यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ता देख दिल्ली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
बता दें कि जेपी नड्डा ने विदेश में दिए राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस मानसिक दिवालियापन की ओर बढ़ रही है। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी अध्यक्ष के घर के बाहर जमा हुए थे।
आज की अन्य बड़ी खबरें...
जयपुर में निर्माणाधीन दुकान की छत ढही, 6 घायल; धमाके के साथ गिरने पर मलबे में दबे
जयपुर में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन दुकान की छत ढह गई। हादसे में मलबे में दबने से छह मजदूर घायल हो गए। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से घायलों को बाहर निकाला। घायल मजदूरों को कांवटिया हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घायल एक मजदूरी का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दूसरी मंजिल की छत डालते समय हादसा हुआ है। पूरी खबर पढ़िए...
संयुक्त किसान मोर्चा ने 20 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में बुलाई महापंचायत, केंद्र को घेरने की तैयारी
संयुक्त किसान मोर्चा ने 20 मार्च दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत बुलाई है। किसान सुबह 10 बजे से शाम 3:30 बजे यहां बैठक करेंगे। इस दौरान किसान एमएसपी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।
CBSE ने 1 अप्रैल से पहले नया सेशन शुरू करने के खिलाफ स्कूलों को चेतावनी दी
CBSE ने 1 अप्रैल से पहले नया सेशन शुरू करने के खिलाफ स्कूलों को चेतावनी दी है। बोर्ड सचिव अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि कम समय सीमा में सिलेबस को पूरा करने के लिए सेशन को समय से पहले शुरू करने से छात्रों में चिंता और थकान पैदा होती है। पढ़ें पूरी खबर...
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान बैरिकेड्स गिरे, कर्नाटक के विजयपुरा की घटना
कर्नाटक के विजयपुरा में शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को ला रहे हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान वहां लगे बैरिकेड्स गिर गए। घटना एक स्कूल परिसर की है। लोगों को रोकने के लिए लगे बैरिकेड्स हेलिकॉप्टर के पंखे के हवा के दबाव के कारण गिरे। हालांकि बैरिकेड्स के आसपास कोई नहीं था, इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ।
मध्य प्रदेश की चंबल नदी में डूबे MP के 8 श्रद्धालु, करौली में कैलादेवी के दर्शन करने जा रहे थे
मध्य प्रदेश से कैला देवी के दर्शन करने जा रहे 8 पदयात्री चंबल नदी में डूबने की खबर आ रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। मामला करौली जिले के मंडरायल थाना इलाके के रोधई घाट क्षेत्र का है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंचा विदेशी मुद्रा भंडार, घटकर 560 अरब डॉलर पर आया
10 मार्च 2023 को खत्म हुए हफ्ते में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.39 अरब (बिलियन) डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। यह 560 अरब डॉलर पर आ गया है, जो 3 महीने का निचले स्तर है। इससे पहले 3 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.46 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 562.40 अरब डॉलर पर था। 10 मार्च को खत्म हुए हफ्ते के दौरान देश के सोने के भंडार का मूल्य भी घटा है। इस दौरान यह 11 करोड़ डॉलर घट कर 41.92 अरब डॉलर रह गया है
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में नदी में बहे 6 लोग, 4 की मौत; 2 लापता
उत्तर प्रदेश सोनभद्र में बड़ा हादसा हो गया। यहां शुक्रवार शाम बारिश के कारण नदी में आए तेज बहाव में 6 लोग बह गए। इसमें 4 की मौत हो गई। जबकि 2 लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है। मृतकों में 3 महिलाएं और एक बच्चा है। हादसा रामपुर बरकोनिया में घाघर नदी में हुआ है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
महाराष्ट्र में धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम आयोजित करवाने वाले लोगों को पुलिस ने नोटिस भेजा
महाराष्ट्र पुलिस ने मीरा रोड में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का आयोजन कर रहे लोगों को CrPC की धारा 149 के तहत नोटिस भेजा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये नोटिस अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की शिकायत मिलने के बाद जारी किया गया।
NGT ने कोच्चि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन पर 100 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स के उल्लंघन का आरोप
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने कोच्चि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) पर 100 करोड़ रुपए का भारी जुर्माना लगाया है। ये जुर्माना कोच्चि के ब्रहापुरम में वेस्ट डंप साइट पर लगी आग के मामले में लगाया गया है। NGT ने अपने आदेश में कहा कि केरल सरकार और KMC अपनी ड्यूटी निभाने में पूरी तरह से असफल रहे हैं। उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स का उल्लंघन किया है।
कोच्चि के ब्रहापुरम में वेस्ट डंप साइट पर दो मार्च को आग लग गई थी। आग को उसी दिन बुझा लिया गया था। लेकिन, जले हुए प्लास्टिक से कई दिनों तक धुंआ निकलता रहा था। इससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई थी।
NGT ने एक महीने के अंदर जुर्माना जमा करने के लिए कहा है। इस पैसे का इस्तेमाल जहरीले धुंए की वजह से हेल्थ प्रॉबल्म झेलने वाले लोगों की भलाई के लिए किया जाएगा।
कश्मीर के पुलवामा में बस पलटी; बिहार के 4 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर
कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में शनिवार सुबह एक बस पलट गई। इसमें बिहार के 4 लोगों की मौत हो गई। 3 लोगों की मौत हॉस्पिटल ले जाते समय हुई, वहीं 1 ने हॉस्पिटल में दम तोड़ा। 10 से ज्यादा घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। कई और लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों के पहचान बिहार के नसरुद्दीन अंसारी, राजकिरण दास, सलीम अली और कैशर आलम के रूप में हुई है।
मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को सरकारी घर खाली करने का नोटिस; भाजपा ने पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों
दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के परिवार से सरकारी बंगला खाली करने के लिए कहा गया है। उनके बंगले दिल्ली सरकार के नए मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी को अलॉट किए गए हैं। दिल्ली सरकार के PWD डिपार्टमेंट ने बंगला खाली करने के लिए उन्हें 21 मार्च तक का समय दिया गया है।
भाजपा ने सवाल किया है कि मनीष सिसोदिया का घर खाली करवाने की इतनी जल्दी क्यों है। वहीं आप ने इसके पीछे की वजह कानून को बताया है, जिसके तहत मंत्रिपद से इस्तीफा देने के 15 दिनों के अंदर सरकारी बंगला खाली करना होता है।
मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने 28 फरवरी को इस्तीफा दिया था, जिसे राष्ट्रपति ने 7 मार्च को स्वीकार किया था।
ब्राजील के साओ पाउलो में हेलिकॉप्टर क्रैश, 4 लोगों की मौत
ब्राजील के साओ पाउलो में शुक्रवार देर रात एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि क्रैश की वजह से इलाके में 9 गाड़ियां प्रभावित हुई। हालांकि, हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की अमेरिका में नो एंट्री
वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच फ्लोरिडा में होने वाले ATP टूर्नामेंट मियामी ओपन में नहीं खेलेंगे। इसकी पुष्टि शनिवार को आयोजकों ने की।
दरअसल, जोकोविच ने कोरोना वैक्सीन का टीका नहीं लगवाया है। वहीं अमेरिकी नीतियों के मुताबिक बिना कोरोना वैक्सीन लगवाए व्यक्ति को US में एंट्री नहीं दी जाती है। इसी वजह से जोकोविच ने कैलिफोर्निया में 6 मार्च से 19 मार्च के बीच होने वाले इंडियन वेल्स से भी अपना नाम वापस ले लिया था
पुलवामा में मुठभेड़, जंगल में छिपे हैं 2 आतंकी
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के मित्रीगम में सुरक्षाबलों की आंतकियों के साथ मुठभेड़ चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षाबलों को जंगल में दो आंतकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश की जा रही है।
G20 सम्मेलन के लिए आए फूलों की चोरी; गाड़ी से आए 2 चोर, चौक पर रखे गमले उठा ले गए
महाराष्ट्र के नागपुर में लग्जरी कार से आए दो चोरों ने चौराहे पर सजे कुछ पौधे चोरी कर लिए। इन पौधों के गमले G20 सम्मेलन में शहर को सजाने के लिए रखे गए थे। नागपुर में 20-22 मार्च को G20 की बैठक होनी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की उम्र 25 साल और 22 साल है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.