में बने कानूनों का विरोध किया गया। उपासना स्थल अधिनियम 1991 को बनाए रखने की वकालत की गई।

दिल्ली में रेलवे में नौकरी के नाम पर 2 करोड़ से ज्यादा की ठगी, 2 अरेस्ट

दिल्ली पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.68 करोड़ रुपए का घोटाला किया था। गिरोह ने तमिलनाडु के 28 लोगों से ठगी की थी। मामले में अब आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।