असम के गुवाहाटी में फटासिल अंबरी इलाके की एक झुग्गी बस्ती में शुक्रवार शाम को आग लग गई। इसकी चपेट में आने से कई घर जलकर खाक हो गए। जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
तेलंगाना में महिला का अपहरण; मां-बाप बोले- घर में 100 युवक घुसे और बेटी को उठा ले गए
तेलंगाना के आदिबातला में एक महिला का उसके घर से अपहरण कर लिया गया है। महिला के माता-पिता का आरोप है कि उसके घर में करीब 100 युवक घुस आए। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और उनकी बेटी वैशाली को जबरन उठाकर ले गए हैं। पुलिस के अधिकारियों ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीएम ने G20 प्रेसीडेंसी को लेकर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के सीएम संग बैठक की
पीएम मोदी ने शुक्रवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के सीएम और राज्यपालों की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें भारत की G20 प्रेसीडेंसी से संबंधित पहलुओं पर चर्चा हुई।
हंगामे के बाद राज्यसभा में पेश हुआ यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल
यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल शुक्रवार को राज्यसभा में पेश किया गया। बीजेपी सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने जब यह बिल पेश किया तो विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पूछा कि इसे पेश क्यों नहीं किया जा सकता?
विपक्ष ने बिल पेश करने को लेकर वोटिंग कराने की मांग उठाई। इसके बाद राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ ने इसे रोकने की विपक्ष की मांग के बाद वोटिंग कराई। वोटिंग में बिल पेश करने के समर्थन में 63 और विरोध में 23 वोट मिले। इससे साथ हीविपक्ष की मांग खारिज हुई और सरकार को विधेयक पेश करने की अनुमति मिल गई।
MCD के नतीजे आने के बाद कांग्रेस के दो पार्षद AAP में शामिल, कांग्रेस के पास अब सिर्फ 7 पार्षद
दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के तीसरे दिन ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली के बृजपुरी वार्ड से कांग्रेस पार्षद नाजिया खातून और मुस्तफाबाद वार्ड से पार्षद सबिला बेगम के अलावा दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेंहदी भी AAP में शामिल हुए हैं। एमसीडी में कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं, अब उसके पास सिर्फ 7 सीटें रह गई हैं।
तेलंगाना के सीएम केसीआर ने पार्टी मुख्यालय पर भारत राष्ट्र समिति का झंडा फहराया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शुक्रवार को हैदराबाद में पार्टी मुख्यालय पर भारत राष्ट्र समिति का झंडा फहराया। गुरुवार को चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी के पुराने नाम टीआरएस को बीआरएस से बदलने की मंजूरी दी है।
पीएम के मोरबी दौरे पर ट्वीट करने वाले साकेत गोखले को जमानत मिली
पीएम मोदी को बदनाम करने के आरोप में गिरफ्तार हुए टीएमसी प्रवक्ता साकेत गोखले को जमानत मिल गई है। टीएमसी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। गोखले ने गुजरात के मोरबी ब्रिज हादसे के बाद पीएम के दौरे को लेकर ट्वीट किया था। साकेत ने कहा था कि मोदी की मोरबी विजिट पर 30 करोड़ खर्च हुए।
YSRTP प्रमुख शर्मिला को पुलिस ने हिरासत में लिया
तेलंगाना वाईएसआरटीपी प्रमुख वाईएस शर्मिला ने केसीआर सरकार पर उनके मार्च को रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मेरी बस जला दी गई और समर्थकों को पीटा गया है। फिलहाल वे पुलिस की हिरासत में हैं।
दरअसल, वारंगल पुलिस उन्हें पदयात्रा करने की अनुमति नहीं दे रही थी। इसके विरोध में वो तांग बुंद अंबेडकर प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गईं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। शर्मिला ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि पुलिस कोर्ट की अनुमति के बाद भी उन्हें पदयात्रा नहीं करने दे रही है।
इंडोनेशिया में कोयला खदान में विस्फोट, 9 मजदूरों की मौत 2 घायल
इंडोनेशिया के सुमात्रा में शुक्रवार को एक कोयला खदान में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 9 लोगों मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गए। वहीं, एक मजदूर लापता बताया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।
CM योगी की बदमाशों को चेतावनी, बोले- आज एक चौराहे पर बहन-बेटी को छेड़ोगे तो अगले पर पुलिस ढेर कर देगी
CM योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। यहां VSSD कॉलेज ग्राउंड में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। CM योगी ने बदमाशों को खुले मंच से चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "पहले ऐसे शरारती तत्व रहते थे जो एक चौराहे पर किसी बहन-बेटी को छेड़ते थे और दूसरे पर डकैती डालते थे। वो आज ऐसा नहीं कर पाएंगे। करेंगे तो अगले चौराहे पर पुलिस ढेर कर देगी। पढ़ें पूरी खबर...
एनके सिंह बोले- नई पेंशन योजना को छोड़कर पुरानी पेंशन योजना लाना अविवेकपूर्ण कदम
15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह नई पेंशन योजना पर बहस हुई है, इसमें ठोस आर्थिक तर्क हैं। नई पेंशन योजना को छोड़कर पुरानी पेंशन योजना को वापस लाना अविवेकपूर्ण कदम होगा। इसे लागू करने वाले राज्यों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
ISRO ने हाइपरसोनिक वाहन का परीक्षण किया
ISRO ने शुक्रवार को हाइपरसोनिक वाहन का परीक्षण किया। इसरो ने एक बयान जारी कर कहा कि परीक्षण में हाइपरसोनिक सभी पैमानों पर खरा साबित हुआ। हाइपरसोनिक एक ऐसा वाहन है, जो ध्वनि की गति से कम से कम चार गुना तेज चलता है।
रोहित, कुलदीप सेन और दीपक चाहर अगले मैच में नहीं खेलेंगे, कुलदीप यादव को किया गया शामिल
वनडे सीरीज को गंवा चुकी टीम इंडिया के लिए बुरी खबर है कि कप्तान रोहित शर्मा, कुलदीप सेन और दीपक चाहर 10 दिसंबर को खेले जाने वाले आखिरी वनडे मैच में नहीं खेलेंगे। BCCI ने मीडिया को जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोहित को दूसरे वनडे में फील्डिंग के दौरान चोट लग गई थी। वह मुंबई वापस चले गए हैं। अगले मैच में वह, कुलदीप सेन और दीपक चाहर नहीं खेलेंगे।
कुलदीप सेन ने डेब्यू मैच के बाद पीठ में खिंचाव की शिकायत की थी। वहीं दीपक चाहर को भी दूसरे मैच में चोट लग गई थी। दोनों नेशनल क्रिकेट एकेडमी बेंगलुरु में रिपोर्ट करेंगे। जबकि तीसरे वनडे के लिए कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम मीटिंग की डीटेल मांगने वाली याचिका खारिज; कोर्ट ने कहा- इन चर्चाओं को जनता के सामने नहीं रख सकते
सुप्रीम कोर्ट ने जजों की नियुक्ति पर कॉलेजियम पैनल की मीटिंग की डीटेल सार्वजनिक करने वाली याचिका खारिज कर दी। जस्टिस डीवाय चंद्रचूड़ ने कहा कि इन चर्चाओं को जनता के सामने नहीं रखा जा सकता है। कॉलेजियम मीटिंग में जो भी चर्चा की गई है, वह सार्वजनिक डोमेन में पब्लिश नहीं होगी। केवल अंतिम निर्णय को अपलोड किया जाएगा।
मामला 12 दिसंबर, 2018 को दो जजों की नियुक्ति पर कॉलेजियम मीटिंग डीटेल सार्वजनिक करने से जुड़ा था, जिसे कभी सार्वजनिक नहीं किया गया। याचिकाकर्ता, एक्टिविस्ट अंजलि भारद्वाज ने RTI के तहत विवरण मांगा था, लेकिन इसे अस्वीकार कर दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने इस फैसले को चुनौती दी थी।
लखनऊ के होटल में लगी भीषण आग
लखनऊ में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। चारबाग के होटल रंगोली के बेसमेंट में बने बेस्ट बिरियानी रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में एक युवक की जलकर मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होटल में उस वक्त 7 लोग ठहरे थे। सभी नासिक से शादी में शामिल होने आए थे। घटना रात साढे 9 बजे की है। 11 बजे तक धुआं और लपटें दूर तक देखी गईं। पढ़ें पूरी खबर...
TMC प्रवक्ता साकेत गोखले दोबारा गिरफ्तार
TMC प्रवक्ता साकेत गोखले को गुजरात पुलिस ने फेक ट्वीट केस में दोबारा अरेस्ट कर लिया गया है। डेरेक ओ'ब्रायन ने ट्वीट कर गुजरात पुलिस पर गोखले को परेशान करने का आरोप लगाया है। ACP साइबर क्राइम जितेंद्र यादव ने कहा कि मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एम वी चौहान ने TMC नेता की पुलिस हिरासत पूरी होने और अदालत में पेशी के बाद उन्हें जमानत दे दी थी, लेकिन इसके तुरंत बाद उन्हें मोरबी पुलिस ने वहां दर्ज एक अन्य अपराध में गिरफ्तार कर लिया।
आंध्र प्रदेश: विजयवाड़ा में स्विमिंग पूल में क्लोरीन गैस लीक, 10 से ज्यादा छात्रों की तबीयत बिगड़ी
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा जिले में एक नगरपालिका स्विमिंग पूल में क्लोरीन गैस लीक हो गई। इसके चलते दस से अधिक छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी बच्चों की उम्र 8 से 14 साल के बीच है।
अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में जिहादी हमले में 12 की मौत
अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में जिहादी हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक मारे गए लोगों में अधिकांश आर्म्ड फोर्सेज के सपोर्ट करने वाले नागरिक वॉलिंटियर्स थे। यह हमला बुधवार को मध्य-उत्तर क्षेत्र के बोआला में हुआ। बता दें दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक बुर्किना 2015 से जिहादी हमलों से जूझ रहा है।
दिल्ली में टॉयलेट के अंदर 3 साल के बच्चे का शव मिला, मौत की वजह साफ नहीं
दिल्ली के झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार रात एक टॉयलेट के अंदर 3 साल के बच्चे का शव मिला है। उसके शव के पास से बिस्किट का पैकेट और कुछ पैसे मिले हैं। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच जारी है।
असम में एक हजार ब्रू उग्रवादी 12 दिसंबर को सरेंडर करेंगे
असम के हैलाकांदी में 12 दिसंबर को एक फॉर्मल सेरेमनी में करीब 1000 ब्रू उग्रवादी हथियार डालेंगे। हैलाकांदी के पुलिस अधीक्षक नबनीत महंत ने गुरुवार को कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक लिबरेशन फ्रंट ऑफ बराक वैली और ब्रू रिवोल्यूशनरी आर्मी ऑफ यूनियन के सदस्य औपचारिक रूप से मिजोरम के साथ राज्य की सीमा से 28 किमी दूर कतलीचेरा में सरेंडर करेंगे।
केंद्र, मिजोरम और त्रिपुरा की राज्य सरकारों और मिजोरम ब्रू विस्थापित पीपुल्स फोरम ने 2018 में ब्रू परिवारों के देश लौटने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर कर मुख्यधारा में लौटने के लिए संगठनों के साथ बातचीत शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक दोनों संगठन 90 के दशक में असम-मिजोरम के सीमावर्ती क्षेत्रों में, विशेष रूप से हैलाकांदी जिले में सक्रिय थे।
NIA ने PFI से जुड़े मामले में कर्नाटक और केरल में कई जगहों पर छापेमारी की
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े एक आतंकी मामले में दो राज्यों में छापेमारी की। यह छापेमारी केरल के कोझिकोड जिले और कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में तीन ठिकानों पर की गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक यह मामला PFI के पदाधिकारियों, सदस्यों और कैडरों द्वारा रची गई एक आपराधिक साजिश से संबंधित है, जो केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने और विदेश से धन जुटाने के लिए रची गई थी।
तरनतारन बम ब्लास्ट के मास्टरमाइंड बिक्रमजीत सिंह को NIA ने किया गिरफ्तार
NIA ने तरनतारन बम ब्लास्ट के मास्टरमाइंड बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। बिक्रमजीत को उसके प्रत्यर्पण के बाद ऑस्ट्रिया के लिंज के अधिकारी ने इंटरपोल के अधिकारियों के सहयोग से गिरफ्तार किया है। साल 2016 में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल की हत्या की साजिश रची गई थी। वे स्वर्ण मंदिर जा रहे थे तभी तरनतारन में उन पर दो बम फेंके गए। इसमें 2 लोगों की मौत हुई थी।
जम्मू-कश्मीर: डल झील पर हाउसबोट फेस्टिवल का आयोजन
सर्दियों के मौसम में कश्मीर घाटी में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए श्रीनगर में डल झील पर हाउसबोट फेस्टिवल आयोजित हुआ। इस दौरान हाउसबोट और शिकारे को दुल्हन की तरह सजाया गया। कश्मीर के पर्यटन और संस्कृति पर आधारित फोटो बूथों का भी आयोजन किया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.