IAS अधिकारी विक्रम देव दत्त नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) में अगले महानिदेशक होंगे। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने शनिवार को उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में मिल की छत और दीवार गिरी, 4 लोगों की मौत, 6 घायल
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार को एक मिल की छत और दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। हादसा करैरा में हुआ। यहां झांसी-शिवपुरी हाइवे पर श्योपुरा गांव के पास मूंगफली का मिल है। शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे अचानक मिल की छत और दीवार गिर गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...
एयरफोर्स सार्जेंट ने राजधानी एक्सप्रेस में बम होने की फर्जी कॉल की, गिरफ्तार
नई दिल्ली रेवले स्टेशन पर शनिवार को एक शख्स ने कॉल करके दिल्ली से मुंबई जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी। यह कॉल शाम 4.15 बजे आया। इसके तुरंत बाद दिल्ली पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने ट्रेन में सर्चिंग शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले शख्स की पहचान की गई और उसकी डिटेल निकाली गईं। छानबीन के दौरान कॉल करने वाला आरोपी ट्रेन में नशे में धुत मिला।
गिरफ्तारी के बाद उसने बताया कि उसने ट्रेन को रोकने के लिए झूठा कॉल किया था। उसकी पहचान भारतीय वायुसेना के सार्जेंट सुनील सांगवान के तौर पर हुई है। वह मुंबई के सांता क्रूज में एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेपाल से लौट रहे यूपी के श्रद्धालुओं की बस पलटी, 60 लोग घायल
नेपाल से लौट रहे भारतीय श्रद्धालुओं की बस शनिवार को अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में कम से कम 60 यात्री घायल हो गए। बस में यूपी के गोरखपुर जिले के पीपीगंज व कैंपिरगंज के 70 श्रद्धालु सवार थे, जो नेपाल के त्रिवेणी धाम से लौट रहे थे। हादसा थूथिबाड़ी सीमा से 500 मीटर दूर भारत-नेपाल सीमा पर हुआ।
क्रिकेटर उमेश यादव के साथ 44 लाख रुपए की धोखाधड़ी, दोस्त पर केस दर्ज
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव के साथ उनके दोस्त और उनके पूर्व मैनेजर शैलेश ठाकरे ने कथित रूप से 44 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। महाराष्ट्र के नागपुर में उनके नाम पर एक प्लॉट खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी की गई। नागपुर के रहने वाले उमेश यादव की शिकायत पर शैलेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नागपुर DCP अश्विनी पटेल ने बताया कि उमेश ने अपने नाम से एक संपत्ति खरीदने के लिए शैलेश ठाकरे को 44 लाख रुपए दिए थे। शैलेश ने उमेश यादव के नाम पर न लेकर खुद के नाम से संपत्ति खरीदकर धोखाधड़ी की।
कोहरे के कारण फ्लाइट का समय बदला लेकिन एजेंट ने पैसेंजर्स को नहीं बताया, स्कूट एयरलाइंस का DGCA को जवाब
सिंगापुर की बजट एयर लाइन स्कूट 18 जनवरी को 17 पैसेंजर्स के बिना अमृतसर हवाई अड्डे से रवाना हो गई थी। DGCA ने एयरलाइन से इस बारे में रिपोर्ट मांगी थी। एयरलाइन ने शनिवार को जवाब दिया। एयरलाइन ने कहा कि उस दिन फ्लाइट का समय कोहरे के कारण बदल दिया गया था। उनके ट्रैवल एजेंट ने पैसेंजर्स को समय में बदलाव के बारे में सूचित नहीं किया। इस कारण पैसेंजर्स प्लेन में सवार नहीं हो पाए।
कोलकाता में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प, कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी घायल
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के कार्यकर्ताओं कथित हमले किए। इसके विरोध में शनिवार को ISF के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई। इसमें कई पुलिसकर्मी और आंदोलनकारी घायल हो गए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एकमात्र ISF विधायक नौशाद सिद्दीकी को हिरासत में लिया गया है।
केंद्र ने PM मोदी को लेकर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री शेयर करने वाले ट्वीट्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया
केंद्र सरकार ने PM नरेंद्र मोदी की आलोचना वाली BBC की डॉक्यूमेंट्री शेयर करने वाले ट्वीट ब्लॉक करने का आदेश दिया है। डॉक्यूमेंट्री के YouTube के लिंक जिन ट्वीट के जरिए शेयर किए गए हैं उनको भी ब्लॉक कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं। डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड के YouTube पर शेयर किए गए सभी वीडियो को ब्लॉक करने को कहा गया है। ट्विटर को डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के यूट्यूब वीडियो के लिंक वाले 50 से अधिक ट्वीट्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है।
मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे,मिस्र की सेना की टुकड़ी भी परेड में भाग लेगी
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति अल-सिसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत का दौरा कर रहे हैं। यह पहली बार है कि अरब गणराज्य मिस्र के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। मिस्र की सेना की एक टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी।
CBI ने मुंबई, भोपाल में 18 ठिकानों पर छापे मारे, 94 लाख रुपए बरामद
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने 2014-2016 के दौरान विदेश भेजे गए अवैध धन से जुड़े तीन मामलों में मुंबई और भोपाल में 18 जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान 94.37 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी बरामद किए गए।
मेरिटल रेप को अपराध बनाने का विरोध, NGO ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की
मेरिटल रेप को अपराध बनाने का एक NGO ने विरोध किया है। NGO पुरुष आयोग ट्रस्ट ने अध्यक्ष बरखा त्रेहन के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अर्जी में कहा गया है कि ऐसा करना विवाह संस्था को अस्थिर कर देगा। अर्जी में मेरिटल रेप के अपराधीकरण और भारतीय दंड संहिता (IPC) के उस प्रोविजन से संबंधित याचिकाओं में कोर्ट से दखल की मांग की गई है जो जबरन यौन संबंध के लिए वयस्क पत्नी के पति को सुरक्षा प्रदान करता है।
यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज साइट के रूप में मान्यता के लिए असम के अहोम मैदाम्स का नाम भेजा
यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज साइट के रूप में मान्यता के लिए भारत की ओर से असम के अहोम ‘मैदाम्स' (शाही परिवारों का विश्राम स्थल) का नाम भेजा गया है। यहा देश की ओर से एकमात्र नामांकन है। असम के CM हिमंत सरमा ने यह जानकारी दी।
जम्मू के नरवाल इलाके में 2 धमाके, 6 लोग घायल; सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा
जम्मू के नरवाल में शनिवार को दो धमाके हुए हैं। इनमें 6 लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लास्ट के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चल रहा है। यह धमाके जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री के एक दिन बाद हुए हैं। हालांकि, ब्लास्ट वाली जगह यात्रा से 58 km की दूरी पर है।
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में TMC नेता कुंतल घोष गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में ED ने TMC नेता कुंतल घोष को गिरफ्तार किया है। उन पर 19 करोड़ रुपए घूस लेने का आरोप है। ED का कहना है कि कुंतल से शनिवार को 24 घंटे तक पूछताछ की गई, लेकिन वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। उनके घर से कई दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इसके बाद जांच एजेंसी ने कुंतल को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
जम्मू-कश्मीर के बिलावर में खाई में गिरी मिनी बस, 5 की मौत और 15 घायल
जम्मू-कश्मीर के बिलावर में सड़क हादसा हो गया। धानु पैरोल गांव में एक मिनी बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों की पहचान बंटू, हंस राज, अजीत सिंह, अमरू और काकू राम के रूप में हुई है।
कर्नाटक BJP नेता प्रवीण नेतारू मर्डर केस में NIA की कार्रवाई, PFI के 20 सदस्यों के खिलाफ चार्जशीट दायर की
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा युवा मोर्चा के नेता प्रवीण नेतारू की हत्या मामले में NIA ने प्रतिबंधित संगठन PFI के 20 सदस्यों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। एजेंसी ने बेंगलुरु के स्पेशल कोर्ट में IPC की धारा 120बी, 153ए, 302 और 34 और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 16, 18 और 20 के तहत चार्जशीट दायर की है।
जिन 20 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है उनमें से 6 लोग फरार हैं। उनकी सूचना देने वालों के लिए इनाम भी घोषित किए हैं।
अर्जेंटीना में 6.5 तीव्रता का भूकंप आया, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
अर्जेंटीना में सुबह 3:39 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.5 मापी गई। अभी तक इस भूंकप में किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
न्यूजीलैंड के अगले प्रधानमंत्री होंगे 44 साल के क्रिस हिपकिंस; 2008 में पहली बार सांसद चुने गए थे
क्रिस हिपकिंस न्यूजीलैंड के अगले प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के लीडर होंगे। वो नए PM की रेस में एकमात्र कैंडिडेट थे, जिसके बाद ये फैसला लिया गया। उन्हें अभी भी 22 जनवरी को न्यूजीलैंड के लेबर कॉकस की औपचारिक रूप से समर्थन की आवश्यकता होगी।
44 साल के क्रिस हिपकिंस 2008 में पहली बार सांसद चुने गए थे। फिलहाल वो पुलिस, एजुकेशन एंड पब्लिक सर्विस मिनिस्टर हैं। जैसिंडा अर्डर्न के फरवरी में इस्तीफा देने के बाद क्रिस PM पद संभालेंगे। हालांकि वो कब तक इस पद पर बने रहेंगे, इसकी जानकारी नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि न्यूजीलैंड में अक्टूबर 2023 में आम चुनाव होंगे।
लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट मामले में NIA की छापेमारी, जब्त किए 10.16 लाख रुपए
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने लुधियाना कोर्ट बम विस्फोट मामले में आज यानी शुक्रवार (20 जनवरी) को पंजाब में दो जगहों पर छापा मारा। इस छापेमारी में NIA ने 10,16,000 रुपए की नकदी, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और आपत्तिजनक सामग्री वाली डायरी जब्त करने का दावा किया है।
23 दिसंबर 2021 को लुधियाना कोर्ट में बम विस्फोट हुआ था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हो गए थे। इस मामले में NIA ने 02 दिसंबर 2022 को आतंकवादी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था।
भारतीय मूल की निक्की हेली लड़ सकती हैं US राष्ट्रपति चुनाव, बोलीं- बाइडेन का नहीं हो सकता दूसरा कार्यकाल
रिपब्लिकन पार्टी की प्रमुख नेता निक्की हेली 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में लड़ने की ओर इशारा किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि वो 'नई नेता' हो सकती हैं और देश को एक नई दिशा में ले जा सकती हैं। उन्होंने कहा- अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडेन का दूसरा कार्यकाल नहीं होना चाहिए।
ब्रिटिश सिख आर्मी ऑफिसर ने बनाया रिकॉर्ड, -50 डिग्री सेल्सियस तापमान में अकेले अंटार्कटिका में 1,397 किमी की यात्रा की
33 साल की ब्रिटेन की भारतीय मूल की महिला सिख सैन्य अधिकारी कैप्टन हरप्रीत चांडी ने लंबे समय तक अकेले बिना किसी मदद के ध्रुवीय क्षेत्रों में अपने अभियान को पूरा करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। चांडी एक फिजियोथेरेपिस्ट भी हैं। उन्होंने अंटार्कटिका में 1,397 किमी की यात्रा अकेले पूरी की। वह -50 डिग्री सेल्सियस तापमान में अकेले चुनौतियों से जूझती हुई आगे बढ़ीं। हरप्रीत को पोलर प्रीत के नाम से भी जाना जाता है। इससे पहले उन्होंने साउथ पोल पर अकेले यात्रा करने का रिकॉर्ड बनाया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.